चुनाव आयोग की तरफ से शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना को पार्टी का चुनाव चिन्ह देने के बाद उद्धव ठाकरे के सर्वोच्च न्यायालय में जाने के फैसले पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता शरद पवार ने उन्हें सलाह दी है कि चुनाव चिन्ह बदलने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और उन्हें इस फैसले को स्वीकार कर। पवार ने इसके लिए गांधी का उदाहरण दिया है जिन्होंने 1978 में एक चुनाव नया चिह्न चुना था, और इसके दो साल बाद ही बड़े बहुमत से चुनाव जीता था।
पवार ने कहा कि ‘तीर-कमान’ का चिह्न खोने से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि जनता उसके नए चिह्न को स्वीकार कर लेगी। पवार की पार्टी ठाकरे वाली शिवसेना और कांग्रेस की महाअघाड़ी गठबंधन सहयोगी है।
पवार ने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ने 1978 में एक नया चिह्न चुना था, लेकिन उससे पार्टी को नुकसान नहीं उठाना पड़ा था। चुनाव आयोग की तरफ से एकनाथ शिंदे वाले गुट को वास्तविक शिवसेना के रूप में मान्यता देने और उसे मूल चिन्ह ‘तीर-कमान’ आवंटित करने के निर्वाचन आयोग (ईसी) के फैसले के बाद अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।
एनसीपी प्रमुख ने ठाकरे समूह को सलाह दी – ‘जब कोई फैसला आ जाता है, तो चर्चा नहीं करनी चाहिए। इसे स्वीकार करें, नया चिह्न लें. इससे (पुराना चिह्न खोने से) कोई फर्क नहीं पड़ेगा।’
शेयर बाजार में आज मंदी दिखी। जहाँ सेंसेक्स में 316 अंक की गिरावट दिखी और यह 61002 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 91 अंकों की गिरावट के साथ 17944 पर बंद हुआ।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों में गिरावट आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 397.67 अंक गिरकर 60,921.84 अंक पर आ गया।
शुक्रवार को बाजार की गिरावट में सबसे आगे बैंकिंग, आईटी और रियल्टी सेक्टर के शेयर रहे. निफ्टी के टॉप लूजर्स में अदानी एंटरप्राइजेज का शेयर 4.3 फीसदी की गिरावट के साथ सबसे आगे रहा। वहीं, एलएंडटी 2 फीसदी की मजबूती के साथ इंडेक्स में टॉप गेनर रहा।
शेयर बाजार में आज तेज बिकवाली देखने को मिली। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 3590 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 1941 स्टॉक गिरावट के साथ और 1509 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी घटकर 266.83 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
उधर एनएसई निफ्टी 108.4 अंक टूटकर 17,927.45 पर था। सेंसेक्स में नेस्ले, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक गिरने वाले प्रमुख शेयर थे। उधर अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और रिलायंस में तेजी रही।
सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को दिल्ली में मेयर चुनाव जल्द कराने और मनोनीत पार्षदों को मतदान के अधिकार को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए इस बात पर नाराजगी जताई कि देश की राजधानी में यह सब हो रहा है। सर्वोच्च अदालत ने यह भी फैसला सुनाया है कि राज्यपाल की तरफ से मनोनीत पार्षद मतदान में हिस्सा नहीं ले सकते। सर्वोच्च अदालत ने कहा कि पहले चुनाव के लिए कल (शनिवार) बैठक होगी।
आज की सुनवाई में प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा – ‘देश की राजधानी में ये हो रहा, अच्छा नहीं लगता।’ अदालत ने जल्द चुनाव का भी संकेत दिया है और यह शनिवार को भी हो सकते हैं।
इस तरह दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव मामले में आम आदमी पार्टी को सर्वोच्च अदालत से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर फैसला देते हुए कहा कि मेयर चुनाव में राज्यपाल के मनोनीत 10 पार्षद (एल्डरमैन) वोट नहीं करेंगे।
नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में मनोनीत सदस्यों को मतदान करने की अनुमति देने के एलजी के फैसले को चुनौती देने वाली आप नेता शैली ओबेरॉय की याचिका पर अदालत ने ये फैसला सुनाया। मेयर चुनाव के लिए मतदान में हो रही देरी पर चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ‘देश की राजधानी में ये हो रहा, अच्छा नहीं लगता’।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 243R के हिसाब से मनोनीत पार्षद वोट नहीं दे सकते। चुनाव जल्द से जल्द होना बेहतर है। एमसीडी के वकील एडिशनल सॉलिसिटर जनरल संजय जैन ने कहा कि एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) वोट दे सकते हैं।
आम आदमी पार्टी की ओर से अदालत में पेश सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा – ‘मैं शीघ्र ही दो बिंदु आपके सामने रखूंगा। पहला यह कि हम बात कर रहे हैं किसी नगर पालिका में मेयर चुनाव की। कृपया अनुच्छेद 243R देखें। संविधान का अनुच्छेद 243R एल्डरमैन को वोटिंग का अधिकार नहीं देता है। पैरा 1 कहता है कि मनोनीत व्यक्ति मतदान नहीं कर सकते। इस चुनाव के लिए इस नगर पालिका के लिए यह अधिनियम इसे दर्शाता है, वह खंड 3ए है’।
सिंघवी ने कहा कि अब वास्तविक नियमों को देखें। पहले आप महापौर का चुनाव करते हैं और फिर महापौर शेष बैठक की अध्यक्षता करते हैं। कोर्ट को चुनाव की तारीख तय करनी चाहिए। जो भी हो उन्हें चुनाव कराना चाहिए। प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि प्रथम दृष्टया, अनुच्छेद 243R से पता चलता है कि मनोनीत सदस्य मतदान नहीं कर सकते हैं। पहले चुनाव के लिए कल बैठक होगी। मेयर का चुनाव तत्काल होना है।
बड़बोलापन बीसीसीआई के वरिष्ठ टीम के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा को भारी पड़ा और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। चेतन शर्मा पर बीते दिनों हुए स्टिंग ऑपरेशन के बाद उनपर यह गाज गिरी है। उन्होंने शुक्रवार को अपना इस्तीफा बीसीसीआई सचिव जय शाह को भेजा था जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
