
15 मई 2026, नई दिल्ली/ आबू धाबी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी आबू धाबी पहुंचे, जहां यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद ने एयरपोर्ट पर उनका विशेष स्वागत किया। पीएम मोदी के यूएई पहुंचते ही उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जबकि यूएई की वायुसेना के F-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उनके पांच देशों के विदेश दौरे का पहला चरण है। इस यात्रा के दौरान भारत और यूएई के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, गैस आपूर्ति और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और वित्तीय क्षेत्रों में 5 अरब डॉलर के निवेश की भी घोषणा की है।
दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। मोदी और शेख मोहम्मद बिन जायेद के बीच पिछले कुछ वर्षों में करीबी व्यक्तिगत और कूटनीतिक संबंध विकसित हुए हैं, जिसका असर दोनों देशों के आर्थिक और सामरिक सहयोग में भी दिखाई दे रहा है।



