मोहिनी सेंगर। नई दिल्ली
जुलाई के आंकड़े ने बढ़ाई उम्मीद, लेकिन आखिरी फैसला अभी बाकी
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते यानी DA को लेकर नया अपडेट सामने आया है। जुलाई 2026 का AICPI-IW डेटा जारी होने के बाद जनवरी 2027 के DA को लेकर तस्वीर कुछ साफ हुई है। मौजूदा गणना के मुताबिक DA करीब 64% तक पहुंच सकता है। हालांकि, इसे अभी फाइनल आंकड़ा नहीं माना जा सकता, क्योंकि अगले पांच महीनों के AICPI-IW आंकड़े भी इसमें शामिल होंगे।
जुलाई में कितना बढ़ा AICPI-IW?
लेबर ब्यूरो के मुताबिक जुलाई 2026 में All-India Consumer Price Index for Industrial Workers यानी AICPI-IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया। जून में यह 151.9 था। जुलाई में इस इंडेक्स की सालाना महंगाई दर 4.57% रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 2.66% थी।
64% का आंकड़ा आया कहां से?
DA की गणना 12 महीने के AICPI-IW औसत के आधार पर होती है। जनवरी 2027 के DA के लिए अगस्त 2025 से जुलाई 2026 तक के आंकड़ों का औसत करीब 149.21 रहा। इस आधार पर मौजूदा गणना करीब 64% तक पहुंच रही है। लेकिन अगस्त से दिसंबर 2026 के आंकड़े अभी आने बाकी हैं, इसलिए अंतिम DA इससे ऊपर या नीचे हो सकता है।
आपकी सैलरी पर कितना असर?
मान लीजिए किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है। अगर DA 60% से बढ़कर 64% होता है, तो DA ₹10,800 से बढ़कर ₹11,520 हो जाएगा। यानी सिर्फ DA में ₹720 प्रति महीने का अंतर होगा। इसी तरह ₹25,500 की बेसिक सैलरी पर 60% DA ₹15,300 होता है, जबकि 64% पर यह ₹16,320 हो जाएगा। यानी ₹1,020 ज्यादा। अगर बेसिक पे ₹44,900 है, तो 60% DA ₹26,940 और 64% DA ₹28,736 होगा। यानी करीब ₹1,796 प्रति महीने का फर्क पड़ेगा। ध्यान रहे, ये सिर्फ DA का कैलकुलेशन है। असली इन-हैंड सैलरी में HRA, TA और दूसरी कटौतियों का भी असर होता है।
अभी 64% को पक्का क्यों नहीं मानें?
जुलाई का डेटा जनवरी 2027 के DA की गणना शुरू करने वाला आंकड़ा है। अगले पांच महीनों के AICPI-IW नंबर आने के बाद ही पूरा हिसाब सामने आएगा। इसके बाद सरकार आधिकारिक तौर पर DA की दर पर फैसला करेगी। इसलिए फिलहाल 64% एक अनुमान है, फाइनल DA नहीं। फिलहाल इतना जरूर है कि जुलाई के AICPI-IW आंकड़े ने कर्मचारियों के लिए जनवरी 2027 में DA बढ़ने की उम्मीद मजबूत कर दी है।