एक स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने भारतीय क्रिकेट को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे जिनपर कुछ दिन से खूब बवाल मच रहा था। स्टिंग में बड़े खिलाड़ी भी चपेट में आ रहे थे। अब उनकी नौकरी चली गयी है। हाल में ही उन्हें मुख्य चयनकर्ता के रूप में दोबारा नियुक्त किया गया था।
याद रहे चेतन शर्मा वाली चयन समिति को पिछले साल हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के घटिया प्रदर्शन के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, इसके बाद समिति में चेतन फिर मुख्य चयनकर्ता बन गए थे।
फरवरी के दूसरे हफ्ते चेतन ने स्टिंग ऑपरेशन में भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर कई दावे किए थे। यही नहीं बोर्ड और विराट कोहली के मुद्दे पर भी खुलासे किए थे। उनके ये खुलासे जैसे ही बाहर आए, हर कोई हैरान रह गया।
चूँकि, चयनकर्ता बोर्ड के करार से जुड़े होते हैं लिहाजा उन्हें मीडिया से बातचीत करने की अनुमति नहीं होती। लेकिन चेतन ने ऐसा किया, जिसके बाद अब उनकी नौकरी चली गयी है। स्टिंग ऑपरेशन में चेतन के जो खुलासे थे उनमें खिलाड़ी 80 से 85 फीसदी फिट होने के बावजूद इंजेक्शन लेकर मैदान पर वापसी करते हैं, सितंबर में जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर उनके और मैनेजमेंट के बीच मतभेद थे,
विराट कोहली और तत्कालीन बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के बीच अहम की लड़ाई थी, विराट कोहली ने कप्तानी विवाद को लेकर झूठ बोला था और सौरव गांगुली रोहित शर्मा के पक्षधर नहीं थे, बल्कि वो विराट कोहली को नापसंद करते थे जैसी बातें शामिल थीं।
हाल के दिनों में हैवानियत की दिल दहलाने वाली ख़बरें सामने आई हैं और अब एक नई घटना में राजधानी दिल्ली के आरके पुरम इलाके में 7 साल की बच्ची के साथ आरोपियों ने हैवानियत की तमाम हदें लांघ दीं। इस मामले में एक नर्स को गिरफ्तार किया गया है।
दरिंदगी की इस घटना में महिला पर आरोप है वह बच्ची से मारपीट करती थी। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान स्कूल टीचर ने देखे, उसके बाद टीचर ने पुलिस को फोन किया। बच्ची ने पुलिस को बताया कि वो अपनी बुआ के साथ आर के पुरम में रहती है, कक्षा एक में पढ़ती है।
बची के आरोप के मुताबिक बुआ ने गोद लेने के बाद उसकी पहले ही दिन से पिटाई शुरू कर दी। उसे दिसंबर और जनवरी में सर्द रातों में बिना कपड़े के घर की छत और बालकनी में सुलाया गया। कोयले से जलाया और चाकू से उसकी जीभ काटी गयी। साथ ही उसे गर्म पतीले पर भी बिठाया गया। बची का आरोप है कि हर रोज उसकी पिटाई की जाती थी।
बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसके शरीर पर 18 से ज्यादा चोटों के निशान हैं। पुलिस के मुताबिक पुरानी चोटों के भी काफी निशान बने हुए हैं। सफदरजंग अस्पताल में तैनात आरोपी नर्स रिश्ते में बच्ची की बुआ लगती है, लेकिन उसने बच्ची को गोद लिया था।
मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी नर्स और उसके पति को रुड़की से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें आज (शुक्रवार) कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। आरोपी नर्स रेनू कुमारी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में काम करती है। उसके पति का नाम आनंद कुमार है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वह ये पता लगा रही है कि रेनू ने जब मासूम बच्ची को गोद लिया था, तो फिर उसके साथ दरिंदगी और बेरहमी से मारपीट क्यों करती थी? आरके पुरम थाना पुलिस बच्ची के साथ मारपीट मामले में रेनू के बेटे जॉनी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दिल्ली में मेयर के चुनाव को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से डाली गयी याचिका पर आज सर्वोच्च न्यायालय सुनवाई करेगा। यह याचिका आप की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने दायर की है। याद रहे तीन दिन पहले ही सर्वोच्च अदालत मेयर चुनाव में मनोनीत सदस्यों (पार्षदों) के वोट डालने पर यह कहकर रोक लगा चुकी है कि संविधान में इसका प्रावधान नहीं है।
इससे पहले तीन बार यह चुनाव स्थगित हो चुका है। चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, इसके बावजूद मेयर का मसला अभी फंसा हुआ है। अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर पद के लिए जल्द चुनाव कराने की मांग वाली आम आदमी पार्टी (आप) की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज फिर से सुनवाई करेगा। सोमवार को पिछली सुनवाई में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने आप के दावे की पुष्टि करते हुए कहा कि मनोनीत सदस्य चुनाव में नहीं जा सकते। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि संवैधानिक प्रावधान बहुत स्पष्ट हैं।
यह चुनाव 17 फरवरी के बाद की तारीख तक के लिए टाल दिया गया है। आप और भाजपा के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान के बीच मेयर चुनने की तीन बार असफल कोशिश हुई है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी द्वारा 16 फरवरी को चुनाव कराने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था।
उप राज्यपाल के मनोनीत 10 एमसीडी सदस्यों को वोट देने की अनुमति दिए जाने के बाद भाजपा और आप के विरोध के कारण 6 और 24 जनवरी और 6 फरवरी को पार्षदों की बैठक में मेयर का चुनाव नहीं हो सका। एमसीडी मेयर के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 250 निर्वाचित पार्षद, दिल्ली से सात लोकसभा और तीन राज्यसभा सांसद और 14 विधायक शामिल हैं। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने आप के 13 विधायकों और भाजपा के एक सदस्य को नगर निकाय के लिए नामित किया था।
