Home Blog Page 479

चीन ने एलईटी आतंकी पर प्रतिबंध के भारत समर्थित अमेरिकी प्रस्ताव को यूएन में रोका

खबर है कि चीन ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी साजिद मीर को वैश्विक आतंकी घोषित करने और उसे काली सूची में डालने के अमेरिकी प्रस्ताव पर रोक लगा दी है। अमेरिका के इस प्रस्ताव का भारत ने भी समर्थन किया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजिंग ने गुरूवार को लाए गए अमेरिका के उस प्रस्ताव पर रोक लगा दी जिसमें साजिद मीर को सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति के अंतर्गत वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जाना था। इसमें उसे काली सूची में डाले जाने का भी प्रस्ताव था।

इस प्रस्ताव के तहत साजिद की संपतियां जब्त हो जातीं और उस पर यात्रा प्रतिबंध भी लग जाते। मुंबई के 26/11 आतंकी हमले में भूमिका के लिए मीर पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित है। वह भारत की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी शामिल है।

70 साल बाद देश में चीतों की वापसी, पीएम मोदी ने ‘कूनो नेशनल पार्क’ में छोड़े

देश में 70 साल बाद चीतों की वापसी हुई हैं। नामीबिया से विशेष विमान आठ चीते लेकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर एयरपोर्ट उतर चुका हैं। और अब इन चीतों को भारतीय वायु सेना के चिनुक हेलिकॉप्टर से कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया है।

शनिवार की सुबह विशेष विमान द्वारा चीते ग्वालियर के महाराजपुरा पहुंचें। इन आठ चीतों में पांच मादा जिनकी उम्र दो से पांच साल के बीच और तीन नर चीते उनकी आयु 4.5 साल से 5.5 साल के बीच हैं, यह नामीबिया की राजधानी विंडहोक से विशेष मालवाहक विमान 747-400 के जरिये ग्वालियर हवाई अड्डे पर लाए गए है।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर (यानी आज) अपने जन्मदिन पर इन चीतों को कुनो पार्क के संगरोध बाड़ों में छोड़ दिया हैं। नेशनल पार्क मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्थित हैं, जो कि ग्वालियर से करीब 165 किलोमीटर दूर है।

आपको बता दे, भारत सरकार ने चीतों के आयात के लिए नामीबिया सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। वैसे तो पहले भारत में चीतों की काफी संख्या पार्इ जाती थी किंतु धीरे-धीरे उनकी संख्या बहुत कम हो गर्इ। जिसके बाद सन् 1952 में चीतो को भारत में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। और वर्ष 2009 में ‘अफ्रीकन चीता इंट्रोडक्शन प्रोजेक्ट इन इंडिया’ शुरू किया गया था।

इजरायल के सीरिया पर हमले तेज, दमिश्क एयरपोर्ट पर हमले में 5 सैनिकों की मौत

सीरिया के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि इजरायल ने दमिश्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और राजधानी के दक्षिण के कुछ स्थानों पर हवाई हमले किए, जिसमें उसके पांच सैनिकों की मौत हो गयी है। हालांकि, मंत्रालय ने यह भी दावा किया उसकी वायु सेना ने हमले का मुहं तोड़ जवाब देते हुए अधिकांश मिसाइलों को मार गिराया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इज़रायल सीरिया और लेबनान में सहयोगियों को हथियार पहुंचाने के लिए तेहरान के हवाई आपूर्ति लाइनों के बढ़ते उपयोग को बाधित करने के लिए सीरियाई हवाई अड्डों पर हमले तेज कर रहा है।

यह भी कहा गया है कि तेहरान ने जमीनी स्थानान्तरण में अड़चनों के बाद, सीरिया में अपने बलों और संबद्ध लड़ाकों के लिए सैन्य उपकरणों की ढुलाई के लिए हवाई परिवहन को एक अधिक विश्वसनीय साधन के रूप में अपनाया है।

साल 2011 में सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बाद से सैकड़ों हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोग बेघर हो गए हैं।

पीएम मोदी को जन्मदिन पर देश और विदेश से मिल रहे हैं बधाई भरे संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (आज) 72 वर्ष के हो गए हैं। इस अवसर पर उन्हें देश-विदेश से शुभकामनाएं मिल रही हैं। देश की बात करें तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अमित शाह सहित दर्जनों नेताओं ने बधाई दी है।

जन्मदिन पर मोदी आज कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे जिनमें नामीबिया से लाये गए आठ चीतों को कुनो नेशनल पार्क में छोड़ेंगे। एक अधिकारी के मुताबिक जन्मदिन पर पीएम मोदी आज सुबह तीन अफ्रीकी चीतों को पार्क के बाड़ों में छोड़ देंगे।

इस बीच मोदी को देश विदेश से जन्मदिन के बधाई सन्देश मिल रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। जन्मदिन के अन्य कार्यक्रमों में पीएम मोदी आज विज्ञान भवन में नेशनल लॉजिस्टिक पॉलिसी की शुरुआत भी करेंगे।

पीएम मोदी 72वें जन्मदिन पर वन्यजीव और पर्यावरण से लेकर महिला सशक्तिकरण, कौशल और युवा विकास और भावी पीढ़ी की अवसंरचना से जुड़े चार कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

पीएम मोदी को बधाई देने वालों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह, कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री, विपक्षी नेता, भाजपा नेता और अन्य शामिल हैं।

जम्मू कश्मीर में बन सकता है भाजपा, एनसी और आज़ाद की संभावित पार्टी का तिकोण !

क्या जम्मू कश्मीर में भाजपा-नैशनल कांफ्रेंस और गुलाम नबी आज़ाद की जल्दी बनने वाली पार्टी का गठबंधन बनाने की तैयारी है ? भाजपा से हाथ मिलाने पर पीडीपी को घाटी में हुए नुकसान के बावजूद एनसी यह रिस्क ले सकती है। आज़ाद, जिन्होंने हाल में कांग्रेस छोड़ी है और अपनी पार्टी बनाने की तैयारी कर रहे हैं, को लंबे समय से नैशनल कांफ्रेंस के सर्वेसर्वा पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्ला का करीबी माना जाता है। आज़ाद आजकल पीएम मोदी के प्रति ‘झुकाव’ का संकेत दे ही रहे हैं।

‘तहलका’ को मिली जानकारी के मुताबिक भले आज़ाद अभी नजाकत को समझते हुए भाजपा के साथ जाने की बात से इनकार कर रहे हों, उनके ताजा भाषणों से साफ़ दिख रहा है कि वे भाजपा, खासकर पीएम मोदी के प्रति नरम हैं। जम्मू कश्मीर में धारा 370 वापस लेकर मोदी सरकार ने अगस्त 2019 में राज्य का विशेष दर्जा ख़त्म कर दिया था। साथ ही इसे विधानसभा के साथ केंद्र शासित राज्य बना दिया था।

