Home Blog Page 499

देश में जातिगत भेदभाव एक कलंक : मीरा कुमार

75वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने वाले और हर घर तिरंगा का जश्न धूमधाम से मनाने वाले अपने इस प्यारे से देश के लिए क्या दे पा रहे हैं, यह एक बड़ा सवाल हम सबके सामने है? यहाँ जाति-आधारित भेदभाव के मामले अभी भी नहीं थम रहे हैं। राजस्थान स्थित जालोर के सायला थाना क्षेत्र के सुराणा गांव में जिस प्रकार एक दलित लड़के इंद्र कुमार मेघवाल को सरस्वती विद्या मंदिर के संचालक और शिक्षक छैल सिंह ने उनके घड़े से पानी पीने मात्र पर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गयी, इसका सबसे ताजा, शर्मिंदगी भरा और कड़ुवा उदाहरण है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने बड़े विडंबना भरे अंदाज में इस दिल दहला देने वाली घटना का जिक्र करते हुए ट्वीट करके लिखा है- ‘100 साल पहले मेरे पिता बाबू जगजीवन राम को भी स्कूल में ऊपरी कटोरी का पानी पीने से एक सवर्ण के जरिए रोका गया था। तब उनकी भी मानों मौत ही हो गई थी। वह एक चमत्कार था कि वह बच गए। अब एक 9 साल के दलित लड़के की इसी वजह से हत्या कर दी गई। आजादी के 75 साल बाद भी जातिवाद हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है। यह एक कलंक है।’
21वीं सदी में भी दलितों के साथ भेदभाव के मुद्दे पर एक टीवी चैनल से बात करते हुए मीरा कुमार ने कहा, “जो कुछ हुआ है, वह बहुत ही भयावह है। 100 साल पहले इस वजह से मेरे पिता की जान पर बन पड़ी थी; लेकिन 100 साल बाद भी लड़के की इस वजह से जान चली जाए, यह बहुत खेदजनक है। मैंने एक बार अपने पिता बाबू जगजीवन राम से पूछा था कि आपने इस देश की आजादी के लिए लड़ाई क्यों लड़ी? आपने यह जोखिम क्यों उठाया? इस देश ने आपके और दलितों के लिए कुछ भी नहीं किया, सिर्फ अपमान सहना पड़ा, और अत्याचार सहे। तब उन्होंने ( बाबू जगजीवन राम ने) कहा था कि स्वतंत्र भारत बदल जाएगा। एक जातिविहीन समाज होगा। लेकिन यह अच्छा हुआ कि वे आज ऐसी घटनाओं को देखने के लिए जीवित नहीं हैं। देश को आजादी मिले 75 साल हो चुके हैं। लेकिन भारत इस मामले में नहीं बदला है। इसका मुझे बहुत दु:ख है।
यह पूछे जाने पर कि क्या आप अब भी मानती हैं कि आप अपनी उपलब्धियों से ज्यादा अपनी जाति के आधार पर पहचानी जाती हैं? मीरा कुमार ने कहा, “हाँ, मेरे पिता ने कई कठिनाइयों के बावजूद बहुत कुछ हासिल किया, लेकिन फिर भी उन्हें एक दलित नेता के रूप में आज तक जाना जाता है। मुझे न केवल भारत में, बल्कि लंदन में भी अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि मैं वहां (लंदन में) रहने के लिए घर ढूँढ रही थी। जो व्यक्ति हिंदू भी नहीं था, वह ईसाई था, जैकब। उसने मुझे अपना घर किराए पर देने की पेशकश की और मैंने कहा, क्या मैं शिफ्ट हो जाऊं? इस दौरान उन्होंने मुझसे आखिरी सवाल पूछा। क्या आप ब्राह्मण हैं? मैंने कहा- नहीं, मैं अनुसूचित जाति की हूं। क्या आपको कोई दिक्कत है? उसने नहीं जरूर कहा, पर मुझे घर भी नहीं दिया।’
मीरा कुमार ने आगे कहा, ‘मेरे पिता को भी ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा था। मेरे पिता देश के उपप्रधानमंत्री थे, 1978 में। वे बनारस संपूर्णानंद की प्रतिमा का अनावरण करने गए थे। वहाँ उनका अपमान किया गया। वे उपप्रधानमंत्री थे, उनका व्यक्तित्व बहुत प्रभावशाली था; फिर भी उनके खिलाफ जाति आधारित अपमान का इस्तेमाल किया जाता था। उस वक्त भी उन्हें कहा गया कि “जगजीवन…. चले जाओ ..” और फिर संपूर्णानंद की मूर्ति को गंगा जल से धोया गया। चूँकि उनका मानना था कि बाबू जगजीवनराम ने मूर्ति को ‘अपवित्र’ कर दिया है।’
हम सभी देशवासी जब किसी त्योहार के आनंद लेने जाते हैं, तब उसमें मौजूद अन्य जाति-धर्म के लोग भी हमें बधाई देते हैं। लेकिन हम अपने ही लोगों के साथ अत्याचार करने से पीछे नहीं रहते। आज 75वा स्वतंत्र दिन मनाने वाले साथ ही हर घर तिरंगा का जश्न धूमधाम से मनाने वाले इस महान् भारत में राजस्थान के दलित लड़के इंद्रकुमार मेघवाल की हत्या की जाती है, वह भी महज पानी पीने पर, एक सिर्फ मीरा कुमार के लिए शर्मनाक नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवजाति के शर्मनाक कृत्य है।

