
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम (वेयरहाउस) का ढांचा अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बड़ी संख्या में मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। अब तक 13 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि कई अन्य के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय निर्माण स्थल पर करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लोहे की भारी बीम और छत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। कई मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य मलबे में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और अन्य आपदा राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना को भी बचाव अभियान में शामिल किया गया है। बचाव दल गैस कटर और भारी मशीनों की मदद से लोहे की बीमों को काटकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने हादसे के मद्देनजर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। प्रभावित लोगों के परिजन और अन्य नागरिक जानकारी के लिए 8697981070, 033-22143526 और 033-22535185 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। राहत एवं बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा।