आज़ाद शुरू में मोदी सरकार के इस फैसले के खिलाफ दिखे थे, लेकिन बाद में उन्होंने चुप्पी साध ली थी। कांग्रेस से अलग होकर तो अब आज़ाद खुलकर कहने लगे हैं कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 को अगर कोई तत्काल बहाल कर सकता है तो वे पीएम मोदी ही हो सकते हैं, और कोई नहीं, क्योंकि मोदी ने ही तीन कृषि कानूनों को भी वापस लिया था।

अब आज़ाद कांग्रेस से बाहर चले गए हैं और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैशनल कांफ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला की शान में कसीदे पढ़ रहे हैं तो संकेत मिल रहे हैं कि केंद्र अब्दुल्ला के प्रति नरम पड़ रहा है। भाजपा, जो किसी भी सूरत में जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाने की इच्छुक दिख रही है, पहले भी पीपल’स कांफ्रेंस के नेता सज्जाद लोन को अपने पाले में करके सरकार बनाने की असफल कोशिश कर चुकी है। लोन, जो कुछ महीने के लिए देश से बाहर हैं, से बात नहीं हो सकी।

जम्मू कश्मीर में अगले साल अप्रैल के आसपास विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। वहां हाल में विधानसभा क्षेत्रों की हदबंदी का काम पूरा हो गया था। हालांकि, बाहर के लोगों को वोट के अधिकार देने की चर्चा से कश्मीर में नाराजगी है। वहां आतंकवाद पर अभी भी काबू नहीं पाया जा सका है और अगस्त, 2019 में सुरक्षा बलों की जो संख्या बढ़ाई गयी थी, वह जस की तस है।

राज्य, खासकर कश्मीर में सुरक्षा बलों को मिले विशेषाधिकार वाले कानून अफस्पा (एएफएसपीए) वापस करने की भी मांग है, जैसी की उत्तर पूर्व में है। हालांकि, सरकार वहां ऐसी कोई ढील देने के मूड में नहीं। कारण है अभी भी वहां आतंकवादी घटनाएं जारी हैं। यह भी रिपोर्ट्स हैं कि आतंकवादी गुट स्थानीय युवाओं की भर्ती कर रहे हैं। ऐसे में शांतिपूर्वक विधानसभा चुनाव करवाने की चुनौती छोटी नहीं है।

लेकिन इन सब हालात के बावजूद राजनीतिक गतिविधियां शुरू होती दिख रही हैं। वैसे फ़ारूक़ अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली गुपकार गठबंधन ने हाल में मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। आज़ाद, जो फ़ारूक़ के करीबी माने जाते हैं, के भी गुपकार के साथ जाने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, नैशनल कांफ्रेंस और भाजपा के ‘दोस्ती’ करने की तरफ बढ़ने की चर्चा से घाटी में राजनीतिक परिदृश्य बदल सकता है।

यह कहना कठिन है कि क्या नेशनल कांफ्रेंस सचमुच भाजपा के साथ जाने का रिस्क लेगी। वह पीडीपी के प्रति घाटी की जनता की नाराजगी देख चुकी है। लेकिन हाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना के एक इंटरव्यू में उमर अब्दुल्ला को ‘केंद्र शासित प्रदेश के शीर्ष नेताओं में रत्न की तरह हैं, वाले बयान से राजनीतिक माहौल में गर्मी आ गयी है।

जवाब में उमर ने जो कहा वह भी उत्सुकता बढ़ाने के लिए काफी है। उमर ने कहा – ‘राजनीति में विभाजन और नफरत ही होती है, ऐसा क्यों माना जाता है ? यह बात कहां लिखी है कि राजनीतिक असहमति के लिए हमें एक दूसरे से व्यक्तिगत रूप से घृणा करनी होगी ? मेरे राजनीतिक विरोधी हैं, मेरे दुश्मन नहीं हैं। मैं रवींद्र के अच्छे शब्दों के लिए आभारी हूं।’

जाहिर है भाजपा के लिए हाल तक तल्ख़ भाषा इस्तेमाल करने वाले नैशनल कांफ्रेंस नेता के यह बोल कुछ हट कर हैं। आज़ाद भी दिलचस्प भाषा बोल रहे हैं और रवींद्र रैना के शब्दों में भी उमर के प्रति मिठास झलक रही है। क्या कश्मीर में भाजपा-आज़ाद-एनसी के बीच ‘राजनीतिक खीर’ पकने की तैयारी है !

चीन के चांग्शा शहर में 42 मंजिला इमारत में भीषण आग, नुकसान की अभी जानकारी नहीं

चीन के चांग्शा शहर में शुक्रवार को एक 42 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। अभी तक यह पता नहीं चला है कि इसमें कितने लोग हताहत हुए हैं। बिल्डिंग में भयंकर आग से लपटें उठ रही हैं और फायर फाइटर्स घटनास्थल पर आग बुझाने और बचाव कार्य में जुटे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकारी मीडिया ने हताहतों की संख्या को लेकर कहा – ‘अभी तक यह अज्ञात है’। राज्य के ब्रॉडकास्ट सीसीटीवी के मुताबिक बिल्डिंग में ऊपर से नीचे तक आग की लपटें दिख रही हैं। वहां घना धुंआ फैला हुआ है। फायर फाइटर्स ने आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

बताया गया है कि इस बिल्डिंग में राज्य के स्वामित्व वाली दूरसंचार कंपनी चाइना टेलीकॉम का दफ्तर भी है। हुनान के दमकल विभाग के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 42 मंजिला इमारत की बाहरी दीवार में आग लग गई है।

कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आग अब बुझा दी गई है और कोई हताहत नहीं हुआ है। हुनान प्रांत की राजधानी चांग्शा की आबादी करीब एक करोड़ है। आग पर काबू पाने के लिए 36 दमकल वाहन और 280 दमकलकर्मी घटनास्थल पर तैनात हैं।

शेयर बाज़ार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,100 और निफ्टी 300 से ज्यादा अंक लुढ़का

भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को हाल के तीन महीने की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 1,100 अंक नीचे जा फिसला है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इंडेक्स निफ्टी में 300 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखी गयी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्लोबल संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते फिलहाल सेंसेक्स 1049 अंकों की गिरावट के साथ 58,892 तो निफ्टी 325 अंकों की गिरावट के साथ 17,551 अंकों पर कारोबार कर रहा है।

