हिमाचल में जमकर बर्फबारी

रोहतांग में ६ फुट और शिमला में आधा फुट बर्फ पड़ी

फोटो : वासु अहलूवालिया

हिमाचल की राजधानी शिमला में २०१९ की पहली बर्फबारी हुई जिससे यहाँ आये सैलानियों के चेहरे खिल गए और उन्होंने इसका जमकर लुत्फ़ उठाया। उधर मनाली और रोहतांग में भी जमकर बर्फबारी का लुत्फ़ उठाया। ऐसा ही नजारा मनाली और मैक्लोडगंज में भी दिखा।

शिमला में सुबह १०.३० बजे बर्फ पड़नी शुरू हुई और शाम पांच बजे तक पड़ती रही। उधर रोहतांग में छह फुट बर्फ पड़ी है। हिमाचल में बर्फ वाले इलाकों में प्रशासन ने पहली ही अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को किसी तरह का रिस्क न लेने की सलाह दी गयी है। कई जगह पारा ज़ीरो से नीचे चला गया है।

लगतार बर्फबारी से हिमाचल में तापमान में बड़ी गिराबट आई है। कुल्लू, लाहुल-स्पीति, किन्नौर, सिरमौर, चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों के पर्वतीय क्षेत्रों में चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। रोहतांग में ६ फुट, केलांग में डेढ़  , तांदी में १० ईंच, सिसु कोकसर में दो फुट, मढ़ी में ३, गुलाबा तीन फुट ताजा बर्फ़बारी हुई है। चम्बा और डलहौजी में भी खूब बर्फ पड़ी है।

लाहुल में भारी बर्फबारी के चलते बिजली, पानी, इंटरनेट और यातायात सेवा ठप हो गई है। वहीं कुल्लू जिला में दो दर्जन बस रूट प्रभावित हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने ”तहलका” को बताया कि   रविवार को बर्फबारी और बारिश होगी लेकिन सोमवार को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद ८ से लेकर ११ जनवरी तक फिर मौसम खराब हो सकता है।

पर्यटक स्थल मैक्लोडगंज में रविवार सुबह हिमपात होने के साथ पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है। इस साल की पहली बर्फबारी से ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर सफेद चादर ओढ़ा दी है। मैक्लोडगंज के नड्डी में रविवार को हुए हिमपात से पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। मैक्लोडगंज में चार साल के अंतराल के बाद हिमपात हुआ है। मैक्लोडगंज, भागसूनाग और नड्डी में हिमपात से कांगड़ा घाटी में शीतलहर बढ़ गयी है।