Home Blog Page 466

ताज़ा सर्वे में ब्रिटिश पीएम की दौड़ में सुनक प्रतिद्वंदी लिज ट्रस से पीछे

ब्रिटिश सांसदों के वोट में साफ़ बढ़त लेने वाले भारतीय मूल के पूर्व मंत्री ऋषि सुनक देश के प्रधानमंत्री पद दौड़ में पिछड़ते नजर आ रहे हैं। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने एक नवीनतम सर्वे में कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों के समर्थन के मामले में फिलहाल 28 वोट से बढ़त बना ली है।

यह सर्वे डेटा विश्लेषण कंपनी ‘यूगॉव’ ने किया है। इस सर्वे के मुताबिक 46 साल की ट्रस अपने 42 वर्षीय पूर्व चांसलर प्रतिद्वंदी पर करीब 19 अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं। यह सर्वे बुधवार और गुरुवार को किया गया जिसमें कंजरवेटिव पार्टी के 730 सदस्यों ने हिस्सा लिया।

इसमें 62 फीसदी सदस्यों ने कहा कि ट्रस उनकी प्रथम पसंद हैं। हालांकि, 38 फीसदी ने सुनक को अपनी पसंद बताया। सर्वे के नतीजे में उन लोगों को शामिल नहीं किया गया है जिनका जवाब ‘वोट नहीं देंगे’ या ‘वे नहीं जानते’ में था।

ट्रस ने इस तरह अब सुनक पर 24 फीसदी प्वाइंट की बढ़त बना ली है। दो दिन पहले 20 प्वाइंट अंक थी। ब्रिटेन का मीडिया सुनक की संपत्ति और पृष्ठ-भूमि पर चर्चा कर रहा है जिससे उनकी संभावनाओं तो नुकसान हुआ है।

उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों को ट्रक ने कुचला, छह शिव भक्तों की मौत

कांवड़ यात्रा पर निकले सात शिव भक्तों को शनिवार सुबह एक ट्रक ने कुचल दिया जिससे छह की ही मौत हो गई। गंभीर घायल एक भक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना उत्तर प्रदेश के हाथरस की है।

हादसा तब हुआ जब आज तड़के करीब सवा 2 बजे कांवड़ यात्रा के सात श्रद्धालु एक ट्रक की चपेट में आ गए। पुलिस के मुताबिक इनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया था जहाँ उसकी मौत हो गयी।

एक अन्य मामूली घायल हुआ है। यह कांवड़ हरिद्वार से ग्वालियर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे का शिकार हुए कांवड़िए मध्य प्रदेश के ग्वालियर में वहांगीर खुर्द के रहने वाले हैं।

कांवड़ियों के मुताबिक उनके क्षेत्र के 40 से अधिक शिव भक्त कांवड़ लेकर लौट रहे थे तभी सादाबाद के बढार गांव के पास सेंट फ्रांसिस स्कूल के समीप उनसे हादसा हो गया हादसा हो गया। कांवड़ियों के मुताबिक प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया था।

अजय देवगन, सूर्य श्रेष्ठ अभिनेता; अपर्णा बालमुरली श्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गयी है। अजय देवगन को उनकी फिल्म तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ में श्रेष्ठ अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है। सूर्य को भी श्रेठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है। अभिनेत्री अपर्णा बलमुरली को सूराराई पोट्रू के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार ‘टूलिडास जूनियर’ को और सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार ‘सोरारई पोटरु’ (तमिल) को दिया गया है।

सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ को मिला है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अजय देवगन को ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ के लिए और सूर्या को ‘सोरारई पोटरु’ के लिए मिला है। इसके अलावा फिल्म साइना के लिए मनोज मुंतशिर को बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड दिया गया है।

तमिल फिल्म सूराराई पोट्रू को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला है। सूराराई पोट्रू के एक्टर सूर्या और अजय देवगन को फिल्म तान्हाजी द अनसंग वॉरियर के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड संयुक्त रूप से मिला है। अजय देवगन का ये तीसरा नेशनल अवॉर्ड है। तान्हाजी द अनसंग वॉरियर को बेस्ट फिल्म इन होलसम एंटरटेनमेंट का अवॉर्ड मिला है। इसके अलावा फिल्म साइना के लिए मनोज मुंतशिर को बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड मिला।

सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का अवॉर्ड तमिल फिल्म सूराराई पोट्रू को मिला है। वहीं, बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म का अवॉर्ड मृदुल तुलसीदास की फिल्म तुलसीदास जूनियर को मिला। फिल्म में संजय दत्त लीड रोल में थे। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब तान्हाजी द अनसंग वॉरियर के लिए अजय देवगन और सूराराई पोट्रू के एक्टर सूर्या को संयुक्त रूप से मिला है। अभिनेत्री अपर्णा बालामुरली को सूराराई पोट्रू के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। इसके अलावा मलायलम फिल्म ए.के.अयप्पन कोशियम के लिए दिवंगत डायरेक्टर सच्चीदानंद के.आर को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मरणोपरांत दिया गया।

सर्वश्रेष्ठ बंगाली फिल्म अविजात्रिक, सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म तुलसीदास जूनियर, सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म डोलू, सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म गोष्ठा एका पैठानाची, सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म शिवरंजनियम इन्नुम सिला पैंगुल्लमट, सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म कलर फोटो, सर्वश्रेष्ठ असामी फिल्म ब्रिज, सर्वश्रेष्ठ मलायलम फिल्म थिंकड़युवा निश्चियम, सर्वश्रेष्ठ हरियाणवी फिल्म दादा लखमी, सर्वश्रेष्ठ तुलु फिल्म जितिगे, बेस्ट फीचर फिल्म सूराराई पोट्रू (तमिल फिल्म), बेस्ट एक्ट्रेस अपर्णा बालामुरली (सूराराई पोट्रू), बेस्ट एक्‍टर अजय देवगन (तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर), सूर्या (सूराराई पोट्रू ), बेस्टर मेल प्लेबैक सिंगर राहुल देशपांडे (मी वसंतराव), बेस्टर फीमेल प्लेबैक सिंगर नचम्मा (एके अयप्पन कोशियम), बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर बिजू मेनन (एके अयप्पन कोशियम), बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली (सिवरंजमनियम इन्नम सिले पेंगल्लम), बेस्ट डायरेक्टर सच्चीदानंद केआर (एके अयप्पन कोशियम), बेस्ट एक्शन एंड डायरेक्शन राजशेखर, माफिया सासी और सुप्रीम सुंदर (एके अयप्पन कोशियम), बेस्ट कोरियोग्राफर संध्या राजू (नाट्यम, तेलुगु), बेस्ट लिरिक्स मनोज मुतंशिर (साइना), बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन थमन एस (अला वेकेंटापुर्रामुल्लू), बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर नचिकेत बर्वे और महेश शेर्ला (तान्हाजी द अनसंग वॉरियर), बेस्ट स्क्रीनप्लो (ऑरिजनल) शालिनी ऊषा नायर और सुधा कोंगारा (सूराराई पोट्रू)।

बता दें अजय देवगन का ये तीसरा नेशनल अवॉर्ड है। बेस्ट क्रिटिक अवार्ड इस साल किसी फिल्म को नहीं मिला है। कोविड महामारी के कारण कोई एंट्री नहीं आई थी। मोस्ट फ्रेंडली फिल्म स्टेट का अवार्ड मध्य प्रदेश को मिला है। इसके अलावा यूपी और उत्तराखंड को संयुक्त रूप से स्पेशल मेंशन अवॉर्ड मिला है। भारतीय सिनेमा की पहली एक्ट्रेस देविका रानी पर आधारित किश्वर देसाई की किताब ‘द लॉन्गेस्ट किस’ को बेस्ट बुक ऑन सिनेमा का अवॉर्ड मिला। डिज्नी प्लस हॉटस्टार की डॉक्यूमेंट्री 1232 किमी के गाने ‘मरेंगे तो वहीं जाकर’ के लिए अवार्ड दिया गया है।

दिनेश गुणवर्धने श्रीलंका के पीएम बने, राष्ट्रपति के रहे हैं सहपाठी

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के सहपाठी रहे महाजन एकसाथ पेरामुना (एमईपी) नेता दिनेश गुणवर्धने को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री बनाया गया है। विक्रमसिंघे ने राष्ट्रपति पद संभालने के एक दिन के भीतर ही उनकी नियुक्ति की है।

गुणवर्धने (73) को विदेश भाग गए तत्कालीन राष्ट्रपति गोतबाए राजपक्षे ने देश में आर्थिक संकट आने के शुरुआती दिनों में अप्रैल में गृह मंत्री नियुक्त किया था। वह देश के विदेश मंत्री और शिक्षा मंत्री भी रहे हैं।

नए प्रधानमंत्री की पार्टी एमईपी सत्तारूढ़ श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना (एसएलपीपी) का एक घटक दल है। उनके पिता फिलिप गुणवर्धने भी उनकी पार्टी के अध्यक्ष रहे थे जो देश की आजादी से पहले ब्रिटिश काल में वामपंथी समाजवादी आंदोलन का एक बड़ा चेहरा थे।

