दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या ३४ हुई

उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में जान गंवाने वालों की संख्या ३४ पहुँच गयी है। बड़े पैमाने पर संपत्ति का भी नुक्सान हुआ है। ताजा ख़बरों के मुताबिक तनाव वाले क्षेत्रों में लोगों को दूसरी जगह पलायन करते देखा गया है। अस्पतालों में गंभीर घायलों की जान जाने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ रहा है। फिलहाल ताजा हिंसा की कोइ खबर नहीं है।

अस्पतालों में अभी भी बड़ी संख्या में गंभीर घायल ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें से कई गोलियों से घायल हैं। डाक्टर पूरी कोशिश से इन लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वैसे कई इलाकों में अभी तक तनाव बना हुआ है और लोग सुरक्षित स्थानों को पलायन करते देखे गए हैं। बहुत से लोग ऐसे हैं जिनके परिजनों को उनकी कोई  जानकारी नहीं है।

कल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल ने हिंसा प्रभावित कुछ इलाकों का दौरा किया था और लोगों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दितया था। हालांकि इस दौरान बुरखा पहने एक युवा लड़की ने डोवल से कड़े सवाल किये थे और उनके सामने अपना दर्द बयां किया था

पुलिस का दावा है कि पिछले २४ घंटे के दौरान उत्तर पूर्वी दिल्ली में कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है और सुरक्षा बल वहां गश्त कर रहे हैं। पुलिस पर आरोप लगते रहे हैं कि शुरुआत में वह महज तमाशबीन बनी रही थी और उसने कोइ सक्रिय भूमिका नहीं रही जिसके चलते हिंसा बड़े पैमाने पर फ़ैल गयी और इतने लोगों की जान चली गयी।