मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी की ‘पूर्व से पश्चिम संपर्क यात्रा’, वडनगर से वाराणसी तक 1,500 किमी

बीजेपी की पूर्व से पश्चिम संपर्क यात्रा वडनगर से वाराणसी तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बीजेपी वडनगर से वाराणसी तक 1,500 किमी की यात्रा निकालेगी।

रिपोर्टर प्रिया तिवारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बीजेपी देश के पूर्व से पश्चिम तक जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक करीब 1,500 किलोमीटर लंबी ‘पूर्व से पश्चिम संपर्क यात्रा’ निकाली जाएगी।

वाराणसी और वडनगर दोनों से एक साथ शुरुआत

इस यात्रा की शुरुआत वाराणसी और वडनगर दोनों जगहों से एक साथ होगी। दोनों स्थानों से बीजेपी की 10-10 टीमें रवाना होंगी। वाराणसी से निकलने वाली टीमें करीब एक महीने में वडनगर पहुंचेंगी, जबकि वडनगर से रवाना टीमें एक महीने में वाराणसी पहुंचेंगी।

रोज 100 किलोमीटर का सफर

बीजेपी की प्रत्येक टीम रोजाना करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। टीम में 10 से ज्यादा बाइक सवारों के साथ बसें और बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार और संबंधित राज्यों की बीजेपी सरकारों की उपलब्धियों का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।

हर पड़ाव पर होंगे चार कार्यक्रम

यात्रा के दौरान करीब 100 किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद जिस स्थान पर टीम रुकेगी, वहां चार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकारों के कामकाज को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

बीजेपी का यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर शुरू होकर करीब एक महीने तक चलेगा। पार्टी का फोकस इस यात्रा के जरिए आम लोगों के बीच जनसंपर्क बढ़ाने पर रहेगा।