पिछले साल दिसंबर में निकाय चुनाव में आप ने 134 वार्ड और भाजपा ने 104 वार्ड जीते थे। निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले भाजपा के बागी मुंडका वार्ड से जीतने के बाद फिर से पार्टी में शामिल हो गए। महापौर चुनावों में कुल वोट 274 हैं। कांग्रेस ने 9 स्थानों पर जीत हासिल की थी। संख्या का आंकड़ा आप के पक्ष में है, जिसके पास भाजपा के 113 के मुकाबले 150 वोट हैं।
आखिर 60 घंटे के बाद आईटी ‘सर्वे’ पूरा होने के बाद दिल्ली और मुंबई में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) ऑफिस को आयकर विभाग की टीमें लौट गई हैं। सर्वे के बाद बीबीसी ने कहा कि वह बिना डरे और लोभ के लोगों तक समाचार पहुंचाते रहेंगे।
आईटी का सर्वे 60 घंटे के बाद पूरा हुआ। सरकार की इस कार्रवाई पर दुनिया भर में चर्चा हुई है और इसकी आलोचना भी हुई है। मंगलवार सुबह 11:30 बजे आईटी टीमों ने बीबीसी के दफ्तरों में सर्वे शुरू किया था, जो गुरुवार देर रात खत्म हुआ। आईटी टीमें देर रात 11 बजे बीबीसी के दफ्तरों से बाहर निकलीं।
इसके बाद बीबीसी ने एक बयान में कहा – ‘आयकर विभाग के अधिकारी हमारे दिल्ली और मुंबई के दफ्तरों से जा चुके हैं। हम आईटी की टीम का सहयोग करते रहेंगे। उम्मीद है कि मामला जल्दी ही सुलझ जाएगा। हम अपने कर्मचारियों का पूरी तरह से समर्थन कर रहे हैं। उनका ध्यान भी रख रहे हैं। खासतौर पर उन लोगों ने जिनसे बहुत लंबी पूछताछ की गई है, कई लोगों को तो पूरी रात दफ्तर में रुकना पड़ा है। ऐसे कर्मचारियों का ख्याल रखना हमारी प्राथमिकता है।’
बीबीसी ने कहा – ‘हमारा कामकाज सामान्य हो रहा है। हम अपने रीडर्स, लिसनर्स और दर्शकों को निष्पक्ष समाचार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम भरोसेमंद, निष्पक्ष, अंतरराष्ट्रीय और स्वतंत्र मीडिया हैं, हम अपने उन सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ खड़े हैं जो लगातार आप तक बिना डर और लोभ-लाभ के समाचार पहुंचाते रहेंगे।’
पता चला है कि आईटी सर्वे के दौरान दिल्ली ऑफिस के 10 सीनियर एम्प्लाइज ने दो रातें दफ्तर में ही बिताईं। जब आईटी की टीम सर्वे पूरा कर ऑफिस से निकल गई तो ये कर्मचारी गुरुवार रात अपने घर पहुंचे। हालांकि, अन्य कर्मचारियों को अगली सूचना तक घर से काम करने का निर्देश दिया गया है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को कर्मचारियों से फाइनेंशियल डेटा इकट्ठा किया।
कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष ने आयकर विभाग की कार्रवाई की निंदा की थी। उन्होंने इसे पीएम मोदी पर डॉक्यूमेंट्री के जवाब में एक राजनीतिक प्रतिशोध बताया। वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने बीबीसी पर गलत रिपोर्टिंग और सबसे भ्रष्ट होने का आरोप लगाया। याद रहे इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बीते शुक्रवार को देश में बीबीसी पर पूरी तरह बैन लगाने वाली याचिका खारिज कर दी थी। याचिका हिंदू सेना प्रमुख विष्णु गुप्ता ने डाली थी।
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए जनता ने जबरदस्त मतदान किया है। अंतिम रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य में 86.10 फीसदी मतदान हुआ है। हालांकि, यह पिछली बार के चुनाव से करीब तीन फीसदी कम है। राज्य के चुनाव में भाजपा को कांग्रेस-माकपा गठबंधन से कड़ी टक्कर मिल रही थी जबकि टिपरा मोथा पार्टी भी मैदान में है। फिलहाल वहां भाजपा की सरकार है जबकि दशकों तक एक दूसरे के खिलाफ लड़ने वाले कांग्रेस-माकपा इसबार गठबंधन में हैं और भाजपा को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को हुए मतदान में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर यह शांतिपूर्ण रहा। करीब 86.10 फीसदी मतदान हुआ है जिससे नतीजों को लेकर कयास अभी से शुरू हो गए हैं। राज्य में 2 मार्च को वोटों की गिनती होगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में 86 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। कई मतदान केंद्रों के बाहर 4 बजे के बाद भी मतदाताओं की लंबी कतारें थीं जिससे मतदान का फीसद और ज्यादा हो सकता है।
याद रहे 2018 के विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा में 89 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। अगरतला और अन्य जगहों पर अधिकतर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था। शुरुआत में कुछ मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के खराब होने के कारण मतदान धीमा रहा।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव में राहुल गाँधी का नया रूप देखने को मिला। लोकसभा में भाजपा से क़रीब छ: गुणा छोटी हो चुकी कांग्रेस के नेता राहुल गाँधी ताबड़तोड़ हमले कर रहे थे और भाजपा के सांसद टकटकी लगाकर उनके इस परिवर्तित रूप पर विस्मित थे। यह चमत्कार ही है कि मामूली टोका-टाकी के बीच राहुल गाँधी ने लगभग निर्बाध रहते हुए अपना भाषण पूरा किया।
7 फरवरी को पूरा सदन न सिर्फ़ गौतम अडानी की कारगुजारियों से रू-ब-रू हो रहा था, बल्कि नरेंद्र मोदी की अडानी से साँठगाँठ पर भी ख़ामोश था। चमत्कार वास्तव में क्या था- राहुल का भाषण या भाजपा की चुप्पी? अगर भाजपा के सांसद नहीं चाहते, तो क्या राहुल गाँधी अपना भाषण पूरा कर सकते थे? इस सवाल का क्या यह मतलब निकाला जाए कि भाजपा सांसदों ने कांग्रेस नेता का साथ दिया? नहीं, क़तई नहीं। फिर ऐसा क्यों हुआ?
गौतम अडानी पूरी दुनिया के सामने ग़लत करते पकड़े गये हैं और आने वाले समय में वे और भी कुख्यात होते जाएँगे। ऐसे में भाजपा को अपनी छवि की चिन्ता है। वह खुले तौर पर गौतम अडानी का साथ देती हुई दिखना नहीं चाहती। यही वह रणनीति है, जिसके कारण राहुल गाँधी को सदन में खुलकर देश की समस्याएँ और सवाल रखने का मौक़ा मिला। राहुल गाँधी के तीखे सवाल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा के अपने भाषण में कोई उत्तर दिया। जब प्रधानमंत्री लोकसभा और राज्यसभा में बोल रहे थे, तो ऐसा लग रहा था कि राहुल गाँधी के तीक्ष्ण सवालों ने प्रधानमंत्री की धार कुंद कर दी है। प्रधानमंत्री मोदी के बचाव में क्यों नहीं उतरे भाजपा सांसद?
