पेट्रोल पंप पर आग का तांडव, धमाकों से दहला राजगढ़

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार रात एक पेट्रोल पंप पर अचानक लगी भीषण आग ने अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई धमाके हुए, दर्जनों बाइक जल गईं और 12 लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक पेट्रोल पंप भीषण आग लगने से 12 लोग झुलसे... | Image Source: Jagran
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक पेट्रोल पंप भीषण आग लगने से 12 लोग झुलसे... | Image Source: Jagran

नई दिल्ली: राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे में सोमवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया जा रहा था, तभी अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग लगते ही कई धमाकों की आवाज सुनाई दी। इसी दौरान पास में खड़े डीजल से भरे टैंकर ने भी आग पकड़ ली। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। घटना में करीब एक दर्जन मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में 12 लोग झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। वहीं पांच अन्य घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर पालिका की टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। कई दमकल गाड़ियों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान आसपास के इलाके को खाली कराया गया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

सारंगपुर के SDOP Arvind Singh ने बताया कि शुरुआती जांच में बाइक में ईंधन भरते समय निकली चिंगारी को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा इंतजाम और मजबूत किए जाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।