बाजार में भारी बिकवाली के चलते सभी सेक्टर के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। बैंक निफ्टी 1.49 फीसदी यानी 615 अंक गिरकर 40,593 अंकों पर ट्रेड कर रहा है। निफ्टी ऑटो 3.33 फीसदी, निफ्टी आईटी 3.02 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी 1.64 फीसदी यानी 723 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ऑयल एंड गैस सेक्टर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स के शेयर भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। निफ्टी के 50 शेयरों में केवल 2 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं बाकी 49 शेयरों में गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल एक शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहा है जबकि अन्य 29 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।

सेंसेक्स में महिंद्रा के शेयर में सबसे बड़ी गिरावट है और शेयर 4.55 फीसदी की गिरावट के साथ 1237.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा है और केवल इंडसइंड बैंक का शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहा है। इस स्थिति में निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में बड़ी सेंध लगी है. बीएसई का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये घट गया है जबकि 285.9 लाख करोड़ रुपये से घटकर मार्केट कैप 280 लाख करोड़ रुपये रह गया है।

अगला शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन भारत में ! चिनफिंग की मोदी को बधाई

अगले साल शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की मेजबानी भारत करेगा। इसका संकेत शुक्रवार को समरकंद में मिला जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भारत को एससीओ की अध्यक्षता ग्रहण करने पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने इस अवसर पर मुस्कुराते हुए हाथ भी मिलाया।

शिखर सम्मेलन के पहले दिन पीएम मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और शंघाई सहयोग संगठन के अन्य सदस्य देशों के नेताओं ने समरकंद में क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति और व्यापार और संपर्क बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। एससीओ समूह के देश दुनिया की 40 फीसदी आबादी और 30 फीसदी वैश्विक जीडीपी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भारत के अगले एससीओ की मेजबानी करने का संकेत तब मिला जब चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग ने मोदी को इसके लिए बधाई दी। दोनों नेताओं ने इस अवसर हाथ मिलाया। चिनफिंग ने कहा – ‘चीन अगले साल सम्मेलन आयोजित करने में भारत की मदद करेगा।’

चिनफिंग के बयान से लगता है कि अगला एससीओ सम्मेलन भारत में होगा। भारत-चीन के बीच लद्दाख सीमा पर सैन्य तनाव होने के बाद दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष पहली बार आमने-सामने मिले हैं।

उधर वार्षिक सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा – ‘हम भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना चाहते हैं।’ शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बातचीत का एजेंडा व्यापार और राजनीति होगा।

रहस्यमय कथा, चलती रेल के डिब्बे ग़ायब!


महज़ सात साल में ग़ायब हुए चलती मालगाड़ी के खाद्यान्न से भरे 500 से अधिक डिब्बे

देश में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि इन्हें उखाड़ फेंकना आसान नहीं है। खाद्यान्न भ्रष्टाचार भी ऐसा ही एक बड़ा भ्रष्टाचार है, जिसकी गहरी जड़ों तक पहुँचना आसान नहीं है। हद तो यह है कि खाद्यान्न ले जाने वाली मालगाडिय़ों के डिब्बे तक भ्रष्टाचारियों द्वारा ग़ायब किये जा रहे हैं। हैरानी की बात है कि यह सब वर्षों से हो रहा है और सरकार को इसकी भनक तक नहीं है। यहाँ तक कि अधिकारी भी इसका जवाब तलाश रहे हैं। इसी रहस्यमय कथा पर तहलका एसआईटी की जाँच रिपोर्ट :-

भारतीय खाद्य निगम (एफएसआई) से सम्बन्धित एक मालगाड़ी गेहूँ और चावल लेकर ट्रैक पर तेज़ी से दौड़ रही है। इसे दो-तीन दिन में हज़ारों किलोमीटर की दूरी तय करके अपने गंतव्य तक पहुँचना है। लेकिन जब यह ट्रेन गंतव्य पर पहुँचती है, तो पता चलता है कि इस मालगाड़ी के 40 डिब्बे ग़ायब हैं! यह किसी फ़िल्म की कहानी नहीं है, और न ही कोई सपना; बल्कि यह एक हक़ीक़त है। वर्षों से भारत में खाद्य निगम के खाद्यान्न ले जाने वाली मालगाडिय़ों के कुछ डिब्बे बीच में ही ग़ायब हो रहे हैं। हम सभी ने ट्रक, कार, मोटरबाइक, ट्रैक्टर आदि के लापता होने की घटनाओं के बारे में ज़रूर सुना है। इसके मामले भी दर्ज होते हैं; मगर कभी ट्रेन की बोगियों (डिब्बों) के लापता होने की ख़बर नहीं सुनी होगी। लेकिन अविश्वसनीय रूप से ऐसा वर्षों से होता आ रहा है।

‘तहलका’ के इस ख़ास ख़ुलासे को पढऩे के बाद आप सोच में पड़ जाएँगे कि ट्रेन के डिब्बों की चोरी भला कैसे सम्भव है? क्या इतने वर्षों तक लोहे के इन बड़े डिब्बों को कहीं छिपाना सम्भव और आसान है? इस अपराध के लिए कौन लोग ज़िम्मेदार हैं? ये भरी हुई बोगियाँ आख़िर गयीं कहाँ? यह सब रहस्य बना हुआ है। ट्रेन के डिब्बों के ग़ायब होने की रहस्यमय कथा किसी जादू भरी रहस्यमय कथा से कम नहीं लगती। लेकिन यह सच है।

‘तहलका एसआईटी’ ने कई आरटीआई के जवाबों के आधार पर की अपनी श्रमसाध्य जाँच की मदद से भारत में मालगाड़ी के लापता डिब्बों की दास्ताँ सामने रखी है। इस तरह की जाँच न पहले कभी हुई है, और न ही अब तक इस तरह की ख़बर सुनने को मिली है।

आमतौर पर मालगाडिय़ों में 42 से 58 डिब्बे होते हैं। इन्हें स्पेशल ट्रेन और रैक भी कहा जाता है। जब भी डिब्बों के लापता होने की ये घटनाएँ होती हैं, तो एफसीआई के लोग मामले की जाँच शुरू कर देते हैं। भारतीय रेलवे को भी इसकी जानकारी दे दी जाती है। इसके बाद मामला एफसीआई और भारतीय रेलवे के बीच फँस जाता है। ट्रेन की बोगियों के लापता होने की गुत्थी को सुलझाने के लिए दोनों विभाग इस मामले की जाँच में जुट गये हैं। कुछ मामलों में तो घटना को हुए 35 साल से ज़्यादा हो चुके हैं; लेकिन डिब्बों के लापता होने का मामला अनसुलझा है। जब एफसीआई अपने लापता (गेहूँ और चावल से भरे) डिब्बों का कोई सुराग़ पाने में विफल रहता है, तो विभाग भारतीय रेलवे के समक्ष खोये हुए सामान के मुआवज़े के लिए एक मामला बनाता है।

