Home Blog Page 477

‘नेशनल लॉजिस्टिक पॉलिसी’ को मिली मंजूरी, वर्ष 2030 तक देश को शीर्ष 25 देशों मे शामिल करने का लक्ष्य

कैबिनेट ने नेशनल लॉजिस्टिक पॉलिसी 2022 को मंजूरी दे दी हैं। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गर्इ हैं। यह रसद सेवाओं में अधिक दक्षता के लिए यूलिप, मानकीकरण, निगरानी ढांचे और कौशल विकास की शुरुआत करेगा।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, इसका मकसद लॉजिस्टिक परफॉर्मेंस इंडेक्स रैंकिंग में सुधार करना और वर्ष 2030 तक देश को शीर्ष 25 देशों में शामिल करना हैं।

लॉजिस्टिक इंटरफेस मंच (यूएलआईपी) का विकास करने का प्रस्ताव रखा गया है। जो कि विभिन्न सरकारी एवं निजी एजेंसियों के मददगार के रूप में कार्य करेंगे।

आपको बता दें, केंद्र सरकार की राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति के माध्यम से देशभर में उत्पादों के निर्यात आवागमन को प्रोत्साहन देकर परिवहन से जुड़ी लागत में कटौती करने का लक्ष्य रखा गया हैं।

एनआईए के पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के ठिकानों पर देशव्यापी छापे, कई गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने ईडी और संबंधित राज्यों की पुलिस के सहयोग से देश में कई जगह गुरुवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े ठिकानों पर छापे मारे हैं। इन छापों के दौरान पीएफआई के दर्जनों शीर्ष नेताओं और पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक एनआईए की यह छापेमारी अभी भी चल रही है। उसने उत्तर प्रदेश सहित आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में यह छापे मारे हैं। चार दिन पहले भी एनआईए ने आतंकी गतिविधियों के आरोप में पीएफआई के 40 ठिकानों पर छापे मारे थे। तब यह छापे तेलंगना और आंध्र प्रदेश में मारे गए थे।

जानकारी के मुताबिक आज के देशव्यापी छापों में एनआईए ने पीएफआई के 100 से ज्यादा नेता और पदाधिकारियों गिरफ्तार कर लिए हैं। एनआईए, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राज्य पुलिस के सहयोग से यह साझी छापे मारे गए हैं।

याद रहे पीएफआई पर कानपुर हिंसा, आतंकी गतिविधियों चलाने को अंजाम देने और धर्म के आधार पर नफरत फैलाने के कई आरोप लगते रहे हैं। दिल्ली में सीएए आंदोलन से लेकर मुजफ्फरनगर, शामली और मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई सांप्रदायिक हिंसा में पीएफआई से तार जुड़े होने का भी उस पर आरोप है।

पुतिन की चेतावनी पर जेलेंस्की बोले, दुनिया रूस को परमाणु हथियार इस्तेमाल नहीं करने देगी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक दिन पहले टेलीविजन ब्रॉडकास्ट के जरिये देश को संबोधित करते हुए पश्चिम देशों को चेतावनी देने और अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए ‘हर संभव कदम उठाने’ वाले बयान के बाद जहाँ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि रूस परमाणु हथियारों का प्रयोग करेगा, वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आरोप लगाया कि रूस के नेता ने उस समय बेशर्मी से यूएन चार्टर का उल्लंघन किया जब उन्होंने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला किया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने विदेशी मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेगा। उनका यह बयान तब आया है जब रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि रूस अपने इलाके की रक्षा के लिए हर उपाय करेगा।

हालांकि, ज़ेलेंस्की ने परमाणु हथियारों का संदर्भ देते हुए एक विदेशी टीवी चैनल से कहा कि उन्हें भरोसा नहीं है वो (रूस) इन (परमाणु) हथियारों का प्रयोग करेगा। मुझे विश्वास नहीं है कि दुनिया उन्हें इन हथियारों का प्रयोग करने देगी। इससे पहले राष्ट्रपति जेलेंस्की के प्रवक्ता ने रूस में आंशिक रूप से जवानों की तैनाती को रूसी जनता के लिए बड़ी त्रासदी करार दिया था।

उधर संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने राष्‍ट्रपति पुतिन पर तंज कसते हुए कहा – ‘रूस ने बेशर्म तरीके से यूएन चार्टर के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। रूसी सैन्य बलों ने यूक्रेन के स्कूलों, रेलवे स्‍टेशनों और अस्पतालों पर हमला किया। मास्को का उद्देश्य एक राष्‍ट्र के तौर पर यूक्रेन को तबाह करना है।’

याद रहे रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने अपने देश में जवानों की आंशिक तैनाती की घोषणा की थी और कहा कि यह उपाय आवश्यक है क्योंकि रूस ‘पूरी पश्चिमी सैन्य मशीन’ से लड़ रहा है। रिपोर्ट्स में बताया गया है 3,00,000 ‘रिजर्विस्ट’ (आरक्षित सैनिक) की आंशिक तैनाती की योजना बनाई गई है।