किसान मोर्चा की दिल्ली में महापंचायत आज, हजारों किसान पहुंचे राजधानी

संयुक्त किसान मोर्चे (एसकेएम) ने सोमवार (आज) दिल्ली के जंतर मंतर पर किसान महापंचायत का ऐलान किया है। यह महापंचायत 11 बजे शुरू हो जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में किसान हिस्सा ले रहे थे। इसमें हिस्सा लेने के लिओए देश के कई हिस्सों से किसान कल रात से हई दिल्ली पहुँचना शुरू हो गए थे।

किसान मोर्चा ने इस महापंचायत को गैर राजनितिक बताते हुए किसानों से इसमें हिस्सा लेने का आह्वान किया है। देश के कई हिस्सों से किसान रविवार से ही दिल्ली पहुँच गए थे। इस एक दिवसीय आयोजन को लेकर किसान मोर्चा ने किसानों से कहा है कि इसमें शांति और अनुशासन से हिस्सा लें।

उधर सरकार ने किसान महापंचायत को देखते हुए सिंघू बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। राजधानी में आने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जंतर मंतर पर यह पंचायत सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।

महापंचायत के समापन के बाद एसकेएम नेता राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे। मोर्चा नेताओं ने बताया कि सरकार ने महापंचायत में किसी तरह का व्यवधान डालने की कोशिश की तो उसकी जिम्मेवारी सरकार पर होगी। किसान मोर्चा की मांग है कि लखीमपुर खीरी नरसंहार के पीड़ित किसान परिवारों को इंसाफ मिले, वहीं जेलों में बंद किसानों की रिहाई और इस नरसंहार के मुख्य दोषी केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त और गिरफ्तार किया जाए।

स्कीम ने मांग की है स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 फीसदी के फॉर्मूले अनुसार एमएसपी की गारंटी वाला कानून लाया जाए और देश के सभी किसानों को कर्जमुक्त किया जाए। बिजली बिल 2022 रद्द किया जाए और गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाए और बकाया राशि का भुगतान तुरंत हो। किसान आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए सभी मुकदमे वापस लेने की भी उनकी मांग है।

ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली में टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ, विंडसर प्लेस, कनॉट प्लेस, अशोक रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, पंडित पंत मार्ग समेत आस-पास के कई रास्तों पर दिनभर भीड़ रहने की संभावना जताई है। कई जगह बैरिकेडिंग भी की जा सकती है।