जानकारों के मुताबिक, एक बोगी (डिब्बे) में क़रीब 60 टन अनाज होता है। हमारे देश में गेहूँ और चावल की विभिन्न क़िस्में हैं। इन अनाजों की क़ीमत ट्रेन में लदे गेहूँ और चावल की गुणवत्ता के हिसाब से तय की जाती है। अनुमान है कि एक डिब्बे में कम-से-कम 15 से 20 लाख रुपये का माल होता है। डिब्बों के लापता होने की ऐसी घटनाएँ वर्षों से होती आ रही हैं; लेकिन पिछले चार साल से आरटीआई दाख़िल होने के बाद ही यह मामला सामने आया है। न्यायालयों में अभी भी आरटीआई दायर की जा रही हैं।

हालाँकि यह एक गम्भीर मामला है। लेकिन एफसीआई के बहुत कम क्षेत्रीय (जोनल) कार्यालय इस मामले की रिपोर्ट देने के लिए आगे आये हैं। अभी तक कुछ अंचल कार्यालयों की शिकायतों के आधार पर ही आरटीआई दायर की गयी है। गुवाहाटी के क्षेत्रीय कार्यालयों ने अन्य की तुलना में अधिक शिकायतें दर्ज करायी हैं।

भारत में रेल पटरियों पर मालगाड़ी का गुज़रना एक जाना-पहचाना दृश्य है। इन ट्रेनों के माध्यम से भारी मात्रा में मुख्य रूप से माल का परिवहन किया जाता है। एफसीआई की वेबसाइट पर जाने के बाद हमने पाया कि गेहूँ और चावल का परिवहन मुख्य रूप से मालगाडिय़ों के माध्यम से किया जाता है। हालाँकि हमने इन अनाजों का परिवहन रोडवेज के ज़रिये भी देखा है; लेकिन मालगाडिय़ों की तुलना में उसकी क्षमता बहुत कम है। इसका पूरा डाटा एफसीआई की वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकता है।

साल 2021-22 में गेहूँ और चावल के अनाज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने वाली रेलों की संख्या 39,773 थी। एफसीआई के पाँच क्षेत्रीय कार्यालय हैं- उत्तर-पूर्व, पूर्वी क्षेत्र, दक्षिण क्षेत्र, उत्तर क्षेत्र और पश्चिम क्षेत्र। ये सभी स्पेशल मालगाडिय़ाँ इन्हीं क्षेत्रों में गयीं। उत्तर पूर्व क्षेत्र में पहुँचने वाली विशेष ट्रेनों की संख्या 2,333 थी, जबकि 15,762 को उत्तर क्षेत्र में भेजा गया था।

इस मामले में 14 जून, 2022 को दायर आरटीआई के अनुसार, गुवाहाटी स्थित एफसीआई के उत्तर-पूर्व क्षेत्र कार्यालय ने डिब्बों के गुम होने की शिकायत दर्ज करायी गयी थी। उनके द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 21 जून, 2003 को एक विशेष ट्रेन / रैक नंबर / 23/342612 (केएनएन) पंजाब के खन्ना रेलवे स्टेशन से असम में (एनबीक्यू) नये बोंगाईगाँव जंक्शन के लिए रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन में थोक में चावल ले जाया जाता था। प्रत्येक डिब्बे में चावल के क़रीब 1,156 से 1,184 बड़े बोरे होते थे। एक बोरे का वज़न 50 किलोग्राम था। इन ट्रेनों में केएनएन से एनबीक्यू का सीक्रेट कोड लिखा हुआ था। हालाँकि एफसीआई द्वारा प्रदान की गयी जानकारी यह स्पष्ट नहीं करती है कि ट्रेन में कुल कितने डिब्बे थे, ट्रेन के असम पहुँचने के बाद ही पता चला कि इस मालगाड़ी के 40 डिब्बे ग़ायब हो गये थे। कुछ लापता डिब्बों, जैसे- एससी-38655, एसई-108285 और एसआर-181117 आदि की संख्या आरटीआई में दर्ज है।

सात साल में 500 से अधिक डिब्बे ग़ायब















14 जून, 2022 को इस सम्बन्ध में एक आरटीआई दायर की गयी थी। इसके जवाब में दी गयी जानकारी में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि 2003-04 में उत्तर पूर्व क्षेत्र में पहुँची मालगाडिय़ों के 143 डिब्बे ग़ायब पाये गये थे। गुवाहाटी डिवीजन का कहना है कि 17 साल से अधिक समय बीत चुका है; लेकिन इन खोये हुए डिब्बों का अब तक कोई सुराग़ नहीं है। एफसीआई, गुवाहाटी के उत्तर-पूर्व क्षेत्रीय कार्यालय ने 2000-01 से 2005-06 तक आरटीआई में खोये हुए डिब्बों की पूरी सूची दी है, जिसका उल्लेख नीचे किया गया है :-

साल 2000-01 : इस साल अनाज के 66 डिब्बे अपने गंतव्य तक नहीं पहुँच पाये, जिनमें से 59 चावल के और सात डिब्बे गेहूँ के थे। 01 दिसंबर, 2000 को आरआर03/054367 नंबर वाली एक विशेष ट्रेन से 16 डिब्बे ग़ायब पाये गये। प्रत्येक डिब्बे में चावल की 620-639 बोरियाँ थीं। प्रत्येक डिब्बे का वज़न 95 किलोग्राम था।

साल 2001-02 : इस साल विशेष ट्रेनों से 68 डिब्बे ग़ायब पाये गये, जिनमें से 54 में चावल और शेष 14 में गेहूँ लदा हुआ था। 03 सितंबर, 2001 को 20 डिब्बों का पता नहीं चल सका और वे सभी एक ही समय में लापता हो गये। इस स्पेशल ट्रेन का नंबर, जिसने अपने 20 डिब्बों को खो दिया, वह आरआर13/211770 था। प्रत्येक डिब्बे में 610 से 1,158 बोरियाँ चावल की थीं और ये बोरियाँ 50 किलो, 75 किलोग्राम और 95 किलोग्राम के अलग-अलग वज़न की थीं।

