सिया गोयल के पिता की दुकान पर FDA की छापेमारी, ₹8 लाख से अधिक का सामान जब्त

पुणे: पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सिया गोयल के पिता की मसाले और ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर छापेमारी कर ₹8 लाख से अधिक मूल्य के खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन पाए जाने का दावा किया गया।

एफडीए अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान दुकान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) से जुड़े कई नियमों का पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा, महाराष्ट्र एफडीए ने सिया गोयल के परिवार द्वारा संचालित मसाले और ड्राई फ्रूट्स के कारोबार को अगले आदेश तक बंद रखने का नोटिस भी जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के पालन और जांच पूरी होने तक व्यावसायिक गतिविधियां जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गौरतलब है कि सिया गोयल पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब एफडीए की कार्रवाई के बाद परिवार कानूनी जांच के एक और दायरे में आ गया है।