राजनाथ घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष बने

भाजपा ने जेटली को चुनाव प्रचार समिति का जिम्मा सौंपा

तीन राज्यों में हार का बड़ा झटका खाने के बाद भाजपा ने संगठन के स्तर  पर २०१९ के लोक सभा चुनाव और ९ विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए समितियों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने के  लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह को संकल्प पत्र समिति का अध्यक्ष बनाया है।

भाजपा की प्रेस रिलीज के मुताबिक समिति में राजनाथ के अलावा वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी और शिवराज सिंह चौहान जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

उधर चुनाव प्रचार समिति का जिम्मा अरुण जेटली को दिया गया है और इस समीति में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राज्यवर्धन सिंह राठौर और अनिल जैन को शामिल किया गया है।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को  उत्तरप्रदेश के लिए लोकसभा चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण दिल्ली की प्रभारी होंगी जबकि पूर्व मंत्री कलराज मिश्रा हरियाणा के प्रभारी होंगे।

वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना को त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर की जिम्मेदारी दी गयी है। पीयूष गोयल को तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की जिम्मेदारी दी गयी है। पार्टी महासचिव मुरलीधर राव कर्नाटक के लिए लोकसभा चुनाव प्रभारी होंगे।