साल 2002-03 : इस साल 111 डिब्बे अपने गंतव्य तक नहीं पहुँच पाये, जिसमें 99 चावल के थे; जबकि 12 डिब्बे गेहूँ के थे। इसी तरह 21 जून, 2002 को 11 डिब्बे एक साथ ग़ायब पाये गये। इस स्पेशल ट्रेन का नंबर आरआर04/119643 था। प्रत्येक डिब्बे में 1,162 से 1,195 बोरियाँ चावल की थीं, जिनमें से प्रत्येक का वज़न 50 किलोग्राम था। इसी वर्ष 01 अगस्त को आरआर 08/138029 नंबर वाली एक अन्य विशेष ट्रेन से 11 डिब्बे ग़ायब पाये गये। प्रत्येक डिब्बे में 1,097 से 1,204 चावल की बोरियाँ थीं, जिसमें प्रति बोरी का वज़न 50 किलोग्राम था। 02 अगस्त, 2002 को आरआर15/211921 नंबर वाली एक अन्य ट्रेन की 11 डिब्बे ग़ायब हो गये। प्रत्येक डिब्बे में चावल की 742-758 बोरियाँ थीं, जिनमें से प्रत्येक का वज़न 75 किलोग्राम था। 09 नवंबर, 2002 को एक और विशेष ट्रेन के 12 डिब्बे ग़ायब पाये गये, जिसमें प्रत्येक डिब्बे में 884 से 1,180 बोरियाँ चावल की थीं और प्रत्येक बोरी का वज़न 75 किलोग्राम था।

साल 2003-04 : इस वर्ष के दौरान क़रीब 143 डिब्बे ग़ायब पाये गये। इनमें से 132 डिब्बों में चावल की बोरियाँ थीं, जबकि 11 में गेहूँ की बोरियाँ लदी थीं। वहीं 21 जून, 2003 को विशेष ट्रेन (आरआर 23/342612) के 40 डिब्बे ग़ायब हुए, जिनका कोई सुराग़ नहीं मिला। इसमें क़रीब 1,156 से 1,184 बोरियाँ चावल की थीं और प्रत्येक बोरी का वज़न क़रीब 50 किलोग्राम था।

साल 2004-2005 : इस साल भी एक मालगाड़ी की 96 डिब्बे ग़ायब पाये गये। इसमें 83 चावल की थीं; जबकि शेष 13 गेहूँ की बोरियाँ थीं। विशेष ट्रेन (आरआर06/030994) के 18 डिब्बे क़रीब 1,163 से 1,186 बोरी चावल के साथ ग़ायब हो गये।

साल 2005-2006 : इस साल एक विशेष ट्रेन के 28 डिब्बे ग़ायब हुए। इनमें चावल के 23 डिब्बे और गेहूँ के पाँच डिब्बे थे।

साल 2006-07 : इस साल एक मालगाड़ी के सात डिब्बे ग़ायब हो गये। इनमें चार डिब्बे चावल के थे और तीन गेहूँ के थे।

ऊपर दी गयी सूची से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि यह चोरी कितनी गम्भीर है और इस मामले को सुलझाना कितना मुश्किल है। ऐसे सभी लापता डिब्बों का विवरण एफसीआई के पास पंजीकृत है। उनके दस्तावेज़ों में इस कथित चोरी की सारी जानकारी है। एफसीआई विभाग अपनी ओर से शोध करने के बाद भारतीय रेलवे में शिकायत दर्ज कराते हैं। दोनों विभागों के आला अधिकारी आपस में बैठकर मामले पर चर्चा करते हैं, जिसे वे सुलह बैठक कहते हैं। बैठक में दोनों विभागों के सम्बन्धित अधिकारियों ने विशेष ट्रेनों के लापता डिब्बों और इस मार्ग से ले जाये जा रहे खाद्यान्न के विवरण पर चर्चा की। सुलह बैठक और आपसी समझ के बाद एफसीआई भारतीय रेलवे के पास खोये / लापता डिब्बों की शिकायत दर्ज कराता है, और उनके खोये हुए खाद्य भण्डार के लिए मुआवज़े की माँग करता है। ऐसे डाटा का विवरण नीचे दिया गया है।

भारतीय रेलवे के अधिकारियों और क्षेत्रीय कार्यालय गुवाहाटी की पहली बैठक 3 मई, 2005 को मालेगाँव में मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (दावा) कार्यालय में हुई थी। बैठक में भाग लेने वाले एफसीआई के अधिकारी संयुक्त प्रबंधक आन्दोलन एम.एल. सोलंकी, एजी प्रथम (डी) और एस.बी. शर्मा थे; जबकि डिप्टी सीसीएम (दावा), एस.के. करमाकर और सीआईजी गुहा राय ने रेलवे का प्रतिनिधित्व किया।

इस बैठक का एजेंडा वर्ष 1996-98 में चावल के 220 डिब्बों और गेहूँ के 46 डिब्बों के ग़ायब हो जाने पर चर्चा करना था। इस मामले को आगे सुलह के लिए भेजा गया था। फिर 13 अप्रैल, 2005 को भी मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, मालेगाँव में रेलवे और क्षेत्रीय अधिकारियों गुवाहाटी के बीच एक बैठक आयोजित की गयी थी। इस बैठक का एजेंडा सन् 1986 से सन् 1996 तक लापता डिब्बों पर चर्चा करनी थी, जिसमें क़रीब 5,100 चावल की बोरियाँ और 2,178 गेहूँ की बोरियाँ ले जायी गयी थीं। इसमें 28 दिसंबर, 2004 तक के ही आँकड़ों पर चर्चा की गयी थी। बैठक में मैनेजर मूवमेंट एम.एल. सोलंकी, एजी प्रथम (डी) और एफसीआई से एस.बी. शर्मा, रेलवे से डिप्टी सीसीएम (दावा) एस.के. कर्मकार और सीआईए चट्टोपाध्याय ने भाग लिया था।

इसके बाद 22 फरवरी, 2007 को भी रेलवे अधिकारियों और एफसीआई के क्षेत्रीय अधिकारियों (गुवाहाटी) के बीच ऐसी ही एक बैठक हुई। इस बैठक का मक़सद उन डिब्बों पर चर्चा करना था, जो 2000-01 और 2004-05 के बीच ग़ायब हो गये थे। इस दौरान 427 डिब्बे चावल और 57 डिब्बे गेहूँ ग़ायब पाये गये।

