गाजियाबाद में चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार की जान, गर्दन कटने से रवि राज की मौत

गाजियाबाद: स्वतंत्रता दिवस के दिन गाजियाबाद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बाइक सवार की जान ले ली। हादसा एनएच-9 पर कौशांबी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां बाइक से जा रहे 27 वर्षीय रवि राज की गर्दन में हवा में लटका मांझा उलझ गया। धारदार डोर से गंभीर चोट लगने के बाद वह बाइक से गिर पड़े।

रवि राज नोएडा के अकबरपुर बहरामपुर के रहने वाले थे और ऑनलाइन डिलीवरी का काम करते थे। हादसे के समय वह अपने साथी नरेश के साथ बाइक से दिल्ली के गाजीपुर की ओर जा रहे थे। मांझे की चपेट में आने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अस्पताल में नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल रवि को अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जांच शुरू कर दी है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रवि घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ मौजूद नरेश कपड़े की मदद से खून रोकने की कोशिश करते नजर आए।

प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल

हादसे ने एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह धारदार मांझा बाइक सवारों, राहगीरों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। स्वतंत्रता दिवस के आसपास पतंगबाजी बढ़ने के कारण ऐसे हादसों का जोखिम भी बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बाजार में उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से इसकी अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली में चाइनीज मांझे पर वर्ष 2017 से प्रतिबंध लागू है और इसके उत्पादन, भंडारण, बिक्री तथा इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। बावजूद इसके, गाजियाबाद की यह घटना प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी पर सवाल खड़े करती है।