इमरान ने की मोदी की तारीफ़, पूर्व पीएम नवाज़ शरीफ पर जड़े भ्रष्टाचार के आरोप

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ की है। उन्होंने अपने देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ को जहां भ्रष्ट बताया वहीं कहा कि मोदी के विपरीत शरीफ के पास देश से बाहर जितनी संपत्ति हैं उतनी दुनिया के किसी नेता के पास नहीं।

अपनी पार्टी की एक जनसभा में इमरान ने कहा – ‘मुझे किसी एक देश के बारे में बताइए, जिसके प्रधानमंत्री या शीर्ष नेता के पास देश के बाहर अरबों की संपत्ति हो। यहां तक कि हमारे पड़ोसी देश में, पीएम मोदी के पास भारत के बाहर कितनी संपत्ति है? कोई सोच भी नहीं सकता कि नवाज के पास विदेशों में कितनी संपत्ति है।’

वैसे यह पहला अवसर नहीं जब इमरान खान ने मोदी या भारत की तारीफ़ की हो। सत्ता से बाहर होने के वक्त भी इमरान ने भारतीयों को ‘खुद्दार कौम’ बताया था। उस समय उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से अमेरिका पर उन्हें ‘सत्ता से बाहर करने के पीछे होने’ का भी आरोप लगाया था। हाल में भी उन्होंने कहा था कि वह अमेरिका-विरोधी नहीं हैं, लेकिन विदेशी साजिशें हमारी संप्रभुता पर हमला हैं।

खान ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक नीतियों को भी जमकर कोसा और कहा मुसीबत में फंसी अर्थव्यवस्था के वक्त यह लोग (सत्ताधारी) सिर-कटे मुर्गे की तरह इधर-उधर भाग रहे हैं।’

अगले सप्ताह से सुप्रीम कोर्ट में संविधान पीठ के मामलों की सुनवाई की होगी लाइव स्ट्रीमिंग

सुप्रीम कोर्ट में संविधान पीठ के मामलों की सुनवाई की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। यह फैसला सीजेआई यूयू ललित की अगुवाई में मंगलवार को फुल कोर्ट मीटिंग में लिया गया है लाइव स्ट्रीमिंग की शुरूआत अगले हफ्ते से की जाएगी।

बता दे 26 सितंबर 2018 को कानून के छात्र की एक याचिका पर शीर्ष अदालत के फैसले ने संवैधानिक और राष्ट्रीय महत्व के मामलों की अदालती कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की अनुमति दी थी और अदालत ने कहा था कि यह खुलापन सूर्य की रोशनी की तरह हो जो सर्वश्रेष्ठ कीटाणुनाशक हैं।

साथ ही पिछले वर्ष तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने भी कहा था कि सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग जल्द ही शुरू की जाएगी, इसे सक्षम करने के लिए लॉजिस्टिक पर काम किया जा रहा हैं।

जस्टिस रमना ने कहा था कि, वर्तमान में लोगों को मीडिया के माध्यम से अदालती कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। वास्तव में प्रसारण के एजेंटों द्वारा अदालतों की जानकारी को फिल्टर किया जा रहा है। और इस प्रक्रिया में कभी ट्रांसमिशन लॉस होता है जिसके कारण संदर्भ की अनुपस्थिति के कारण पूछे गए प्रश्नों और पीठ द्वारा की गयी टिप्पणी की गलत व्याख्या होती है।

डिवाइडर पर सो रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, चार की मौत: दिल्ली

राजधानी दिल्ली में मंगलवार की देर रात सीमापुरी इलाके में डिवाइडर पर सो रहे कई लोगों को ट्रक ने रौंद दिया है। जिसमें चार लोगों की मौत हो गर्इ और दो लोग घायल हैं। हादसा देर रात 1.51 पर हुआ था।

यह हादसा डीटीसी बस डिपो के पास हुआ है और मृतकों में मरने वालों में 52 साल के करीम, 25 साल का छोटे खान, 38 साल का शाह आलम और 45 साल का राहुल हैं। साथ ही घायलों में 16 साल का मनीष और 30 साल का प्रदीप है।

आपको बता दें, हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर ट्रक समेत फरार हैं और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

पंजाब की एलपीयू जालंधर यूनिवर्सिटी में बड़ा बवाल, छात्र ने की खुदकुशी

पंजाब के कपूरथला के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) जालंधर यूनिवर्सिटी में एक छात्र द्वारा कथित तौर पर खुदखुशी करने का मामला सामने आया है। और खुदखुशी करने के मामले को लेकर यूनिवर्सिटी में भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा हैं।

छात्रों का कहना है कि पिछले 10 दिनों में परिसर में यह दूसरी आत्महत्या है लेकिन प्रशासन ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधी हुई हैं। किंतु हम आत्महत्याओं के पीछे का कारण जानना चाहते हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले को शांत करने का प्रयास कर रही हैं।

आपको बता दें, मृतक अग्नि एस दिलीप डिजाइनिंग में स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। वह केरल का रहने वाला था। 21 वर्षीय छात्र दिलीप ने मंगलवार की शाम को अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लीं।

