Home Blog Page 932

कश्मीर में ३ आतंकी ढेर

जम्मू कश्मीर में सोमवार को एक मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर संभाग के शोपियां जिले में हुई। आतंकियों के पास से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया गया। उनके शवों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिला है। आतंकियों के हिज्बुल मुजाहिदीन (एचएम) से जुड़े होने की आशंका है।
पता चला है कि मारे गए आतंकियों में एक एसपीओ भी शामिल है, जो कि बीते दिनों राइफल लूट की एक घटना के बाद से ही फरार था। सुबह मिलिट्री इंटेलिजेंस को शोपियां के वाची इलाके में दो-तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स के साथ, सीआरपीएफ और पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा गया।

जवानों ने वाची में एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया। इसी बीच घेराबंदी के बीच आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। मौके से फरार हो रहे आतंकियों को घेरकर सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। सोमवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ के करीब 3 घंटे बाद तीन आतंकियों को मार गिराया गया।

नड्डा का भाजपा अध्यक्ष बनना तय

जगत प्रकाश नड्डा का नया भाजपा अध्यक्ष बनना तय है। वे आज अमित शाह से यह पद संभालेंगे। दिन में इस पद के लिए नामांकन भरा जाना है और किसी और के मैदान में न होने की स्थिति में उन्हें आज ही निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुन लिए जाने की पक्की संभावना है।

नड्डा हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं और आज जहाँ भी हैं, अपनी मेहनत और संगठन के प्रति गहरे समर्पण के बूते हैं। वैसे तो एबीवीपी के समय से ही नड्डा अपनी संगठन क्षमताओं के कारण एक जाना पहचाना चेहरा रहे हैं, भाजपा में उन्होंने एक लंबा सफर तय किया है।
उनके राजनीतिक करियर ने ऊंची उड़ान भरी उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रभारी बनने के बाद। नड्डा ने संगठन को सपा-बसपा गठबंधन के सामने भी कमजोर नहीं पड़ने दिया और भाजपा ने मई, २०१९ के लोक सभा चुनाव में ८० में से ६४ सीटें जीत लीं। यह नड्डा की संगठन क्षमता के बूते ही संभव हुआ था। इसके बाद नड्डा को भाजपा का कार्यकारी अधयक्ष बना दिया गया। नड्डा फरवरी २०१० से नवम्बर २०१४ तक नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और अमित शाह के साथ पार्टी के महासचिव के रूप में काम कर चुके हैं।
इस मुकाम तक पहुंचने के लिए नड्डा एक लम्बा सफर तय किया है। पटना में १९६० में जन्मे नड्डा इस समय राज्य सभा के सदस्य हैं जबकि पिछली मोदी सरकार में वे स्वास्थ्य मंत्री थे। १९८३ में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एबीवीपी अध्यक्ष बने और  १९९१ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। हिमाचल के बिलासपुर से १९९३ में पहली बार विधायक चुने गए और १९९८ में प्रेम कुमार धूमल सरकार में पहली बार और २००७ में दूसरी बार मंत्री बने।
तीन साल बाद ही सरकार में मंत्री पद छोड़कर २०१० में वे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाये गए। वे इस दौरान जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, केरल,राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के प्रभारी रहे। साल २१०२ में उन्हें राज्यसभा सदस्य चुना गया जबकि २०१४ में नड्डा भाजपा केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सचिव नियुक्त हुए। अब भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष होने के नाते उन्हें भाजपा अध्यक्ष पद का स्वाभाविक दावेदार माना जा रहा है।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया से २-१ से जीती सीरीज

भारत ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया को तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला २-१ से जीत ली। भारत की जीत के हीरो रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली रहे जिन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को टीम पर हावी नहीं होने दिया।

भारत पहला मैच हार गया था लेकिन दूसरे मैच में भारत ने जीत हासिल की थी।

यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित ५० ओवर में ऑस्ट्रेलिया भारत के गेंदबाजों, खासकर शमी, के आगे घुटने टेकने जैसी स्थिति में दिखे। ऑस्ट्रेलिया ५० ओवर में ९ विकेट खोकर २८६ रन ही बना सका जो इस विकेट पर बहुत बड़ा स्कोर नहीं था।