ताज्जुब की बात यह है कि सदन में गौतम अडानी के बचाव में भाजपा सांसद नहीं उतरे; लेकिन वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते भी नहीं दिखायी पड़े। सदन के बाहर भाजपा नेताओं और प्रवक्ताओं ने जो कुछ कहा, उससे सदन के भीतर चुप्पी के कारण हुई जग हँसाई की भरपाई नहीं हो सकती। क्या इसे भाजपा की रणनीतिक भूल माना जाए? वास्तव में गौतम अडानी मामले पर चर्चा के लिए विपक्ष लगातार ज़ोर दे रहा था; लेकिन मोदी सरकार इसके लिए तैयार नहीं हो रही थी। राहुल गाँधी ने गौतम अडानी पर चर्चा में बदलकर रख दिया। स्पीकर ओम बिड़ला ने अपने पद की गरिमा के विपरीत व्यवहार करते हुए राहुल गाँधी को आगाह भी किया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए भी ऐसी ही स्थिति सदन में बन सकती है; लेकिन राहुल इस धमकी के आगे झुके नहीं।
राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद
राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री मोदी से जो सवाल पूछे, वह हमेशा जीवंत रहेंगे। जरा उन सवालों पर ग़ौर करें-1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कितनी बार गौतम अडानी के साथ विदेश गये? 2. कितनी बार प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश यात्रा के तुरन्त बाद गौतम अडानी से मुलाक़ात की? 3. कितनी बार विदेश में गौतम अडानी ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात की? 4. कितनी बार प्रधानमंत्री मोदी के विदेश यात्रा से लौटने के ठीक बाद उसी देश में अडानी को ठेका मिला है? 5. अडानी ने भाजपा को 20 साल में कितने पैसे दिये?
सदन में चुप रहकर भाजपा ने काम चला लिया; लेकिन ये सवाल सदन से बाहर उसके गले की फाँस बनेंगे, जिनका जवाब भाजपा को कभी-न-कभी देना ही पड़ेगा।
वास्तव में हमला गौतम अडानी पर होता दिख रहा है; लेकिन राहुल गाँधी नरेंद्र मोदी पर हमला कर रहे हैं। राजनीति में सवालों से जितना बचने की कोशिश होती है, वे उतने ही मुखर होते चले जाते हैं। राहुल गाँधी ने सवालों की झड़ी लगाकर यही स्थिति भाजपा के लिए पैदा की है। ऐसा नहीं है कि भारत जोड़ो यात्रा से जीवंत हुए राहुल गाँधी सिर्फ़ सवाल पूछ रहे हैं। वास्तव में इन सवालों का आधार सच्ची घटनाएँ हैं, जिनमें वे सवाल भी शामिल हैं, जो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आमजनों ने राहुल के सामने रखे। लिहाज़ा सदन में पूछे गये सवाल राहुल के नहीं, देश की जनता के हैं।
इन सवालों के आधार बने कुछ बिन्दुओं पर ग़ौर करें- पहले नरेंद्र मोदी अडानी के विमान में सफ़र करते थे। अब अडानी मोदी के विमान में सफ़र करते हैं। (ऐसी एक तस्वीर भी राहुल गाँधी ने सदन में दिखलायी)। यह मामला गुजरात का था; फिर भारत का हो गया और अब अंतरराष्ट्रीय हो गया है। दूसरा, 2022 में श्रीलंका बिजली बोर्ड के अध्यक्ष ने श्रीलंका में संसदीय समिति को सूचित किया कि उन्हें राष्ट्रपति राजपक्षे ने बताया कि उन पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अडानी को पवन ऊर्जा परियोजना देने का दबाव डाला गया था। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया गये और अचानक एसबीआई ने अडानी को एक बिलियन डॉलर का ऋण दे दिया। फिर वह बांग्लादेश जाते हैं और फिर बांग्लादेश पॉवर डेवलपमेंट बोर्ड अडानी के साथ 25 साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर करता है। सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों का उपयोग करके जीवीके से मुंबई एयरपोर्ट का अपहरण कर लिया गया और भारत सरकार ने उसे अडानी को दे दिया।
राहुल गाँधी ने कहा- ‘लोग मुझसे पूछते थे कि अडानी किसी भी बिजनेस में आता है और कभी फेल नहीं होता। अडानी अब 8-10 क्षेत्रों में हैं और 2014 से 2022 तक उसकी कुल सम्पत्ति 8 बिलियन डॉलर से 140 बिलियन डॉलर तक कैसे पहुँच गयी?’