उनके पुत्र भी सांसद हैं। गुणवर्धने 1983 में कोलंबो के उपनगर महारागामा से जीत हासिल कर पहली बार सांसद बने थे। साल 1994 तक वे विपक्ष के एक प्रमुख नेता रहे। साल 2000 में गुणवर्धने पहली बार मंत्री बने और 2015 तक मंत्रिमंडल में अलग-अलग मंत्रालयों का जिम्मा उन्हें मिला।

श्रीलंका में सेना ने आंदोलनकारियों के तम्बू हटाए

जनता के विरोध के बाद देश से भागे राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की पार्टी श्रीलंका पोडुजाना पेरामुना (एसएलपीपी) के समर्थन से राष्ट्रपति पद का चुनाव जीते रानिल विक्रमसिंघे ने सत्ता में आते ही हाल में उभरे आंदोलन को ख़त्म करने के लिए शुक्रवार तड़के से सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं ताकि देश में व्यवस्था कायम की जा सके। याद रहे जनता ने राजपक्षे का विरोध करते हुए उनके आवास पर धावा बोलकर उसपर कब्ज़ा कर लिया था जिसके परिणामस्वरूप उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा।

विक्रमसिंघे ने एक दिन पहले (गुरुवार को) राष्ट्रपति पद की शपथ ली है और अब उनके आदेश से श्रीलंका की सेना और पुलिस ने एंटी-नेशनल गवर्नमेंट कैंप में शुक्रवार तड़के छापेमारी करते हुए आंदोलनकारियों के टेंटों को हटा दिया। यह आंदोलनकारी वहां अप्रैल से डटे थे।

इसके अलावा जवानों ने राष्ट्रपति सचिवालय के मुख्य द्वार पर आंदोलनकारियों की लगाई गयी बैरिकेडिंग हटा दी है। वैसे विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति शपथ लेने के बाद आंदोलनकारियों ने कहा था कि वो शुक्रवार दोपहर तक इलाके को खाली कर देंगे, हालांकि जवानों ने उससे पहले ही वहां से हटा दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना ने उन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया जो अभी भी विरोध की बात कर रहे थे। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे तमाम तंबू हटा दिए गए हैं और उसे साफ़ कर दिया गया है। हालात से जाहिर होता है कि आंदोलनकारियों ने विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति बनने का समर्थन किया है और वे अब कोई विरोध नहीं करेंगे।

द्रौपदी मुर्मू 25 को लेंगी शपथ, देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को शपथ ग्रहण करेंगी। देश के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति पद के चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू ने विपक्ष के साझे उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हरा दिया। मुर्मू को 6 लाख 76 हजार 803 जबकि सिन्हा को महज 3 लाख 80 हजार 177 वैल्यू के वोट मिले।

मुर्मू को चुनाव में कुल 2824 जबकि सिन्हा को 1877 प्रथम वरीयता के वोट मिले। चौथे राउंड में सिन्हा को मुर्मू से ज्यादा वोट मिले, हालांकि, मुर्मू की पहले के तीन राउंड की बढ़त इतनी ज्यादा थी कि इससे कोई अंतर नहीं पड़ा।

लोकसभा और राज्यसभा को मिलाकर 776 सांसदों के वोट मान्य थे जिनमें 15 मत रद्द हो गए। कुछ सांसदों ने वोट नहीं डाला। इस तरह कुल 748 सांसदों के 5,23,600 वैल्यू तक के वोट काउंट हुए। मुर्मू को 72 फीसदी सांसदों का समर्थन मिला। मुर्मू विपक्ष के प्रत्याशी सिन्हा से हुए मुकाबले में कुल वोटों में से 64.03 फीसदी वोट हासिल कर विजयी घोषित हुई हैं।

यशवंत सिन्हा को देश के तीन राज्यों में एक भी वोट नहीं मिला जबकि देश का कोई ऐसा राज्य नहीं रहा, जहां मुर्मू को वोट न मिला हो। केरल में बेशक कुल 140 विधायकों में मुर्मू को सिर्फ एक वोट मिला।

आंध्र प्रदेश में जिन 173 विधायकों ने वोट डाला उन सभी ने मुर्मू को वोट दिया। नगालैंड में सभी 59 और सिक्किम के सारे 32 विधायकों ने भी मुर्मू को वोट डाला। सिन्हा को विपक्ष के ही कई वोटों के क्रास होने से नुक्सान उठाना पड़ा।

यूपी: सीएम योगी से मुलाकात के बाद राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने अपना इस्तीफा लिया वापस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री दिनेश खटीक ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। इस्तीफा उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद वापस लिया है। उनकी इस बैठक में यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार राज्य मंत्री दिनेश खटीक बृहस्पतिवार को करीब 4 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पहुंचे और उनके पहुंचने के बाद ही जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी वहां पहुंचे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने दोनो को साथ बैठकर खटीक का पक्ष सुना। और उन्हें आश्वासन दिया है कि अधिकारी उनकी सुनेंगे साथ ही जल्द ही खटीक को विभाग में काम भी दिया जाएगा।