भारत को मैच और सीरीज जीतने के लिए २८७ रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने ४७.३  ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोहली शतक से चूक गए  जिन्होंने शानदार 89 रन बनाये। रोहित शर्मा ने शानदार ११९ रन बनाये। श्रेयस अय्यर ने ४४ नाबाद रन बनाये। भारत की तरफ से गेंदबाजी में शमी छा गए जिन्होंने चार विकेट झटके।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टीव स्मिथ ने शानदार पारी खेलते हुए १३१ रन बनाये जबकि मार्नुस ने ५४ और अलेक्स ने ३५ रन बनाये।

दिल्ली पत्रकार यूनियन के निर्विरोध महासचिव चुने गये के पी मलिक 

नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया से सम्बद्ध दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के चुनाव में खेल टुडे के संपादक राकेश थपलियाल को अध्यक्ष एवं दैनिक भास्कर के राजनीतिक संपादक ‘के. पी. मलिक’ को निर्विरोध ‘महासचिव’ चुना गया। अन्य पदाधिकारियों में राष्ट्रीय समाचार के सम्पादक नरेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर उषा पाहवा, ज्ञानेंद्र सिंह, सुजान सिंह और पंकज कुमार यादव को निर्वाचित घोषित किया गया है।
पिछले दिनों प्रेस एसोसिएशन ऑफ इंडिया (रजि.) के सम्मानित पद पर चुने जाने के बाद एक बार फिर के पी मलिक ने दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के चुनाव में परचम लहरा कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं शामली जिले का गौरव बढ़ाने का काम किया है।
 केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया से सम्बद्ध दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के चुनाव में किसी भी सम्मानित पद पर चुना जाना गौरव की बात मानी जाती है।
लगभग 27 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़े मलिक आजकल विभिन्न मंत्रालयों और संसद भवन की कार्यवाही को कवर करते हैं।
विजयी होने के बाद के.पी. मलिक ने सभी सदस्यों, मित्र पत्रकारों और शुभ चिंतकों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं एक बार फिर आपका ह्रदय की गहराई से धन्यवाद करता हूं और विश्वास दिलाता हूँ इस पद की गरिमा का ख़याल रखते हुए पूरी ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।

नए वादों के साथ ‘आप’ का केजरीवाल गारंटी कार्ड

दिल्ली का दंगल अपने चरम पर पहुंच रहा है। सबसे पहले ‘आप’ ने उम्मीदवारों का एलान किया, उसके बाद भाजपा और शनिवार को कांग्रेस ने भी अपने विधानसभा चुनाव के लड़ाके मैदान के तय कर दिए। अब बारी शुरू हुई है वादों और घोषणाएं की…
 आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को वादा किया कि दिल्लीवालों को फिलहाल फ्री मिल रही सुविधाएं अगले 5 साल भी मिलती रहेंगी। साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता से कुछ नए वादे भी किए।
आप के घोषणापत्र को ‘केजरीवाल गारंटी कार्ड’ नाम दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि 5 साल में वह दिल्ली को चमका के दिखा देंगे। साथ ही साथ वह यह भी कहा  कि 5 साल में वह लोगों को यमुना नदी में डुबकी जरूर लगवा देंगे। इसके लिए अगले 5 साल व्यापक अभियान चलाकर काम होगा। फिलहाल यह नाले की तरह बन चुकी है।
मीडिया से मुखातिब केजरीवाल ने कहा कि पहले से लागू योजनाएं लागू रहेंगी और कुछ योजनाएं ऐसी हैं जो अगले पांच साल में पूरी की जाएंगी। यहां केजरीवाल ने बिजली, पानी, शिक्षा, यातायात, कच्ची कॉलोनी, यमुना पर चर्चा की।
नए वादे
छात्रों को भी फ्री बस यात्रा मिलेगी। फिलहाल दिल्ली में सिर्फ महिलाएं बस में मुफ्त सफर कर सकती है। हर मोहल्ले में भी मार्शल होगा। इन्हें ‘मोहल्ला मार्शल’ कहा जाएगा। राजधानी में 2 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाएं जाएंगे।