अडानी से दूरी दिखाने को मजबूर हुई भाजपा
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा अडानी की कम्पनी को बिजली के मीटर लगाने का टेंडर रद्द कर देने का फ़ैसला यह बताता है कि राहुल गाँधी ने लोकसभा में ऐसी जगह चोट की है, जिसे भाजपा न छिपा पा रही है, न बता पा रही है। लिहाज़ा गौतम अडानी से न सिर्फ़ दूरी दिखाने को भाजपा मजबूर हुई है, बल्कि योगी सरकार अडानी की कम्पनी की कार्रवाई करती हुई भी दिख रही है। ऐसा जनता के कोपभाजन बनने की आशंका के कारण सम्भव हुआ है। राहुल ने भाजपा के लिए यह मजबूरी पैदा की है। इससे यह भी पता चलता है कि अडानी गेट कांड को लेकर भाजपा के भीतर घमासान मचा हुआ है और आगे भी इस पर घमासान बढऩे वाला है।
गौतम अडानी के साथ खड़ा नहीं दिखने की भरपूर कोशिश करते हुए भाजपा सदन से बाहर राहुल गाँधी पर हमलावर है, जो व्यक्तिगत हमला अधिक है। भाजपा की ओर रविशंकर प्रसाद से लेकर स्मृति ईरानी ने राहुल गाँधी पर व्यक्तिगत आरोप लगाये। पुराने ग़ैर-प्रमाणित आरोप लगाकर राहुल पर हमला बोला। मगर क्या इन हमलों से मोदी और अडानी के अनैतिक सियासी-कारोबारी रिश्ते का बचाव हो सकता है? अगर ऐसा होता, तो लोकसभा के भीतर भाजपा के सांसद तब तमाशबीन नहीं बने रहते, जब राहुल गाँधी बोल रहे थे।
भाजपा यह कभी नहीं बता पाएगी कि 2014 में 8 बिलियन डॉलर की सम्पत्ति 140 बिलियन डॉलर तक कैसे पहुँच गयी? कांग्रेस से पूछा गया कोई भी सवाल इस सवाल का जवाब नहीं हो सकता। महँगाई, बेरोज़गारी जैसे सवाल भी मज़बूत हुए राहुल गाँधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अफ़सोस जताया कि राष्ट्रपति के सम्बोधन में महँगाई और बेरोज़गारी जैसे शब्दों का ज़िक्र तक नहीं था। अग्निवीर जैसी योजना का ज़िक्र करते हुए राहुल गाँधी ने कहा कि देश के लोग और सेना के अफ़सर बोल रहे हैं कि यह योजना थोपी गयी है। आरएसएस और अजित डोभाल जैसे लोगों ने इसे सेना पर थोपा है। सुबह-सवेरे मैदान पर अभ्यास करने वाले युवा निराश हैं कि अब उन्हें 15 साल की नौकरी की जगह चार साल की अग्निवीर योजना से जुडऩा होगा। संसद में राहुल गाँधी ने अहम मुद्दों को छुआ है। ये मुद्दे आने वाले समय में ज़मीन पर मज़बूत होंगे। आन्दोलन के लिए मुद्दों का दस्तावेज़ीकरण हुआ है। संसद में बातें रिकॉर्ड में आयी हैं।
बहरहाल जिन सवालों से भाजपा और मोदी सरकार भाग रही थी, उन सवालों के कटघरे में उन्हें ला खड़ा किया जा सका है। इसी मायने में राहुल का भाषण ऐतिहासिक है और अडानी गेट वास्तव में मोदी गेट बनता दिख रहा है।
अडानी मामला भाजपा के लिए बन सकता है बड़ा राजनीतिक सिरदर्द
क्या न्यूयॉर्क स्थित इन्वेस्टमेंट रिसर्च फर्म हिंडनवर्ग रिसर्च एलएलसी के भारतीय व्यापारी गौतम अडानी को लेकर ख़ुलासे का देश की राजनीति पर बड़ा असर पडऩे जा रहा है और आम चुनाव से महज़ एक साल पहले यह केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के दो दिग्गजों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके गृह मंत्री अमित शाह के करिश्मे का तिलिस्म तोडऩे की राह खोल देगा? सन् 2014 के आम चुनाव से पहले मनमोहन सिंह सरकार को भाजपा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ही ढेर किया था, और रही सही कसर अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आन्दोलन की लहर ने पूरी कर दी थी, जिसे लेकर बहुत-से लोग कहते हैं कि हजारे के पीछे वास्तव में भाजपा ही थी।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गाँधी के ख़िलाफ़ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया, जिस पर उनसे जवाब माँगा गया है। उधर सर्वोच्च न्यायालय में सरकार ने कहा कि शेयर बाज़ार के लिए रेगुलेटरी मैकेनिज्म को मज़बूत करने को विशेषज्ञ समिति गठित करने के प्रस्ताव को लेकर उसे कोई आपत्ति नहीं है। अडानी का मुद्दा राजनीतिक दृष्टि से इसलिए भी बहुत संवेदनशील है, क्योंकि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पिछले तीन-चार साल से प्रधानमंत्री मोदी और अडानी के रिश्तों को लेकर जनता के बीच सवाल उठाते रहे हैं।
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद जिस तरह अडानी के आर्थिक क़िले की दीवारें हिली हैं और उन्हें दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बनाने के लिए बैंकों के दरवाज़े खोल देने के गम्भीर आरोप लग रहे हैं, इसकी आँच केंद्र की सत्ता की तरफ़ सरकती दिख रही है। यह मुद्दा भ्रष्टाचार का मुद्दा बना तो निश्चित ही भाजपा की उल्टी गिनती शुरू होने में देर नहीं लगेगी। भाजपा को डर है कि उस पर अमीर परस्त होने का ठप्पा लग सकता है, जो राजनीति की दृष्टि से बहुत महँगा साबित होगा।
हिंडनवर्ग की रिपोर्ट को लेकर अडानी ग्रुप अपनी बात कह चुका है और उसने इसे ‘मज़बूत हो रही भारतीय अर्थव्यवस्था को नुक़सान पहुँचाने की साज़िश’ बताया है। देश में ऐसे बहुत-से लोग हैं, जो यह मानते हैं कि भारत से जलने वाले ऐसी साज़िशें करते रहते हैं। हालाँकि देश में लोगों की एक बड़ी संख्या वह भी है, जिसे लगता है कि गड़बड़ी हुई है और केंद्र में बैठी भाजपा सरकार अपने रिश्तों के कारण गुजरात के व्यापारी के साथ खड़ी है और आउट ऑफ बॉक्स उनकी मदद करती रही है। ख़ुद हिंडनवर्ग रिसर्च ने अडानी के उनके ख़ुलासे को साज़िश बताने पर कहा है कि आप अपने कथित फ्रॉड को देश भक्ति से नहीं जोडक़र नहीं बच सकते। भारत में कांग्रेस और विपक्ष के अन्य दल भी इस मसले पर केंद्र सरकार पर हमले कर रहे हैं।
