आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर की तैयारी, 40 में से 38 भवनों को गिराने का आदेश

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की महत्वाकांक्षी परियोजना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने विश्वविद्यालय परिसर में बने 40 में से 38 भवनों को अवैध निर्माण मानते हुए उनके ध्वस्तीकरण (गिराने) का आदेश जारी किया है। प्राधिकरण का कहना है कि इन भवनों का निर्माण बिना स्वीकृत भवन मानचित्र के किया गया था।

आरडीए के उपाध्यक्ष एवं रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच के बाद यह पाया गया कि अधिकांश भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृतियां नहीं ली गई थीं। इसके बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया।

प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को 15 दिनों का समय दिया है ताकि वह स्वयं इन भवनों को हटाए। यदि तय समय सीमा में ऐसा नहीं किया गया तो आरडीए प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर इन भवनों को ध्वस्त करेगा। अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में केवल मेडिकल कॉलेज और अकादमिक ब्लॉक के निर्माण को ही आवश्यक स्वीकृति प्राप्त थी, जबकि शेष 38 भवनों के संबंध में मंजूरी नहीं मिली थी।

यह विश्वविद्यालय आजम खान द्वारा स्थापित मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट संचालित करता है। विश्वविद्यालय और ट्रस्ट पहले से ही भूमि आवंटन और अन्य मामलों को लेकर कई कानूनी विवादों का सामना कर रहे हैं। इस कार्रवाई को उन्हीं मामलों की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।