पीएम मोदी ने पांच वंदे भारत ट्रेन को दिखायी हरी झंडी, सार्वजनिक कार्यक्रम में करेंगे शिरकत: मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी ने सुबह भोपाल में एक साथ पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही पीएम मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का मंत्र भी देंगे।

साथ ही गोवा को भी पहली वंदे भारत ट्रेन मिली है। मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच दौड़ेगी। इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों की तुलना में एक घंटा कम समय लेगी।

पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद दोपहर में करीब 3 बजे शहडोल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां वे रानी दुर्गावती का सम्मान करेंगे, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ करेंगे और आयुष्मान कार्डों के वितरण की शुरूआत करेंगे। आज शाम 5 बजे शहडोल जिले के पकरिया गांव जाएंगे पीएम मोदी।  

आपको बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे से विंध्य-महाकौशल की 68 सीटों पर फोकस करने का मेगा प्लान भाजपा द्वारा तैयार किया गया है। जैसा की मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले है। ऐसे में भाजपा चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में लगी है।

भाजपा का मकसद आदिवासी वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश भी है। कुछ ही दिनों पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी महाकौशल आर्इ थी। सभी पार्टियां राजनीतिक प्रचार में जुटने लगी है।