जेवर एयरपोर्ट की पहली उड़ान में सफर करेंगे 172 किसान, लखनऊ में CM योगी से होगी मुलाकात

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) की पहली विशेष उड़ान में 172 किसान सफर करेंगे। खास बात यह है कि ये वही किसान हैं, जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने परियोजना में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए यह पहल की है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून को जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए एक विशेष उड़ान रवाना होगी, जिसमें भूमि देने वाले 172 किसान सवार होंगे। किसानों के साथ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। लखनऊ पहुंचने पर सभी किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को सम्मानित भी करेंगे। राज्य सरकार का मानना है कि स्थानीय किसानों के सहयोग के बिना देश की सबसे बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल जेवर एयरपोर्ट का निर्माण संभव नहीं हो पाता। यही वजह है कि पहली उड़ान को किसानों के नाम समर्पित किया गया है।

जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए हजारों एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। उस समय कई किसानों ने स्वेच्छा से अपनी जमीन परियोजना के लिए उपलब्ध कराई थी। सरकार लगातार यह कहती रही है कि एयरपोर्ट केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

क्षेत्र के किसानों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है। कई किसानों ने इसे अपने योगदान का सम्मान बताते हुए कहा कि उनकी जमीन पर बना एयरपोर्ट अब देश और दुनिया को जोड़ने का काम करेगा। प्रशासन ने भी इस विशेष कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर भारत की सबसे महत्वपूर्ण विमानन परियोजनाओं में गिना जाता है। सरकार को उम्मीद है कि इसके शुरू होने से क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।