नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो 14 मई की शाम और रात में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 15 से 17 मई तक आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि 16 से 20 मई के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के इलाकों में हीटवेव चल सकती है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस बार मई की गर्मी काफी तेज रहने के आसार हैं। राजस्थान के जैसलमेर में तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा। पश्चिमी राजस्थान में 17 से 19 मई के दौरान भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अगले कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका जताई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में मौसम खराब रह सकता है। साथ ही लोगों से गर्मी के दौरान ज्यादा पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।