इमरान खान के खिलाफ एफआईआर, लटकी गिरफ्तारी की तलवार

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के इमरान खान गिरफ्तार हो सकते हैं। उनके एक भाषण के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ आतंक निरोधी धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक यह भाषण बहुत भड़काऊ था।

कुछ महीने देश की सत्ता से बाहर होने वाले इमरान खान इन दिनों अपनी रैलियों के साथ बहुत ज्यादा सक्रिय हैं और देश में जल्दी चुनाव की मांग कर रहे हैं। अब उनके एक भाषण को मुद्दा बनाते हुए पुलिस ने इसे उकसाने वाला और न्यायपालिका को अपना काम करने से रोकने के लिए मजबूर करने वाला बताते हुए उनके खिल;आफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने इमरान खान के भाषण के वीडियो के आधार पर यह मामला दर्ज किया है। इसमें इमरान खान कथित तौर पर इस्लामाबाद के आईजी, डीआईजी और न्यायिक अधिकारी को भरी सभा में ललकार रहे हैं। इमरान देश की तुलना श्रीलंका से करते दिख रहे हैं और कह रहे हैं कि ‘पाकिस्तान के हालात श्रीलंका जैसी हो जाएंगे। वहां को केवल दो करोड़ से कुछ अधिक लोग हैं, लेकिन पाकिस्तान में तो 12 करोड़ की आवाम है, उन्हें कौन रोक पाएगा। मौजूदा सरकार के वश की ये बात नहीं है।’

इमरान खान ने सरकार पर रविवार शाम देश में यूट्यूब को अस्थायी रूप से ब्लॉक करने का भी आरोप लगाया। इमरान ने कहा – ‘सरकार ने ऐसा इसलिए किया ताकि वो लोगों को एक राजनीतिक रैली में दिए गए उनके भाषण को लाइव सुनने से रोक सके।’ इसके जवाब ने प्रशासन ने कहा कि इमरान की भद्दी भाषा वाले हिस्से ब्लाक किये गए।

हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, अब तक 22 लोगों की गयी जान

हिमाचल के कांगड़ा, मंडी और चम्बा जिलों में शनिवार को भारी बारिश और बाढ़ से दो बच्चों सहित 22 लोगों की मौत हो गयी है । सरकार ने इसे लेकर रेड अलर्ट घोषित किया है और मंडी और कुल्लू में स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। कांगड़ा जिले में अंग्रेजों के जमाने में बना चक्की रेलवे ब्रिज टूट गया है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में बह गए 15 लोगों की कोई जानकारी नहीं मिली है। आशंका है कि उनकी मौत हो गयी है।

सरकार के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि चंबा जिले में शनिवार सुबह बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एक घर गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंडी में शुक्रवार की रात मंडी-कटोला-प्रसार मार्ग पर बाघी नाले में एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया, जबकि उसके परिवार के पांच सदस्य बह गए।

बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी से पुराने कटोला क्षेत्रों के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। विभाग ने कहा कि इसके अलावा, गोहर विकासखंड के काशान गांव में भूस्खलन के बाद एक अन्य परिवार के आठ सदस्यों के भी उनके घर के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। हालांकि, शवों को अभी तक बरामद नहीं किया गया है।

बाढ़ और भूस्खलन से मंडी जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथच में लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया जबकि कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। ग्रामीण अपने घरों में फंस गए हैं।

भारी बरसात के चलते मंडी और कुल्लू में स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। चंबा की तीन तहसीलों डलहौजी, सिंहुता और चुवाड़ी में भी शिक्षण संस्थानों को प्रशासन ने एक दिन के लिए बंद कर दिया है।

भाई ने कहा – राजू श्रीवास्तव रिकवरी कर रहे हैं, अफवाहों पर ध्यान न दें

अभिनेता और स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को लेकर अच्छी खबर है। उनके छोटे भाई दीपू श्रीवास्तव ने ट्वीटर पर एक वीडियो संदेश में बताया है कि राजू के प्रशंसक अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि वे देश के बेहतरीन डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी रिकवरी हो रही है।