बैठक में भाग लेने वाले एफसीआई के अधिकारी संयुक्त प्रबंधक आन्दोलन एम.एल. सोलंकी, एजी प्रथम (डी) एस.बी. शर्मा और एजी सेकेंड (एम) आर.एन. दत्ता थे। मालेगाँव में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (दावा) कार्यालय में हुई बैठक में रेलवे की ओर से एस.के. करमाकर और सीईओ ए.के. प्रसाद ने हिस्सा लिया।

सबसे अधिक असुरक्षित क्षेत्र
मालगाडिय़ों के डिब्बे गुम होने के मामले में जो आरटीआई दायर की गयी है, उससे पता चलता है कि 2000-2001 से 2004-05 तक क़रीब 500 से अधिक डिब्बे खाद्यान्न ग़ायब हो गये; जिनमें से अधिकांश डिब्बे चावल से लदे थे। आरटीआई के मुताबिक, एफसीआई और रेलवे के अधिकारी अब तक 5,500 से अधिक डिब्बों के लापता होने पर चर्चा कर चुके हैं। ‘तहलका’ को अपने स्रोतों और आरटीआई से जो विवरण मिला है, उसमें उत्तर-पूर्वी एफसीआई जोन ने अब तक डिब्बों के गुम होने की सबसे अधिक शिकायतें दर्ज करायी हैं।

लापता डिब्बों की सूची
1. आरटीआई से मिले जवाब के मुताबिक, 3 दिसंबर, 2021 को एफसीआई, कर्नाटक के क्षेत्रीय कार्यालय ने भारतीय रेलवे को 54 डिब्बों का दावा दायर किया। ये 54 डिब्बे सन् 2015 और सन् 2020 के बीच की अवधि के दौरान ग़ायब हो गये थे। इसके अलावा एक अन्य आरटीआई में एफसीआई अधिकारियों ने 28 फरवरी, 2019 से 20 मार्च, 2019 तक चावल के चार और डिब्बों के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी है। आरटीआई से पता चला है कि पश्चिम क्षेत्र मुम्बई कार्यालय (एफसीआई) ने 20 मई को लापता डिब्बों की जानकारी दी है। इसी तरह 15 मार्च, 2011 को एफसीआई पश्चिम क्षेत्र, मुम्बई के अधिकारियों और रेलवे अधिकारियों ने मुम्बई में एक बैठक की, जिसमें डिब्बों के लापता होने के मामले पर चर्चा की गयी। बैठक में एम.एल. सहगल (जीएम मूवमेंट), के.के. बरुआ (डीजीएम मूवमेंट), बी.के. त्यागी (एजीएम मूवमेंट), कामना ज्ञान (मैनेजर मूवमेंट) ने एफसीआई जबकि एस.आर. सेठी (टीसी दावा), वीरेंद्र कुमार, (एसओ) ने टीसी तृतीय की तरफ़ से और सीएमआई अनिल कुमार गुप्ता ने रेलवे की तरफ़ से हिस्सा लिया।

2. इस बैठक में मुख्य रूप से 1986-96 से 1996-2000 तक के गुम डिब्बों के मामलों पर चर्चा की गयी। इस सम्बन्ध में मुम्बई, गोवा, मैसूर और कोलकाता में पहले ही बैठकें हो चुकी हैं। कुल 51 डिब्बे ग़ायब पाये गये। सन् 1986 से सन् 1996 के दौरान 15 डिब्बे ग़ायब हो गये, जिनमें से केवल 10 गेहूँ के डिब्बे थे और पाँच चावल के डिब्बे थे। 1996-2000 की अवधि के दौरान क़रीब 36 डिब्बे ग़ायब हुए, जिसमें गेहूँ के 20 थे और 16 डिब्बे चावल के थे।

इसके बाद 13 मार्च, 2019 की एक अन्य आरटीआई में हमने पाया कि एफसीआई के पश्चिम क्षेत्र कार्यालय ने पाँच लापता डिब्बों के लिए रेलवे के सामने दावा किया है। 25 फरवरी, 2004 को विशेष ट्रेन (396427) में ईआर39873 (बीसीएक्सटी) संख्या वाले एक डिब्बे में 1,098 अनाज की बोरियाँ थीं। अनाज की क़ीमत क़रीब 3.34 लाख रुपये थी। यह ट्रेन पंजाब के फ़िरोजपुर से महाराष्ट्र के गोंदिया के लिए रवाना हुई थी। 15 जुलाई, 2018 को 2620000366 नंबर वाली एक विशेष ट्रेन लक्ष्य बन गयी, जिसके तीन डिब्बे डब्ल्यूएन ईसीओआर74377, डब्ल्यूआर18115, एनडब्ल्यूआर96310 से क्रमश: 1,155; 1,150 और 1,149 बोरियाँ खाद्यान्न की ग़ायब हो गयीं। इस अनाज की क़ीमत क़रीब 39.19 लाख रुपये थी। यह ट्रेन हरियाणा के नरवाना से महाराष्ट्र के बारामती के लिए रवाना हुई थी।

21 जुलाई, 2018 को विशेष ट्रेन (262000360) की संख्या एफसीआरओ42692 के साथ एक और डिब्बा, जिसमें 1,274 बोरियाँ थीं ग़ायब हुआ। यह ट्रेन हरियाणा के सफीदों से महाराष्ट्र के परली के लिए रवाना हुई; लेकिन अपने गंतव्य तक पहुँचने से पहले ही डिब्बा ग़ायब हो गया। अनाज की क़ीमत क़रीब 14.23 लाख रुपये थी।

3. इस तरह की कई गुमशुदगी घटनाएँ केरल में भी हुई थीं; लेकिन केरल के कोल्लम ज़िले ने ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं की थी। यह तभी हुआ, जब आरटीआई कार्यकर्ताओं ने उनसे अपील की, तो वे आगे आये और एनडब्ल्यूआर बीसीएनए10994 नंबर के साथ एक डिब्बे के लापता होने का मामला दर्ज कराया। यह जानकारी 10 अप्रैल, 2019 को दी गयी थी। 22 फरवरी, 2019 से डिब्बे और उनमें लदी खाद्यान्न की बोरियाँ ग़ायब हुई थीं, जिनका कोई विवरण नहीं दिया गया था कि ये बोरियाँ गेहूँ की थीं या चावल की थीं। आरटीआई के मुताबिक, चेन्नई के अंचल कार्यालय ने बताया कि 28 फरवरी, 2019 तक दो डिब्बों में लदा 30.45 लाख रुपये क़ीमत का खाद्यान्न ग़ायब हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले छ: वर्षों में परिवहन के दौरान 2,503 मीट्रिक टन गेहूँ और चावल बर्बाद हो गया है। लेकिन अनाज का नुक़सान कैसे हुआ, और खोई हुई गाडिय़ाँ कैसे वापस मिलीं? इसे लेकर उसकी तरफ़ से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गयी।

