हिमाचल में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, गुजरात के 6 पर्यटकों की मौत

हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंबा-नूरपुर हाईवे पर गुजरात के पर्यटकों से भरी एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हिमाचल में दर्दनाक हादसा... | Image Source: नवजीवन
हिमाचल में दर्दनाक हादसा... | Image Source: नवजीवन

नई दिल्ली/शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ककीरा क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब तेज बारिश और खराब मौसम के बीच एक इनोवा क्रिस्टा अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इनोवा क्रिस्टा में गुजरात के पर्यटक सवार थे, जो मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। इसी दौरान Chamba-Nurpur National Highway (NH 154A) पर ककीरा के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी, जिससे सड़क काफी फिसलन भरी हो गई थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 11 मई 2026 की सुबह करीब 3 बजे से 4 बजे के बीच यह हादसा हुआ। वाहन संख्या HP01M-2961 डलहौजी से मनाली की ओर जा रहा था, तभी ककीरा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा भी मौके पर मौजूद रहे। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में ललित भाई फटनानी, ममता बेन पत्नी ललित भाई, काजल पत्नी प्रियंक कनहिया, दियांश पुत्र प्रियंक कनहिया और प्रियंक कनहिया लाल शामिल हैं। ये सभी गुजरात के निवासी बताए गए हैं।

इसके अलावा जसवंत पुत्र हरी सिंह निवासी गांव कोहरा, डाकघर संथाल, तहसील जोगिंद्र नगर, जिला मंडी, उम्र 51 वर्ष की भी इस हादसे में मौत हुई है।