दीपू का यह वीडियो सन्देश राजू श्रीवास्तव को लेकर मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर आ रही विभिन्न तरह की ख़बरों के बाद आया है। इसमें दीपू ने अपने भाई के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए कहा – ‘मन दुखी था, वीडियो बनाने का मन नहीं कर रहा था। लेकिन मैंने देखा कुछ लोग सोशल मीडिया पर उटपटांग पोस्ट कर रहे हैं। अफवाहों पर ध्यान न दें। उन लोगों ने परिवार के लोगों से बात नहीं की है। टीआरपी, पेज को ज्यादा लाइक मिलेंगे इसलिए ये ऐसा कर रहे हैं।’

राजू के भाई ने कहा कि देश के सबसे बड़े अस्पताल (एम्स) और सबसे अच्छे चिकित्सक की निगरानी में राजू श्रीवास्तव हैं। डॉक्टर अपना 100 फीसदी दे रहे हैं। उनकी रिकवरी हो रही है। जल्दी गजोधर भैया कॉमेडी की दुकान के ज़रिए आपको हंसाने आयेंगे, दुआ कीजिए। गजोधर भैया फाइटर हैं, जल्दी जीतेंगे। दो दिन से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।’

राजू की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने भी एक संदेश में कहा कि उनके पति एक फाइटर हैं और वह हम सभी के बीच वापस लौटेंगे। उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं। मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृपया अफवाह न फैलाएं। यह हमारे मनोबल को प्रभावित करता है।

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में भीड़ में दम घुटने से 2 श्रद्धालुओं की मौत

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में जुटे श्रद्धालुओं में से दो की तब मौत हो गयी जब वहां अत्याधिक भीड़ हो गयी। भीड़ के चलते इन लोगों का दम घुट गया।

पुलिस के मुताबिक जन्माष्टमी के अवसर पर अचानक श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई और आरती के समय बहुत ज्यादा लोग मंदिर परिसर में इक्कट्ठे हो गए। ज्यादा भीड़ के कारण भीतर उपस्थित दो लोगों का दम घुट गया और उनकी जान चली गयी। याद रहे मथुरा, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थलि माना जाता है, में जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुट जाती है।

उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शुक्रवार को मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर का दौरा किया और राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ‘भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा – परित्राणाय साधूनां विनाशाय चा दुष्कृतम् – हमारे विचारों, कार्यों और दृष्टि को प्रेरित करती है’।

भारत के हथियार जमा करने से एशिया क्षेत्र में पैदा हो रहा है असंतुलन : पाक

पाकिस्तान भारत के हथियारों की ताकत से परेशान है। उसने शनिवार कहा कि भारत ‘निरंकुश तरीके से’ हथियार जमा कर रहा है और उसकी यह कोशिश पूरे दक्षिण एशिया क्षेत्र में ‘असंतुलन’ पैदा कर रही है। पाकिस्तान को लगता है कि इससे शांति और स्थिरता को खतरा पैदा हो रहा है।

अपने साप्ताहिक प्रेस सम्मेलन में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता असीम इफ्तिखार अहमद ने कहा – ‘हमारी लंबे समय से यह चिंता रही है कि हथियारों की होड़ और पिछले कुछ सालों में भारत निरंकुश तरीके से हथियार जुटा रहा है जिससे इलाके में असंतुलन पैदा हुआ है। यह बढ़ता जा रहा है। इससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा पैदा हुआ है।’

उनसे सवाल किया गया था कि भारतीय वायुसेना पंजाब के आदमपुर और हलवारा वायुसेना स्टेशन में एस-400 रूसी मिसाइल रक्षा प्रणाली की तैनाती कर रही है। यह इलाके पाकिस्तान सीमा से 90 से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।

इफ्तिखार ने कहा – ‘पाकिस्तान ने उन चिंताओं को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सदस्यों के साथ साझा किया है। इन मुद्दों को संयुक्त राष्ट्र में संबंधित मंचों पर भी हमने उठाया है।’