पंजाब में यह घटना हफ्तेभर के अंदर दूसरी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बवाल हुआ हैं। इससे पहले मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एमएमएस लीक मामले को लेकर बड़ा प्रदर्शन हुआ था। फिलहाल छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन शांत हो गया है और विश्वविद्यालय को शनिवार तक के लिए बंद कर दिया गया हैं।

लोकप्रिय हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का 58 वर्ष की आयु में निधन

लोकप्रिय हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का आज निधन हो गया हैं। उन्होंने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे और करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे।

बता दे कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को कुछ समय पहले दिल का दौरा पड़ने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह लंबे समय से जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर थे।

आपको बता दें, राजू श्रीवास्तव का असली नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव था उनका जन्म 25 दिसंबर 1963 को हुआ था वह कानपुर के रहने वाले थे। वे पर्दे पर गजोधर भैया के नाम से मशहूर थे।

अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से कानपुर सीट से उम्मीदवार के रूप में की थीं। किंतु उन्होंने यह टिकट लौटा दिया था और कहा था कि उन्हें पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं का समर्थन नहीं मिल रहा हैं। और ठीक उसी वर्ष उन्होंने भाजपा को ज्वाइन कर लिया था।

यदि बात करें उनके मनोरंजन जगत की तो वह हास्य कलाकार के रूप में वर्ष 1980 के दशक से सक्रिय रहे है और उन्होंने वर्ष 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद काफी लोकप्रियता मिली थीं। साथ ही उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा (रीमेक)’, ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रूपैया’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया था।

म्यांमार में सेना के स्कूल पर हेलीकॉप्टर हमले में छात्रों समेत 13 लोगों की मौत की हुई पुष्टि

म्यांमार में हुई घटना के मामले में यह पुष्टि हो गयी है कि स्कूल पर सेना ने ही हेलीकॉप्टर से हमला किया था जिसमें 13 लोगों की मौत हो गयी है। इनमें सात स्कूली बच्चे थे। सेना ने अपने ही देश के स्कूल पर यह बर्बर कार्रवाई की।

स्कूल प्रबंधन ने इस बात की पुष्टि की है के एक एडमिनिस्ट्रेटर और एक सहायक ने सेना के हमले और 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। यह घटना शुक्रवार की है। सागाइंग क्षेत्र के ताबायिन टाउनशिप में सेना के हवाई हमले में मारे गए बच्चों की संख्या पिछले साल फरवरी में सेना द्वारा सत्ता पर कब्जा करने के बाद से सबसे ज्यादा बताई गयी है।

याद रहे सेना ने फरवरी 2021 में लोकप्रिय नेता आंग सान सू की निर्वाचित सरकार की सत्ता पर कब्ज़ा करके उन्हें जेल में ठूंस दिया था। नोबेल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की को गिरफ्तार करने पर दुनिया भर में निंदा हुई थी। बता दें म्यांमार की सैन्य अदालत अलग-अलग आरोपों में अब तक सु की को 17 साल से ज्यादा की सजा सुना चुकी है।

सेना के खिलाफ म्यांमार की जनता सड़कों पर आती रही है, हालांकि, इसके बाद उसने दमन का रास्ता अख्तियार कर लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। सेना जनविरोध को ताकत के बूते बेरहमी से कुचल रही है। अब देश में कई जगह जनता ने सशस्त्र विद्रोह का रास्ता अपना लिया है।

लम्पी वायरस से राजस्थान में 50 हजार से ज्यादा मवेशियों की मौत पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन

लम्पी वायरस से राजस्थान में करीब 50 हजार से अधिक मवेशी की मौत हो गर्इ हैं। भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर में मवेशियों में लम्पी त्वचा रोग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। और प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़े, बैरिकेड्स तोड़ी साथ ही तत्काल कार्रवाई की मांग के नारे भी लगाए।

इस बीमारी से जयपुर में दूध संग्रहण को प्रभावित किया है जिसके चलते राज्य में मिठाइयों की कीमतों में वृद्धि हुई है। और प्रदेश में सबसे बड़ी दुग्ध सहकारी संस्था जयपुर डेयरी फेडरेशन के मुताबिक दूध संग्रहण में 15 से 18 फीसदी की गिरावट भी आई हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मांग की है कि लम्पी चर्म रोग को केंद्र सरकार से राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की हैं। साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, “हमारी प्राथमिकता यह है कि गायों के जीवन को लम्पी रोग से कैसे बचाया जाए। केंद्र को वैक्सीन और दवाएं देनी हैं, ऐसे में हम केंद्र से इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर रहे हैं।“

आपको बता दें, इस बीमारी का अभी तक कोई टीका नहीं हैं। लेकिन इस पर गोट पॉक्स का टीका प्रभावी पाया गया है। और राजस्थान में अब तक 12.32 लाख मवेशियों को गोट पॉक्स का टीका लग चुका हैं। जबकि 11 लाख से अधिक जानवर इस वायरस से प्रभावित हैं, 51 हजार मवेशियों की मौत भी हो चुकी हैं।