4. 13 मार्च, 2019 को भुवनेश्वर के क्षेत्रीय कार्यालय ने 26000702 नंबर वाली एक विशेष ट्रेन से एक लापता डिब्बे एसई98210 के बारे में जानकारी दी। यह डिब्बा 29 अप्रैल, 2018 से ग़ायब था। इसमें 1,275 बोरियों में 63.32 मीट्रिक टन खाद्यान्न ले जाया गया था। इस अनाज की क़ीमत क़रीब 17.80 लाख रुपये थी।

5. एफसीआई गुरदासपुर (पंजाब) के क्षेत्रीय अधिकारी के अनुसार, 30 जुलाई, 2018 को डिब्बा एसएनएफ एबीसीएनए60056, संख्या आरआर150 के साथ एक विशेष ट्रेन के हिस्से के रूप में गुरदासपुर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था। लेकिन जब यह स्पेशल ट्रेन अपने गंतव्य पर पहुँची, तो यह डिब्बा नहीं मिला। ट्रेन में खाद्यान्न ले जाने के बारे में कोई विवरण नहीं है। जब आरटीआई दायर की जा रही थी, तब भी एफसीआई के रिकॉर्ड में डिब्बा ग़ायब था। उन्हें कोलकाता बुलाया गया। कोलकाता के एफसीआई के क्षेत्रीय कार्यालय को भी लापता डिब्बों की जानकारी प्रदान करने के लिए कहा गया था। लेकिन अधिकारियों ने एक पत्र में जवाब दिया कि उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। आरटीआई में कहा गया है कि एक अधिनियम का हवाला देते हुए उन्हें ब्योरा देने के लिए कोलकाता बुलाया गया था।

हो रही सीबीआई जाँच
9 फरवरी, 2018 को, सीबीआई के पटना कार्यालय ने एक प्राथमिकी (आरसी 02320180004) दर्ज की। यह प्राथमिकी पूर्वी रेलवे के मुख्य सतर्कता अधिकारी ने दर्ज की थी। आरटीआई की दूसरी अपील का ज़िक्र करते हुए रेल मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के जमालपुर के आरपीएफ पोस्ट पर दर्ज प्राथमिकी में साफ़तौर पर कहा गया है कि स्पेशल ट्रेनों के 86 डिब्बे ग़ायब थे।

केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) अब इन गुमशुदा डिब्बों के मामले की जाँच कर रहा है। सीबीआई की प्राथमिकी में लापता डिब्बों की संख्या 100 है और इनकी क़ीमत क़रीब 34 करोड़ रुपये है। अभी रेलवे इन डिब्बों का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। हालाँकि ये डिब्बे अब रेलवे की दूसरी तरफ़ यानी धोबीघाट पर हैं, जहाँ मरम्मत का काम किया जाता है। ‘तहलका’ सूत्रों के मुताबिक, इन डिब्बों के पहिये और अन्य हिस्सों को हटा दिया गया है।

तीन दशक से अधिक समय से लटके मामले
यह जानकर वास्तव में आश्चर्य होता है कि इतनी बड़ी संख्या में मालगाड़ी के डिब्बे इतने वर्षों से ग़ायब हैं और अभी भी उनके ठिकाने का कोई सुराग़ नहीं है। क़रीब 32-33 साल से ज़्यादा का समय हो गया है; लेकिन अभी भी लापता डिब्बों का कोई पता नहीं चला है।

यह जानकारी आपको चौंका देगी और शायद आपको हँसी भी आये कि जब पूरी ट्रेन अपने ट्रैक पर चल रही है, तो कुछ डिब्बे कैसे ग़ायब हो सकते हैं? आख़िर ये लोहे के बड़े-बड़े बक्से हैं और इन्हें किसी के लिए भी ले जाना कैसे असम्भव होगा? क्योंकि ये किसी पार्क में खड़े नहीं रहे होते, और न ही इतने हल्के होते हैं कि कोई आसानी से पार कर सके। कम-से-कम कहने के लिए तो यह चौंकाने वाली बात ही है कि सन् 1987 और सन् 2019 के बीच ग़ायब हुए डिब्बों का कोई सुराग़ नहीं है।

आरटीआई के अनुसार, छत्तीसगढ़ से केरल के एर्नाकुलम जाने वाली एक विशेष ट्रेन आरआर310625 का ईआरसी22283 नंबर वाला एक डिब्बा भी ग़ायब था। इस स्पेशल ट्रेन में 24.5 मीट्रिक टन वाले 256 बोरी चावल लदे हुए थे। हैरानी की बात यह है कि एफसीआई का दावा अभी भी रेलवे के पास लम्बित है।

48 करोड़ की चीनी ग़ायब
एफसीआई न केवल गेहूँ और चावल, बल्कि अन्य खाद्यान्न और खाद्य भण्डार का भी परिवहन करता है। इन्हें विशेष ट्रेनों से दूसरे राज्यों में भी भेजा जाता है। इससे पहले एफसीआई ने चीनी का भण्डार दूसरे राज्यों में भी पहुँचाया था। गेहूँ और चावल की तरह चीनी के डिब्बों को भी एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजा जाता था। चीनी के डिब्बों के ग़ायब होने के मामले भी सामने आये हैं और पूर्वोत्तर के जोनल कार्यालय ने आरटीआई में इस सम्बन्ध में विवरण पहले ही दे दिया है। वर्ष 1984-85 से 1994-95 तक चीनी लदी कई विशेष ट्रेनें उत्तर-पूर्व क्षेत्रों में भेजी गयीं; लेकिन कुछ डिब्बे गंतव्य तक पहुँच ही नहीं सके।

एफसीआई ने रेलवे को इस नुक़सान के बारे में कई लिखित शिकायतें भेजी हैं; लेकिन कोई सन्तोषजनक जवाब नहीं मिला है। 24 मार्च, 2015 को एफसीआई ने रेलवे को 48.18 करोड़ रुपये के दावे के बारे में याद दिलाने के लिए एक और पत्र भेजा। एफसीआई के क्षेत्रीय कार्यालय की अभी भी रेलवे से चर्चा जारी है; लेकिन अभी तक कोई सन्तोषजनक जवाब नहीं मिला है। आरटीआई में कहा गया है कि सन् 1993 से सन् 1997 के बीच में चीनी के आठ डिब्बे ग़ायब हैं, जो पहली जनवरी, 2008 को रेलवे को भेजे गये पत्र में उल्लिखित हैं।