लखनऊ में 5.2 तीव्रता का भूकंप, किसी नुकसान की खबर नहीं

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता मापी गयी है। फिलहाल जान-माल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ के उत्तर-पूर्वोत्तर में रिक्टर पैमाने पर 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसका समय सुबह 1.12 बजे था और इसकी गहराई जमीन से 82 किलोमीटर नीचे थी।

बता दें एक दिन पहले उत्तराखंड के पिथौरागढ़ इलाके में भी भूकंप के हलके झटके महसूस किए गए थे और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई थी। एनसीएस के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के हेनले गांव के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में भी भूकंप आया था और उसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.1 थी।

उत्तर भारत में भूकंप लगातार आ रहे हैं। हिमाचल के किन्नौर जिले में भी शुक्रवार को 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

पाकिस्तान के नंबर से मुंबई पुलिस को मिली 26/11 जैसे हमले की धमकी

मुंबई पुलिस को पाकिस्तान के एक टेलीफोन नंबर से शहर में 26/11 जैसे हमले करने की धमकी वाला संदेश मिला है। यह संदेश व्हाट्सएप से भेजा गया है। मुंबई पुलिस ने इस संदेश के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक मध्य मुंबई के वर्ली स्थित नियंत्रण कक्ष से संचालित मुंबई पुलिस की यातायात हेल्पलाइन के व्हाट्सएप नंबर पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे यह धमकी भरे संदेश आए हैं।

इस सन्देश में ’26/11 जैसे हमले करने और शहर को उड़ने की तैयारी कर रहे हैं’ जैसी धमकी वाला संदेश दिया गया है। मुंबई के सीपी विवेक फनसालकर के मुताबिक ट्रैफिक कंट्रोल पर भेजे गयी इस धमकी को लेकर वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया जा रहा है।

इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गयी है। एटीएस को भी सूचित किया गया है। जिस नंबर से धमकी मिली है वो प्रथम दृष्टया पाकिस्तान का लग रहा है। पुलिस के मुताबिक जांच जारी है। उसमें जो कुछ सूचना मिली है, उनमें से कुछ नंबर भारत के हैं। कुछ की जानकारी पुलिस को मिली है।

पुलिस कमिश्नर ने मुंबई वासियों को भरोसा दिलाया है कि उन्होंने इस मैसेज को गंभीरता से लिया है और पुलिस इसकी तह तक जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।

मानहानि मामले में दिल्ली की अदालत ने केजरीवाल, मनीष, यादव को बरी किया तहलका ब्यूरो

दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप के पूर्व नेता योगेंद्र यादव के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला खारिज करते हुए तीनों को बरी कर दिया है। उनके खिलाफ यह मामला एक वकील ने दायर किया था।

अपनी शिकायत में याचिकाकर्ता वकील सुरेंद्र शर्मा ने कहा था कि 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आखिरी समय में आम आदमी पार्टी (आप) से उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी गई थी। कड़कड़डूमा कोर्ट के वकील सुरेंद्र शर्मा ने शिकायत में आरोप लगाया था कि ‘आप’ ने उन्हें 2013 में शाहदरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का वादा किया था।

याचिकाकर्ता ने कहा था कि घोषणा होने के कारण उन्होंने प्रचार के लिए अपने हलके में पोस्टर भी लगवा दिए लेकिन अचानक ‘आप’ ने उनके स्थान पर किसी और टिकट दे दिया। इससे उनकी मानहानि हुई थी। मानहानि की शिकायत दायर कर शर्मा ने कहा कि 14 अक्टूबर, 2013 को प्रमुख अखबारों में छपी खबरों में केजरीवाल ने उनके खिलाफ अपमानजनक और खराब शब्दों का इस्तेमाल किया था।

इसके बाद उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और ‘आप’ की कोर कमेटी के तत्कालीन सदस्य योगेंद्र रावत को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया था। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अब केजरीवाल, सिसोदिया और यादव को मानहानि के इस मामले में बरी कर दिया है।