बंगाल के अगले CM होंगे शुभेंदु

सोनार बांग्ला का नया अध्याय : 9 मई को शपथ, रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती (पोचीशे बोयशाख) के पावन अवसर पर शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे...

कोलकाता में भाजपा विधायक दल की मुहर, शुभेंदु अधिकारी कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ; बंगाल की राजनीति में बड़ा सत्ता परिवर्तन… Pic Credit : cdn.britannica
कोलकाता में भाजपा विधायक दल की मुहर, शुभेंदु अधिकारी कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ; बंगाल की राजनीति में बड़ा सत्ता परिवर्तन… Pic Credit : cdn.britannica

तहलका डेस्क।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।

यह निर्णय केवल एक पद का चयन नहीं, बल्कि बंगाल की सत्ता संरचना में आए उस ऐतिहासिक परिवर्तन की आधिकारिक मुहर है, जिसने तीन दशकों के वामपंथी शासन और फिर तृणमूल कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती देकर भगवा ध्वज बुलंद किया है। नंदीग्राम और भवानीपुर जैसे गढ़ों में ममता बनर्जी को सीधी शिकस्त देने वाले शुभेंदु अब ‘नेता प्रतिपक्ष’ की भूमिका से आगे बढ़कर राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने को तैयार हैं।

शुभेंदु का चयन भाजपा की उस रणनीति का परिणाम है, जिसमें उन्होंने एक जमीनी और जुझारू चेहरे पर दांव लगाया। बंगाल की मिट्टी और राजनीति की गहरी समझ रखने वाले अधिकारी ने न केवल टीएमसी के संगठनात्मक ढांचे को भेदा, बल्कि विकास और अस्मिता के दांव से सत्ता की चाबी अपने नाम की।

संसदीय परंपराओं के अनुसार, विधायक दल का नेता चुना जाना मुख्यमंत्री पद की ओर अंतिम और निर्णायक कदम होता है।

अमित शाह की उपस्थिति में हुआ यह चयन स्पष्ट संदेश देता है कि भाजपा अब बंगाल में किसी भी प्रकार के राजनीतिक प्रयोग के बजाय एक ‘अनुभवी योद्धा’ के हाथों में कमान सौंप रही है। कल, यानी 9 मई 2026 को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती (पोचीशे बोयशाख) के पावन अवसर पर शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

यह ऐतिहासिक क्षण न केवल शुभेंदु के राजनीतिक उत्कर्ष का प्रतीक है, बल्कि बंगाल की राजनीति में ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की एक नई अग्निपरीक्षा भी है।