नई दिल्ली: भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक मजेदार लेकिन अहम किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि एक मैच में महेंद्र सिंह धोनी का विकेट लेने के बाद वह इतना ज्यादा जश्न मना बैठे कि धोनी नाराज़ हो गए थे।
अश्विन ने बताया कि यह घटना चैलेंजर ट्रॉफी के दौरान की है। उस समय वह अपने करियर में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे और उन्हें लगा कि अगर वह धोनी का विकेट ले लेते हैं, तो शायद उन्हें आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स में खेलने का मौका मिल सकता है।
उन्होंने याद करते हुए कहा कि मैच में धोनी दो बार आउट हुए थे। एक बार जब धोनी ने शॉट खेला, तो अश्विन ने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया। इस विकेट के बाद उन्होंने जोरदार जश्न मनाया, जो धोनी को बिल्कुल पसंद नहीं आया।
अश्विन के मुताबिक, मैच के बाद धोनी ने उनसे पूछा कि इतने ज्यादा जश्न की क्या जरूरत थी। इस पर उन्होंने साफ कहा कि धोनी का विकेट लेना उनका सपना था और वह उम्मीद कर रहे थे कि इससे उन्हें सीएसके में मौका मिल सकता है। दिलचस्प बात यह है कि अगले ही साल उन्हें टीम में खेलने का मौका मिल गया।
अश्विन ने अपने आईपीएल करियर को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि वह अपने करियर का अंत उसी टीम के साथ करें, जहां से उन्होंने शुरुआत की थी। हालांकि, वह चेपॉक मैदान पर अपना करियर खत्म नहीं कर सके, जो उनके दिल के बेहद करीब है।
अपने आखिरी आईपीएल विकेट को याद करते हुए अश्विन ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के खिलाड़ी अलग तरीके से खेलते हैं और उन्हें आउट करने के लिए रणनीति बदलनी पड़ती है।