आपको बता दे, दिनेश खटीक ने मंगलवार को दलित होने के चलते सुनवाई न होने और दलितों के अपमान और जल शक्ति विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था। और बुधवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले थे।

सोनिया से पूछताछ की शिव सेना, टीआरएस सहित विपक्ष ने कड़ी निंदा की

एक बड़े घटनाक्रम में विपक्ष के 13 राजनीतिक दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। इन दलों में शिव सेना से लेकर टीआरएस तक शामिल हैं।

विपक्ष के इन दलों ने गुरुवार को दिल्ली में ख़ास तौर पर एक बैठक की और इसमें सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को प्रतिशोध की राजनीति कहा और आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष के नेता को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। इससे पहले ईडी ने राहुल गांधी से भी लगातार कई दिन तक पूछताछ की थी।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय ने आज अपने दफ्तर में पेश होने को कहा है। इसका विरोध करने के लिए आज 13 विपक्षी दलों ने कांग्रेस की अध्यक्षता में एक बैठक की। बैठक में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को राजनीति का दुरुपयोग बताया गया। बैठक में उपस्थित नेताओं ने इसपर खासी नाराजगी दिखाई।

बैठक में शिवसेना से लेकर टीआरएस तक के नेता शामिल हुए। इसमें द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), आईयूएमएल, नेशनल कांफ्रेंस, टीआरएस, एमडीएमके, एनसीपी, वीसीके, शिवसेना और आरजेडी के नेता जुटे।

बाद में इन विपक्षी दलों ने बाकायदा एक बयान जारी किया जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के जांच एजेंसियों के दुरुपयोग करने की कड़ी निंदा की गई। उधर कांग्रेस के सदस्य गौरव गोगोई ने लोकसभा में एक स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग पर चर्चा की मांग की गयी है।

सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ आज, पार्टी नेता जुटेंगे सड़कों पर

हाल में कोविड से उबरीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार (आज) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम के सामने पूछताछ के लिए पेश होंगी। नेशनल हेराल्ड अखबार के मामले में कथित धोखाधड़ी और पैसों की हेराफेरी के आरोपों के लिए यह पूछताछ हो रही है। इससे पहले ईडी उनके बेटे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से 50 घंटे पूछताछ कर चुकी है।

जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी 11.30 बजे अपने आवास से निकलकर पौने 12 बजे ईडी के दफ्तर पहुंचेंगी। इसके बाद उनसे पूछताछ का सिलसिला चलेगा। ईडी नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े धन शोधन मामले में उनसे पूछताछ करेगी।

खराब सेहत के चलते प्रवर्तन निदेशालय ने उनके आग्रह पर सोनिया गांधी को पूछताछ की तारीख के मामले में विशेष छूट दी थी। उन्हें पूछताछ के दौरान भी आवश्यक दवाइयों को लेने के लिए ब्रेक दिया जाएगा।

चर्चा है कि ईडी के दफ्तार तक सोनिया के साथ उनके पुत्र राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी साथ जा सकते हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी एकजुटता दिखने के लिए बड़ी संख्या में सड़क पर उतरेंगे। याद रहे भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 1 नवंबर, 2012 को यह मामला दर्जा करवाया था।

इस बीच कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में आरोप लगाया है कि मोदी-शाह की जोड़ी हमारे (कांग्रेस के) शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जिस प्रकार से राजनीतिक प्रतिशोध कर रही है, उसके खिलाफ पार्टी अपनी नेता सोनिया गांधी के साथ सामूहिक एकजुटता व्यक्त करते हुए देश भर में प्रदर्शन करेगी। कई अन्य पार्टी नेता भी राहुल गांधी और सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बता चुके हैं।

राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की आज होगी गिनती

देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए पड़े वोटों की आज गिनती होगी। भारत के 15वें राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू और संयुक्त विपक्ष उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है।

मतदान से पहले के रुझानों से जाहिर होता है कि एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू ज्यादा दलों का समर्थन हासिल करने में सफल रही हैं। यदि जीतीं तो द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उनसे पहले एक महिला के रूप में प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति थीं।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मत पड़े थे। इन मतों की गिनती 11 बजे संसद भवन में शुरू होगी। चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। इस कक्ष में मतपत्रों की चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है। चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पीसी मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे।

आज शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। नया राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ ग्रहण करेगा।