
अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात में अपने विधायक चैतर वसावा के समर्थन में राज्यव्यापी विरोध अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या और दमन की राजनीति कर रही है।
AAP के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने बताया कि पार्टी 26 जून से तीन चरणों में प्रदेशव्यापी ‘सपोर्ट मार्च’ निकालेगी। पहले चरण में 26 जून को गुजरात के सभी जिलों में समर्थन मार्च आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 28 जून को राज्य की सभी 182 विधानसभा सीटों पर पार्टी कार्यकर्ता मार्च निकालेंगे। वहीं, तीसरे चरण में 30 जून को गुजरात के सभी वार्डों और जिला पंचायत क्षेत्रों में 1,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ ‘सपोर्ट मार्च’ आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का कहना है कि यह अभियान भाजपा सरकार के कथित दमन और चैतर वसावा के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में चलाया जाएगा। AAP ने दावा किया कि पूरे गुजरात में इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