ज़मीनी हक़ीक़त यह है कि हिंडनवर्ग के ख़ुलासे के बाद देश की बड़ी आबादी अडानी के अमीर बनने को आशंका की दृष्टि से देखने लगी है। उन्हें बैंकों, एलआईसी आदि में जमा अपने पैसों को लेकर भी चिन्ता हुई है, भले सरकार और बैंकों ने जनता का पैसा सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया है। बातचीत में काफ़ी लोग मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमितशाह के गुजरात में होने के कारण केंद्र सरकार की अडानी पर ख़ास कृपा रही है। अडानी को लेकर केंद्र सरकार कितनी रक्षात्मक है, यह इस बात से ज़ाहिर हो जाता है कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के लोकसभा में अडानी और प्रधानमंत्री मोदी के कथित रिश्तों को लेकर लगाये आरोप सदन की कार्यवाही से कुछ ही घंटे के भीतर हटा दिये गये और प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जवाब में इन आरोपों पर एक शब्द तक नहीं कहा।
देश ही नहीं विदेशी मीडिया में भी अडानी मुद्दा लगातार छाया हुआ है। कारण यह भी है कि अडानी दुनिया के नंबर एक अमीर व्यक्ति हुए हैं, भले हिंडनवर्ग की रिपोर्ट आने के बाद वह काफ़ी नीचे चले गये। उनके शेयरों ने बड़ा गोता लगाया और भारतीय अर्थव्यवस्था को हिला दिया। संसद में विपक्ष ने लगातार इस मुद्दे को उठाया। वॉकआउट किया। संसद परिसर में धरना दिया। लेकिन सरकार के कान पर जूँ तक नहीं रेंगी और उसकी तरफ़ से कोई सफ़ाई नहीं आयी यह कहा जा सकता है कि अडानी का मुद्दा ऐसे समय में सामने आया है, जब भाजपा इस साल होने वाले विधानसभा के चुनाव जीतने के सपने देख रही थी। बहस का मुद्दा अब अचानक अडानी मामले में बदल गया है और लोग सरकार की दूसरी कमज़ोरियों को भी गिनाने लगे हैं।
दो बार सत्ता की एंटी इंकम्बेंसी भाजपा को वर्तमान राजनीतिक हालत में संकट की तरफ़ ले जा सकती है और उसका लगातार तीस साल तक सत्ता में रहने का दावा उसकी मुसीबत में बदल सकता है। पहले ही केंद्र की भाजपा सरकार पर अहंकारी होने का आरोप लग रहा है। प्रधानमंत्री मोदी मुद्दों पर नहीं बोलते, यह भी जनता को अखरने लगा है। उन्हें लगता है कि भीतर ही भीतर ही सरकार कुछ चीज़ें छिपाती है और जनता के सामने आने नहीं देती। पिछली दो बार से मोदी के साथ खड़े रहे युवा और महिलाएँ भी आशंकाओं से घिरे हुए हैं और यदि वे विपरीत दिशा में सोचने लगते हैं, तो भाजपा को एक बड़ा वोट बैंक खोना पड़ सकता है। इसका असर इसी साल के विधानसभा चुनावों में दिख सकता है।
कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों में भाजपा के लिए दिक़्क़ते हैं और कांग्रेस उसे विधानसभा चुनावों में मज़बूत टक्कर देने की स्थिति पहुँचती दिख रही है। राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा का दक्षिण में व्यापक असर दिख रहा है। अगले आम चुनाव से पहले कांग्रेस एक और ऐसी बड़ी यात्रा की तैयारी कर चुकी है। उत्तर भारत के राज्यों में भी भाजपा की राह उतनी आसान नहीं होगी। हाल के कुछ सर्वे संकेत दे रहे हैं कि धीरे-धीरे ही सही, कांग्रेस देश में वापसी करती दिख रही है। कांग्रेस अडानी मुद्दे को भाजपा और अडानी के बीच भ्रष्टाचार से जोडक़र जनता के बीच ले जा रही है और यदि वह इसमें सफल हुई, तो 2024 के आम चुनाव में भाजपा के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है।
कारण यह है कि आज की तारीख़ में भाजपा का सारा दारोमदार मोदी-शाह की जोड़ी पर टिका है और यदि इनका तिलिस्म टूटता है, तो भाजपा को सँभलना मुश्किल होगा।
क्या हैं आरोप?
केंद्र सरकार पर आरोप लग रहा है कि उसके प्रभाव के कारण बैंकों ने अडानी के लिए अपने दरवाज़े खोल दिये। अडानी पहले भी अमीर थे; लेकिन उनकी असली ग्रोथ 2014 के बाद हुई, जब मोदी सरकार केंद्र में सत्ता में आयी। आँकड़े देखें, तो अडानी समूह को दिया गया क़र्ज़ भारतीय अर्थव्यवस्था के कम से कम एक फ़ीसदी के बराबर है। निक्केई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी की सूचीबद्ध समूह कम्पनियों में से 10 की देनदारी 3.39 ट्रिलियन रुपये (41.1 बिलियन डॉलर) तक है। कम्पनियों में एसीसी, अंबुजा सीमेंट्स और नई दिल्ली टेलीविजन (एनडीटीवी) शामिल हैं, जो अडानी समूह ने 2022 में ही ख़रीदी थीं। आईएमएफ के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर के आख़िर तक भारत का सकल घरेलू उत्पाद 273 ट्रिलियन रुपये था और अडानी का क़र्ज़ अर्थव्यवस्था के क़रीब 1.2 फ़ीसदी है।
अडानी समूह की 10 कम्पनियों की कुल सम्पत्ति 4.8 ट्रिलियन रुपये से अधिक है। हालाँकि निवेशकों की असली चिन्ता क़र्ज़ के बड़े आकार को लेकर है। अडानी समूह की दिक़्क़तें तब शुरू हुईं, जब 24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक रिपोर्ट जारी कर उन पर कई साल तक लेखांकन धोखाधड़ी और स्टॉक हेरफेर का आरोप लगाया। विभिन्न रिपोट्र्स के मुताबिक, अडानी समूह की 10 कम्पनियों का सामूहिक इक्विटी अनुपात 25 फ़ीसदी था, जिनमें से एक अडानी ग्रीन एनर्जी का मार्च, 2022 तक सिर्फ़ दो फ़ीसदी का इक्विटी अनुपात था। अडानी समूह के इन आरोपों के खंडन के बावजूद रिपोर्ट के बाद समूह की कम्पनियों के शेयरों की क़ीमतों में बड़ी गिरावट आयी।
अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कम्पनी अडानी इंटरप्राइजेज ने पहली फरवरी को अपने 200 अरब रुपये के नये शेयरों की पेशकश को रद्द करने की घोषणा की। एक वीडियो में अरबपति गौतम अडानी ने कहा कि इस क़दम का मक़सद निवेशकों को सम्भावित नुक़सान से बचाना है। अडानी ने कहा- ‘हमारी बैलेंस शीट स्वस्थ और सम्पत्ति मज़बूत है।’ समूह ने यह भी घोषणा की कि गौतम अडानी और उनका परिवार निवेशकों के विश्वास को बढ़ाने के लिए समूह के शेयरों द्वारा समर्थित ऋणों में 1.1 बिलियन डॉलर का भुगतान कर रहे हैं।
