
15 मई 2026, नई दिल्ली: दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स बहुपक्षवाद को मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने और अधिक समावेशी वैश्विक व्यवस्था बनाने की दिशा में काम करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने और ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को आवाज देने का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। बैठक में रूस, ईरान, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान वैश्विक सुरक्षा, पश्चिम एशिया की स्थिति, समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और संयुक्त राष्ट्र सुधार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि मौजूदा वैश्विक संस्थाओं की संरचना पुराने दौर को दर्शाती है और उसमें सुधार की आवश्यकता है ताकि एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की यह बैठक भारत की 2026 की अध्यक्षता के तहत आयोजित की जा रही है। इस बार समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा ईरान, मिस्र, इथियोपिया, यूएई और इंडोनेशिया जैसे नए सदस्य भी शामिल हैं।