सम्भावित कारण
रेलवे सूत्रों के अनुसार, डिब्बों के ग़ायब होने का कारण एक्सल बॉक्स का गर्म या अधिक गर्म होना हो सकता है। रेलवे वाहन में हॉट एक्सल बॉक्स तब होता है, जब अपर्याप्त व्हील बेयरिंग ल्यूब्रिकेशन के कारण तापमान में वृद्धि होती है। यदि पता नहीं चले, तो तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है; जब तक कि कोई बर्न ऑफ न हो, जो पटरी से उतरने या आग लगने का कारण हो सकता है। तो यह कारण हो सकता है कि इन विशेष ट्रेनों से कुछ डिब्बों को अलग कर दिया जाता है; लेकिन हम इस सम्भावना से इनकार नहीं कर सकते हैं कि हॉट एक्सल घटना की आड़ में कुछ और डिब्बों को भी हटाया जा सकता था।

जानकारों के मुताबिक, रेलवे उन सभी ट्रेनों का रिकॉर्ड रखता है, जो पटरियों पर चल रही हैं या यार्ड में खड़ी हैं। ये ब्योरा (रिकॉर्ड) भारतीय रेलवे के सेंटर फॉर रेलवे इंफार्मेशन सिस्टम (सीआरआईएस) विभाग द्वारा बनाये रखा जाता है। वे (सीआरआईएस के कर्मचारी) इसकी सभी ट्रेनों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखते हैं। वे ट्रेनों के सभी मार्गों से अवगत हैं। जब ये ट्रेनें अपने गंतव्य पर पहुँचती हैं और जब विशेष ट्रेनों को लोड और अनलोड किया जाता है। जब सब कुछ ऑनलाइन रखा जाता है, तो यह कल्पना करना कठिन है कि विशेष ट्रेनों के इन डिब्बों को कैसे हटाया जा सकता है? ऐसे में यह अविश्वसनीय चोरी की सम्भावना बेहद चौंकाने वाली है।

सवालों के घेरे में रेलवे

भारतीय रेलवे के आंतरिक राजस्व का 90 फ़ीसदी से अधिक माल और यात्री सेवाओं के अपने मुख्य व्यवसाय से आता है। हालाँकि रेलवे की माल ढुलाई सेवा जाँच के दायरे में आ गयी है। ‘तहलका’ के इस अंक में हमारी कवर स्टोरी ‘चलती रेल के डिब्बे ग़ायब’ यह उजागर करती है कि कैसे वर्षों से खाद्यान्न और चीनी ले जाने वाली मालगाडिय़ों के डिब्बे बीच सफ़र में ही अचानक ग़ायब हो रहे हैं; जबकि अधिकारी इसका जवाब आज भी खोज रहे हैं। ‘तहलका’ एसआईटी द्वारा कई आरटीआई के माध्यम से जुटायी जानकारी के आधार पर जाँच रिपोर्ट में पाया गया कि भारतीय खाद्य निगम से सम्बन्धित गेहूँ और चावल ले जाने वाली मालगाडिय़ाँ पटरियों पर तेज़ गति से चलती हैं। हालाँकि कई मौक़ों पर पता चलता है कि जब ये मालगाडिय़ाँ अपने गंतव्य तक पहुँचती हैं, तो गेहूँ, चावल और चीनी की खेप सहित कई डिब्बे रहस्यमय तरीक़े से ग़ायब होते हैं।

अपनी तरह के इस पहले ख़ुलासे में पाया गया कि कुछ मामलों में इन मालगाडिय़ों के 42 से 58 डिब्बों में से 40 रास्ते में ही ग़ायब हो गये। ध्यान रहे एक डिब्बे (बोगी) में 60 टन अनाज होता है, जिसकी क़ीमत 15 लाख रुपये से 20 लाख रुपये के बीच होती है। यह संदिग्ध मामला बिना किसी समाधान के एफसीआई और भारतीय रेलवे के बीच लटका है; जबकि कुछ मामले तो तीन दशक से भी अधिक पुराने हैं। यहाँ तक कि डिब्बों के गुम होने के कुछ मामले सीबीआई जाँच के दायरे में भी हैं। दरअसल 14 जून, 2022 को एक आरटीआई दायर की गयी थी और इसके जवाब में दी गयी जानकारी में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि एक साल में उत्तर पूर्व क्षेत्र में पहुँची मालगाडिय़ों के 143 डिब्बे ग़ायब पाये गये। इनमें से 132 डिब्बों में चावल, जबकि 11 में गेहूँ की बोरियाँ लदी थीं। हैरानी की बात यह है कि इन खोये हुए डिब्बों का कोई सुराग़ नहीं मिला, जबकि यह लोहे के विशाल रेल डिब्बे थे, जिन्हें आसानी से कहीं ले जाया या छिपाया भी नहीं जा सकता है। सवाल यह है कि चलती ट्रेन से डिब्बे कैसे ग़ायब होते हैं?

‘तहलका’ की कवर स्टोरी की जाँच सन् 1987 से आज तक की अवधि के दौरान मालगाडिय़ों से लापता 500 से अधिक डिब्बों के बारे में वर्षवार विवरण देती है। आरटीआई से डिब्बों के रहस्यमय ढंग से लापता होने की पुष्टि होती है, तो वहीं क़र्ज़ के जाल में फँसने वाले रेलवे के लिए भी यह गहरी चिन्ता का विषय है। भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) ने 2021-22 के दौरान 38,917 करोड़ रुपये जुटाये। इसके साथ आईआरएफसी की कुल उधारी 3,42,697 करोड़ रुपये हो गयी है, जो सितंबर, 2020 की इसी अवधि की उधारी 2,45,349.32 करोड़ से 40 फ़ीसदी ज़्यादा है।

पिछले सात साल के दौरान रेल मंत्रालय द्वारा जुटाये गये उधार और ऋण लगभग 7,00,000 करोड़ रुपये हैं। इनमें आईआरएफसी द्वारा जुटाये गये 3,42,697 करोड़ रुपये, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) से 1,50,000 करोड़ रुपये का क़र्ज़, हाई स्पीड मुम्बई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के लिए जापान से 1,00,000 करोड़ रुपये और बाक़ी विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक से। साथ ही रेलवे की परिचालन लागत भी बहुत अधिक है, क्योंकि एक रुपया कमाने के लिए उसे 96.2 पैसे ख़र्च करने पड़ते हैं; जिसका अर्थ है कि जो अधिशेष वह कमाता है, वह उसके रखरखाव और वृद्धि के लिए बहुत कम है। इस सबसे ज़ाहिर होता है कि भारतीय रेलवे में कुछ गम्भीर गड़बड़ी है।