हालाँकि इन सबके बावजूद जनता में अपने पैसे को लेकर चिन्ता है। एक बयान में, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र लचीला और स्थिर बना हुआ है। इसके बाद 10 फरवरी को आरबीआई ने मुद्रास्फीति को देखते हुए बेंचमार्क रेपो दर को 0.25 अंक बढ़ाकर 6.5 फ़ीसदी कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने अडानी समूह की उथल-पुथल के प्रभाव को कम करके आँकते हुए कहा कि भारतीय बैंकिंग प्रणाली की ताक़त, आकार और लचीलापन अब बहुत वृहद और अधिक मज़बूत है। एक व्यक्तिगत घटना या इस तरह के मामले से यह प्रभावित नहीं होती।
इसके बावजूद जनता का भरोसा बहाल होने और उसे अडानी में फिर निवेश करने की हिम्मत जुटाने में समय लगेगा, ज़्यादातर आर्थिक विशेषज्ञों की यही राय है। अडानी का मुद्दा आर्थिक के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दा भी है। यही सरकार की सबसे बड़ी परेशानी है, क्योंकि मोदी सरकार पर अडानी को प्रश्रय देने का आरोप है। लिहाज़ा यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय का इसका कितना राजनीतिक असर बनता है और सरकार विपक्ष से कैसे निपटती है? भाजपा जानती है कि जितना यह मुद्दा राजनीतिक रूप लेता है, उसकी मुसीबत बढ़ेगी। इसका सबसे बड़ा कारण अडानी का प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात से होना है। वैसे भी 2014 के बाद बैंकों का लाखों करोड़ डकारकर डेढ़ दर्ज़न से ज़्यादा जो लोग विदेश भाग गये हैं, उनमें 95 फ़ीसदी गुजरात से हैं। इनमें से कई को लेकर विपक्ष का आरोप है कि वे शीर्ष भाजपा नेताओं के क़रीबी रहे हैं।
अडानी ग्रुप के ख़िलाफ़ हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत में भी दस्तक दे चुका है। फरवरी के दूसरे हफ़्ते सर्वोच्च न्यायालय में इस मामले की जाँच कराने की माँग वाली याचिका पर अदालत ने केंद्र से जवाब तलब किया। हालाँकि याचिकाकर्ता को भी कड़ी हिदायत दी है। अडानी ग्रुप के ख़िलाफ़ आयी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट की जाँच कराने की माँग वाली याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्र सरकार से पूछा कि आप कैसे भारतीय निवेशक के हितों को बचाएँगे। सर्वोच्च न्यायालय ने मौज़ूदा नियामक ढाँचे पर वित्त मंत्रालय और सेबी से भी जानकारी माँगी। सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ता को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि आप जो भी तर्क दे रहे हैं, सोच-समझकर दें; क्योंकि इसका सीधा असर शेयर बाज़ार पर पड़ता है।
किसानों की अनदेखी
अडानी पर आरोपों के बीच ही केंद्रीय बजट आया। इसमें कई मदों में पैसा घटा दिया गया है, जिसमें कृषि और मनरेगा भी शामिल हैं। किसान पहले ही मोदी सरकार से नाराज़ हैं, ऐसे में बजट घटाने ने आग में घी का काम किया है और किसान फिर से आन्दोलन करने की तैयारी करते दिख रहे हैं। यदि 2024 के चुनाव से पहले किसान बड़ा आन्दोलन शुरू करते हैं, तो अडानी मुद्दे से पहले ही त्रस्त भाजपा के लिए नयी मुसीबत पैदा हो जाएगी। फरवरी के दूसरे हफ़्ते मुज़फ़्फ़रनगर के जीआईसी मैदान में भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान उमड़े जिससे ज़ाहिर होता है कि वो मोदी सरकार से नाराज़ हैं। भाजपा को यह नाराज़गी महँगी पड़ सक्ती है।
‘तहलका’ ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य (योगी) सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने गन्ने के भाव को लेकर तीखे तेवर दिखाये। टिकैत ने कहा- ‘नागपुर पॉलिसी चल रही है। बड़ी कम्पनियों को बिजली बेची जा रही है। ग़रीबों का शोषण किया जा रहा है। यह कम्पनियों की सरकार है। अगले साल 26 जनवरी को पूरे देश में ट्रैक्टर परेड होगी। किसानों की ज़मीन छीनने की तैयारी है, ग़लत तरीक़े से भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। हमारे आन्दोलन का अगला पड़ाव फिर दिल्ली होगा और 20 मार्च से संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में दिल्ली में आन्दोलन किया जाएगा। किसान 20 साल तक की लड़ाई के लिए तैयार हैं।’
प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अपने भाषणों में खेती और किसानों की बार करते हैं; लेकिन इस बार के बजट में खेती पर आधारित गाँवों की क़रीब 65 फ़ीसदी आबादी को बजट का महज़ 3.20 फ़ीसदी पैसा ही आवंटित गया किया है। हैरानी यह है कि 2022 के बजट के मुक़ाबले यह कम है, क्योंकि तब यह 3.84 फ़ीसदी था। ग्रामीण विकास के लिए बजट 5.81 फ़ीसदी से घटाकर 5.29 फ़ीसदी कर दिया गया है। देखा जाए, तो भारत में एक किसान परिवार की आय 27 रुपये प्रतिदिन है, जो आज की बढ़ती महँगाई में एक परिवार के एक ही समय के भोजन के लिए भी पर्याप्त नहीं है।
केंद्र सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था। इसके लिए किसानों को डीजल, बिजली, खाद, बीज, कीटनाशक के दामों में 50 फ़ीसदी की कमी कर सब्सिडी की व्यवस्था करने या समर्थन मूल्य दोगुना कर बजट में इसके लिए राशि का प्रावधान करने की ज़रूरत थी; लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि देश के अमृत-काल में बिजनेसमैन गौतम अडानी 1,600 करोड़ रुपये प्रतिदिन कमाते हैं। लेकिन मनरेगा में मज़दूर की दिहाड़ी 200 रुपये है और प्रधानमंत्री मोदी इसी देश के किसानों को किसान सम्मान निधि के नाम पर साल भर में महज़ 6,000 रुपये देते हैं, जिससे ज़ाहिर होता है कि किसानों की आज क्या स्थिति है?
