राजस्थान में मेरी और महाराष्ट्र गठबंधन सरकार गिराने की साजिश : गहलोत

राजस्थान में तीन महीने के बाद फिर राजनीतिक हलचल है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को आरोप लगाया है कि राजस्थान में उनकी और महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार गिराने की साजिश रची जा रही है। गहलोत ने यह आरोप  बैठक में लगाए हैं।

गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार गिराने का फिर से खेल शुरू होने वाला है और महाराष्ट्र में भी सरकार गिराने की साजिश की चर्चा है। बैठक में गहलोत ने कहा – ‘देश के गृहमंत्री अमित शाह हमारे विधायकों को बैठाकर चाय-नमकीन खिला रहे थे और बता रहे थे कि पांच सरकार गिरा दी है, छठी भी गिराने वाले हैं। धर्मेंद्र प्रधान उनका मनोबल बढ़ाने के लिए जजों से बातचीत करने की बातें कर रहे थे। अमित शाह ने हमारे विधायकों से एक घंटे मुलाकात की थी और  पांच सरकारें गिराने के बाद छठी भी गिरा देने की बात शाह ने कही थी।’

गहलोत ने कहा कि ‘भाजपा की तरफ से इससे पहले सरकार गिराने की कोशिश के गवाह कांग्रेस नेता अजय माकन रहे हैं। राजस्थान में कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन भी इस कार्यक्रम में जुड़े हुए थे। इस घटना के दौरान  माकन 34 दिन होटल में हमारे विधायकों के साथ रहे थे। इस घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन, रणदीप सुरजेवाला, अविनाश पांडे यहां आकर बैठ गए। उन्होंने नेताओं को बर्खास्त करने का फैसला किया, तब जाकर सरकार बची।’

उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने गजलोट के आरोप पर कहा कि कांग्रेस के भीतर ही झगड़ा है जिसकी वजह से वह (सीएम) परेशान हैं। इसके लिए भाजपा  पर बिना कोई सुबूत के आरोप लगाकर हमला बोल रहे हैं।