UP में आंधी-तूफान का कहर: 56 लोगों की मौत, सीएम योगी ने 24 घंटे में राहत देने के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार को अचानक बदले मौसम के बीच आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में कम से कम 56 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को राहत देने के दिये आदेश

UP में आंधी-तूफान, बिजली से 56 मौतें | Photo source : tv9 भारतवर्ष
UP में आंधी-तूफान, बिजली से 56 मौतें | Photo source : tv9 भारतवर्ष

14 मई 2026,नई दिल्ली/लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान प्रयागराज और भदोही जिलों में हुआ है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई। इनमें हंडिया क्षेत्र में सात, फूलपुर में चार, सोरांव में तीन, मेजा में दो और सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई। वहीं भदोही में आंधी-तूफान के कारण हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए तथा मकानों को भी नुकसान पहुंचा।

फतेहपुर में तूफान जनित हादसों में नौ लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए हैं। प्रतापगढ़ में दीवार और शेड गिरने तथा बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। कानपुर देहात, देवरिया और सोनभद्र में भी बिजली गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं में लोगों की मौत हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को फसलों और संपत्ति के नुकसान का सर्वे कराने तथा रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।