आप की शैली ओबेरॉय बनी दिल्ली की नई मेयर, भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया

आम आदमी पार्टी (आप) की शैली ओबेरॉय ने दिल्ली मेयर चुनाव जीत लिया है। मेयर पद के लिए हुए चुनाव में शैली ओबेरॉय को 150 व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले है। शैली ओबेरॉय ने रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया है।

दिल्ली मेयर पद का चुनाव के लिए मतदान बुधवार को हुआ। इससे पहले दिल्ली महापौर चुनने के तीन असफल प्रयासों के बाद आखिरकार चौथी बार नगर निगम का यह चुनाव हुआ।

एमसीडी चुनाव चार दिसंबर को हुए थे और आप ने इसमें 134 वार्डों पर अपनी जीत दर्ज करा कर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त किया था। वहीं भाजपा ने 104 वार्डों पर अपनी जीत दर्ज कराई थी। जबकि कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने इस जीत पर ट्वीट कर कहा कि, “गुंडे हार गये, जनता जीत गयी। दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई और दिल्ली की जनता का तहे दिल से एक बार फिर से आभार। आप की पहली मेयर शैली ओबेरॉय को भी बहुत बहुत बधार्इ।”

आपको बता दें, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली के मेयर का चुनाव बुधवार को हुआ।