
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार के मंत्री, भाजपा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना था।
तिरंगा यात्रा में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, गृह मंत्री आशीष सूद, अन्य मंत्रियों और भाजपा विधायकों ने भी भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर विधानसभा परिसर में पदयात्रा की और देश की एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयकारे और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा हर नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करें।
दिल्ली सरकार इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजधानी में 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर रही है। इनमें से लगभग 2 लाख तिरंगे स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा तैयार किए गए हैं, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना और हर घर तक तिरंगा पहुंचाना है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