सांसद प्रज्ञा को संदिग्ध लिफाफा भेजने में डॉक्टर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को कथित संदिग्ध लिफाफा भेजने के मामले में महाराष्ट्र के नांदेड जिले से एक डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। सांसद ठाकुर ने इस बाबत भोपाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें किसी ने कुछ लिफाफे भेजे हैं, जिसमें जहरीला रसायनिक पदार्थ है। पुलिस ने ये लिफाफे बरामद किए थे, जिन पर उर्दू में कुछ लिखा था।
इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मध्यप्रदेश एटीएस ने जांच के दौरान पाया कि नांदेड जिले के डॉक्टर सैयद अब्दुल रहमान खान (35) ने ये संदिग्ध लिफाफे ठाकुर को भेजे हैं। बताया गया कि डॉक्टर रहमान का अपना क्लीनिक है। इससे पहले भी वह  तीन माह से पुलिस के राडार पर थे,  क्योंकि उसने पहले भी अधिकारियों को पत्र लिखकर दावा किया था कि उसके मां और भाई आतंकियों के संपर्क में हैं, इसलिए दोनों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
फिलहाल खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की ओर से बताया गया कि  खान का अपने भाई के साथ भी झगड़ा हुआ था। हालांकि उसको मारपीट के मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

शबाना आजमी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल

बॉलीवुड की दिग्गज ​अदाकारा शबाना आजमी की कार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें वे और उनका ड्राइवर घायल हो गया है। दोनों को गंभीर चोट लगी है और तत्काल अस्पाताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि शबाना आजमी की कार ट्रक से जा टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। शबाना आजमी के पति और गीतकार जावेद अख्तर भी कार पर सवार थे, पर वे सुरक्षित हैं। कार चला रहे ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल की तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना गंभीर था। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त यो गया है। हादसे के बारे में रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल पारास्कर ने बताया कि दुर्घटना मुंबई से करीब 60 किलोमीटर दूर खालापुर के पास दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हुई। पद्मश्री से नवाजी जा चुकीं शबाना को नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका और ड्राइवर का इलाज चल रहा है।

मोदी-शाह के बीच मनमुटाव से पिस रहा देश : बघेल

एक ओर देश में जहां नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध हो रहा है और केरल क बाद पंजाब सरकार ने इस कानून के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पारित किया है। वहीं, दूसरी ओर अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण (एनआरसी) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बीच मनमुटाव है, जिससे देश पिसने को मजबूर है। बघेल ने रायपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अमित शाह कहते हैं कि एनआरसी लागू होगा और प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि अभी इस पर कोई चर्चा ही नहीं हुई है यानी लागू करना तो दूर की बात है।

उन्होंने कहा कि सोचने वाली बात ये है कि इनमें से कोई एक तो झूठ बोल रहा है। ये आप लोगों को तय करना है कि झूठ कौन बोल रहा है और सच कौन है। एकबारगी प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि वह सही है, वहीं दूसरी ओर गृहमंत्री कहते हैं कि वह सही कह रहे हैं। बघेल ने कहा कि  दोनों के बीच में मनमुटाव हो गया है और इसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ रहा है। इससे सचेत होने की आवश्यकता है।
छत्तीसगढ़ के सीएम ने कहा कि आज देश में महंगाई, मंदी और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन कहीं पर भी मुख्य धारा की मीडिया में उसकी चर्चा नहीं हो रही है। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते यह सवाल उठाना जरूरी है कि कहीं यह अपमानजनक नहीं होगा कि आप अपने मां-बाप से उनके जन्म का प्रमाणपत्र मांगेंगे। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में गरीबी रेखा से नीचे लोग जीवन बिताते हैं और उनके पास ऐसे कोई सबूत नहीं होंगे जिनसे उनके जन्म प्रमाण को साबित किया जा सके। अच्छी खासी तादाद आदिवासियों की है, वे कहां से दस्तावेज लाएंगे। जिनके पास जमीन नहीं है, वे किसके दर  पर ठोकरें खाने को मजबूर होंगे। सरकार यही तो चाहती है कि जब आप खुद को प्रमाणित नहीं कर पाओग तो फिर अहसान करेगी कि आपको फिर से हिंदुस्तानी बनाया जा रहा है।

