नई दिल्ली | तहलका न्यूज | स्नेहलता
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में कारोबारी के घर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी को ‘मास्टरजी’ के नाम से जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी को डराकर लाखों रुपये वसूलने की साजिश रची गई थी। वारदात को अंजाम देने वाले दो कथित शूटर अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे कारोबारी के घर के बाहर गोली चलाई गई। कारोबारी गांधी नगर कपड़ा बाजार में टी-शर्ट की थोक दुकान चलाता है। घटना के बाद मौके से एक धमकी भरी पर्ची भी मिली। कारोबारी ने अमेरिका के एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से रंगदारी मांगने की शिकायत भी की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस का दावा है कि एकांत भाटी उर्फ संजू भाटी उर्फ मास्टरजी को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया, जबकि मोंटी, आकाश उर्फ वीरू और आशीष डेड्ढा को 17 अक्टूबर को पकड़ा गया।
आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आशीष डेड्ढा के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस फरार शूटरों की तलाश कर रही है और रंगदारी की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है




