एक और टाई मैच, न्यूजीलैंड की सुपर ओवर में एक और हार, भारत सीरीज में ४-० से आगे

न्यूजीलैंड के साथ भारत का लगातार दूसरा मैच टाई हुआ और भारत ने सुपर ओवर में फिर जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने पहला ओवर खेलते हुए इस ओवर में १३ रन बनाये और जवाब में भारत ने एक विकेट खोकर मैच जीत लिया।

इस तरह पांच मैचों की सीरीज में भारत ४-० से आगे हो गया है। वैसे भारत पहले ही सीरीज जीत चुका है। सुपर ओवर में एक गेंद रहते ही विराट ने चौका मारकर भारत को जिता दिया।

इससे पहले पिछले मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम सुपर ओवर में हारी थी। तब रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने सुपर ओवर में 20 रन बनाकर मैच जीत लिए थे। वेलिंगटन में न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन बनाने थे, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 6 रन दिए।

इससे पहले पूरी पारी में न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो ६४ रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने उन्हें रनआउट किया। मुनरो ने करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। मार्टिन गुप्टिल ४ रन बनाकर आउट हो गए। बुमराह की गेंद पर राहुल ने उनका कैच लिया। टॉम ब्रूस (०) को चहल ने बोल्ड किया।

भारत  ने पहले बल्लेबाजी की और भारत के लिए मनीष पांडेय ने नाबाद ५० रन बनाए। उन्होंने दो साल बाद टी-२० में अर्धशतक लगाया। लोकेश राहुल ने ३९ और शार्दुल ठाकुर ने २० रन का योगदान दिया। विराट कोहली ११ रन बनाकर आउट हुए। बेनेट की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने तीन और हामिश बेनेट ने दो विकेट लिए।

रोहित शर्मा की जगह संजू सैमसन को ओपनर के रूप में मौका दिया गया लेकिन वे ८ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्कॉट कुगलिन की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। उन्होंने एक छक्का लगाया। सैमसन को श्रीलंका के खिलाफ भी मौका दिया गया था। शिवम दुबे (१२) को ईश सोढ़ी ने टॉम ब्रूस के हाथों कैच कराया। वॉशिंगटन सुंदर शून्य को सेंटनर ने बोल्ड किया।