शीला दीक्षित ने दिल्ली में नामांकन दाखिल किया

शीला दीक्षित ने दिल्ली में
नामांकन दाखिल किया
तहलका ब्यूरो
कांग्रेस उम्मीदवार और दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन  दाखिल किये। इनके आलावा मशहूर बॉक्सर विजेंदर सिंह भी अपना नामांकन दाखिल किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं दीक्षित ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से पर्चा भरा। यहां उनका मुकाबला भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और आप के दिलीप पांडे से होगा।
दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार और ओलंपिक पदक विजेता मशहूर बाॅक्सर विजेंदर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वे हरियाणा में पुलिस की नौकरी (डीएसपी) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
उधर पूर्व अध्यक्ष अजय माकन ने नई दिल्ली संसदीय सीट से नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने इस सीट पर मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी को उतारा है तो आप के उम्मीदवार ब्रजेश गोयल हैं।
शीला दीक्षित ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा – ”यह क्षेत्र मेरी भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इस क्षेत्र में मैंने दिल्ली में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया, जो भी यहां मेरे मुकाबले में खड़ा है मेरे लिए चुनौती है और यह बात कोई मायने नहीं रखती कि वह किस पार्टी का उम्मीदवार है। हम चुनाव लड़ेगें और जीतेंगे।”
आप के साथ गठबंधन पर दीक्षित ने कहा – ”गठबंधन की बातचीत अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है।” साल २००४ में दिल्ली की ६ सीटों पर कांग्रेस, एक पर भाजपा जबकि २००९ में सभी सात कांग्रेस ने जीती थीं। हालाँकि, २०१४ में मोदी की लहर में  भाजपा ने सातों सीटें जीत ली थीं। अब बिना लहर का चुनाव है और देखना दिलचस्प होगा कि क्या नतीजे रहते हैं।