शशिकला की 2000 करोड़ की संपत्ति आयकर विभाग ने की फ्रीज

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की सहयोगी रही शशिकला की 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति को आयकर विभाग ने फ्रीज कर दिया है।
वीके शशिकला से जुड़ी 1,600 करोड़ की संपत्ति को करीब साल भर पहले बेनामी लेनदेन कानून के तहत जब्त किया गया था। तब आरोप लगाया गया कि शशिकला ने काल्पनिक नामों का इस्तेमाल कर 500 व 1000 रुपये के पुराने नोटों से ये संपत्तियां खरीदी थीं।
इससे पहले 11 सितंबर को खबर आई थी कि शशिकला की जनवरी 2021 में जेल से रिहाई ही सकती है। इस बीच, एआईएडीएमके ने साफ कर दिया है कि पलानीस्वामी ही उनके अगले मुख्यमंत्री के दावेदार होंगे।
फिलहाल शशिकला आय से अधिक अधिक संपत्ति के मामले में सजा काट रही हैं। एक आरटीआई में बेंगलुरु के केंद्रीय कारागार के अधीक्षक की प्रतिक्रिया में इस बारे में जानकारी सामने आई थी, जिन्होंने दावा किया था कि जनवरी 2021 में उनको रिहा किया जा सकता है। आरटीआई के जवाब में कहा गया था कि अगर शशिकला ने जुर्माना नहीं भरा तो रिहाई की संभावनाएं फिर 27 फरवरी 2022 को होगी। 10 करोड़ रुपये का जुर्माना नहीं देने के चलते और 13 महीने जेल में बिताने पड़ सकते हैं।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति मामले में 14 फरवरी 2017 को शशिकला को दोषी करार देने के फैसले को बरकरार रखा था। शीर्ष अदालत ने इस मामले में उन्हें और उनके रिश्तेदारों को चार वर्ष कैद की सजा सुनाई थी।