भगोड़े माल्या की अब इस देश की हवेली भी बिकने को तैयार

बैंकों का हजारों करोड़ रुपये लेकर लंदन में रह रहे भगोड़े शराब कारोबारी के लिए अब एक और देश से बुरी खबर मिली है। दरअसल, फ्रांस में भी माल्या ने एक हवेली खरीदी थी जिसमें 17 बेडरूम, एक सिनेमा हॉल, हेलीपैड और नाइटक्लब भी था। अब इस हवेली का भी कर्ज न चुकाने की स्थिति में इसके बिकने की नौबत आ गई है। माल्या को पार्टी बनाकर लड़ रहे बैंकों का कहना है कि हवेली की रिपेयरिंग तक नहीं कराई जा रही है, जिससे इसकी हालत और खस्ता होती जा रही है। इसकी कीमत भी घट गई है।
2008 में विजय माल्या ने अपनी कंपनी गिज्मो इन्वेस्ट एसए के जरिये ल गॉ जादां नामक यह हवेली खरीदी थी। इसके लिए कतर नेशनल बैंक की कंपनी से 3 करोड़ डॉलर खर्च किए थे। बैंक की ओर से बताया गया कि माल्या की कंपनी यह कर्ज चुकाने में नाकामयाब रही। इसके एवज में गिरवी रखे गए साउथ इंज्लैंड में जब्कत 50 मीटर का सुपरयाट बेचने की गुजारिश कंपनी ने लंदन हाईकोर्ट से की है।
वकील की ओर से बताया गया कि माल्या से जब कर्ज देने को संपर्क किया गया तो बैंक ने उस प्रॉपर्टी की जांच करवाई। रियल एस्टेट एजेंट्स ने पाया कि इसकी कीमत इसकी कीमत 1.11 करोड़ डॉलर (करीब 72 करोड़ रुपये) घट चुकी है। इस पर अभी और ऊपर से खर्च होना है। माल्या की ओर से कोर्ट में कोई पेश नहीं हुआ। इससे यह तय है कि अब माल्या की फ्रांस की यह हवेली भी बिकनी तय है।

बता दें कि विजय माल्या भारतीय स्टेट बैंक समेत 17 बैंकों का 9 हजार करोड़ रुपये लेकर लंदन भाग गया है। कर्ज मेंं डूबी उसकी किंगफिशर एयरलाइंस पहले ही डूब चुकी है, जो 2012 में बंद हो गई। फिलहाल लंदन से भारत प्रत्यपर्ण किए जाने का मामला अदालत में है।

निर्भया के दरिंदों के लिए नया डेथ वारंट जारी

दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्याकांड के चारों दरिंदों के लिए नया डेथ वारंट जारी किया है। अब इन चारों दोषियों को 22 जनवरी की बजाय 1 फरवरी को सुबह 6 बजे फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा। चूंकि मामले में एक दोषी ने याचिका को पहले सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जिसके खारिज होने के बाद उसे राष्ट्रपति के पास दया याचिका के तौर पर भेजा। बृहस्पतिवार को गृह मंत्रालय की रिपोर्ट मिलने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को यह दया याचिका खारिज कर दी। इसी के चलते नया डेथ वारंट जारी करना पड़ा। दया याचिका खारिज होने के बाद कम से कम दो हफ्ते का वक्त दोषियों को मिलता है। इससे पहले तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने शुक्रवार को कोर्ट में दोषियों के खिलाफ मौत की सजा पर फिर से डेथ वॉरंट जारी करने की अपील की थी।

निर्भया की मां बोलीं- तारीख पे तारीख
नया डेथ वॉरंट जारी होने के बाद निर्भया की मां के जख्म फिर हरे हो गए। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं दे दी जाती, उन्हें शांति नहीं मिलेगी। उन्होंने कोर्ट के बाहर मीडिया से मुखातिब होकर कहा कि जो दरिंदो चाहते थे, वही हो रहा है… तारीख पे तारीख, तारीख पे तारीख। हमारा सिस्टम ही ऐसा है कि जहां दोषियों की सुनी जाती है।

सिस्टम बन गया कैंसर…
निर्भया केस की हाल में सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने सख्त नाराजगी जताई थी। दरअसल, अदालत मौत की सजा पाए मुकेश कुमार सिंह की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें उसने फांसी देने के लिए तय 22 जनवरी की तारीख टालने का अनुरोध किया था। बुधवार को ही दिल्ली सरकार और जेल प्रशासन ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया था कि 22 को फांसी नहीं दी जा सकती क्योंकि एक दोषी ने दया याचिका दायर की है और यह खारिज भी होती है तो नया डेथ वारंट जारी करना होगा। इसी पर अदालत ने लताड़ लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार और जेल प्रशासन ने एक ऐसी ‘कैंसर ग्रस्त व्यवस्था’ की रचना की है जिसका फायदा मौत की सजा पाए अपराधी उठाने में लगे हैं।