इस बार पीएम किसान सम्मान निधि के लिए पैसा भी कम कर दिया गया है। पिछले साल यह 68,000 करोड़ था, जिसे अब घटाकर 60,000 करोड़ कर दिया गया है। बजट सत्र में एक सवाल के जवाब में सरकार ने ही बताया है कि 15 करोड़ किसान परिवारों में से सम्मान निधि की सभी क़िस्तें यानी 4 साल के 24,000 रुपये केवल तीन करोड़ किसान परिवारों को ही आवंटित किये गये हैं। यही नहीं, खाद पर दी जाने वाली सब्सिडी जो 2022 में 2,25,000 करोड़ थी; घटाकर 1,75,000 करोड़ कर दी गयी है।
पिछले तीन साल से सरकार ने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड की एक लाख करोड़ रुपये की घोषणा की है; लेकिन इसका वास्तव में केवल 10 फ़ीसदी ही ख़र्च किया गया। किसान सभी कृषि उत्पादों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (सी 2 +50 फ़ीसदी) पर ख़रीद की माँग कर रहे है। लेकिन सरकार जिन 23 फ़सलों के समर्थन मूल्य पर ख़रीद की घोषणा करती है, उन फ़सलों की समर्थन मूल्य पर ख़रीद तक के लिए बजट में राशि आवंटित नहीं की गयी है। केंद्र सरकार फ़सल बीमा के लिए 2022 में आवंटित 15, 500 करोड़ को भी इस बार घटाकर 13,625 करोड़ कर दिया गया है।
इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि के लिए अभी भी 60,000 करोड़ रुपये बजट तय किया गया है, जो पिछले साल के रिवाइज्ड बजट में भी इतना ही था। पीएम ग्राम सडक़ योजना का बजट भी 19,000 करोड़ रुपये ही है। सरकार ने यूरिया सब्सिडी पर बजट कम करके 1,31,100 करोड़ कर दिया है, जो पिछले साल 1,54,098 करोड़ रुपये था। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा पर बजट को कम करके 1,37,207 करोड़ कर दिया है, जो पिछले साल 2,14,696 करोड़ था।
सरकार का दावा है कि बजट में सरकार का फोकस कृषि के बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने, कृषि में तकनीक को बढ़ावा देने और प्राकृतिक खेती की ओर किसानों का रुझान बढ़ाने पर रहा है। हालाँकि बजट में न्यूनतम सर्मथन मूल्य (एमएसपी) को लेकर कुछ नहीं कहा गया है, जो किसानों की सबसे बड़ी माँग रही है। सरकार का कहना है कि अगले तीन साल में देश के एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाये जाएँगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि देश में 10,000 बायो इनपुट रिसर्च सेंटर स्थापित होंगे। माइक्रो फर्टिलाइजर की उपलब्धता बढ़ाने पर ज़ोर दिया जाएगा और रासायनिक खाद के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री-प्रणाम योजना की शुरुआत होगी, जबकि गोबर धन स्कीम के तहत 10,000 करोड़ रुपये ख़र्च किये जाएँगे। सरकार ने किसानों को आर्थिक लाभ की जगह ज़्यादा क़र्ज़ देने की बात कही है, जिससे किसानों में नाराज़गी है। सरकार का दावा है कि कृषि क्षेत्र के लिए क़र्ज़ के लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपये किया जाएगा। सरकार ने बजट में कृषि का डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढाँचा बनाने की घोषणा की है।
हालाँकि किसान नाराज़ हैं। भाकियू नेता राकेश टिकैत ने आरोप लगाया कि किसान सरकार के एजेंडे में हैं ही नहीं। बजट में किसान की आय पर कोई चर्चा नहीं हुई। सरकार ने छ: साल पहले आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन आय घट गयी। सरकार ने 2047 तक का झुनझुना दिया है और विश्व गुरु बनाने की बात कर रहे हैं। सरकार सरकारी सम्पत्तियों को बेच रही हैं और खेती पर निवेश कम कर रही है। सरकार एमएसपी नहीं, क़र्ज़ा देने की बात कर रही है। खेती के लोन अडानी के माध्यम से दिये जाएँगे। उन्होंने कहा- ‘अगर सरकार 85 करोड़ को मु$फ्त राशन दे रही है, तो समझ लो देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी 20 मार्च को पूरे देश का किसान एक साथ दिल्ली कूच करेगा।’
तीन विवादास्पद कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ साल भर आन्दोलन करने वाले किसानों ने मोदी सरकार के भरोसे के बाद अपना आन्दोलन स्थगित किया था; लेकिन उनकी माँगों की लम्बी फ़ेहरिस्त अधूरी ही रही। उनकी पीएम किसान योजना के तहत 6,000 रुपये सालाना को बढ़ाकर 8,000 रुपये करने की उम्मीद टूट गयी; उल्टे ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी के आधार मनरेगा का बजट ही कम कर दिया गया।
सर्वे और चुनाव
हाल के वर्षों में आमतौर पर देखा गया है कि चुनावों से पहले जो सर्वे आते हैं, उनमें ज़्यादातर में प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत लोकप्रियता और भाजपा की जीत को ख़ूब बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है। इससे निश्चित ही चुनावों में मतदाता की सोच पर असर पड़ता है। हालाँकि इस साल जनवरी के आख़िर से जो सर्वे आने शुरू हुए हैं, उनमें कुछ अलग तस्वीर सामने आ रही है।
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर हाल में सी वोटर का एक सर्वे सामने आया, जो प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की बेचैनी बढ़ाने वाला लगता है। इसमें मोदी-शाह का जादू फीका होने के संकेत मिलते हैं। भाजपा नेता अगले आम चुनाव में अकेले 350 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं; लेकिन सर्वे बताता है कि भले 52 फ़ीसदी वोटों के साथ प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव से एक साल पहले सबसे प्रधानमंत्री पद के सबसे बड़ा चेहरा बने हुए हैं। भाजपा की सीटें सन् 2019 के मुक़ाबले 303 से कम होकर 284 पर पहुँचती दिख रही हैं।
सहयोगियों की सम्भावित 14 सीटें मिलकर एनडीए का आँकड़ा 298 पर पहुँच रहा है। सन् 2019 में एनडीए ने 353 सीटें जीती थीं। इसके विपरीत कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए की जो सीटें 2019 में 91 थीं, वो 153 पर पहुँच रही हैं। सर्वे ने यूपीए को 30 फ़ीसदी वोट मिलते दिखाये हैं, जो निश्चित ही भाजपा के लिए चिन्ता की बात हो सकती है। और भी दिलचस्प बात यह है कि सर्वे में अनुच्छेद-370 और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर जनता से जो सवाल पूछे गये उन पर महज़ 14 और 12 फ़ीसदी लोगों ने ही मोदी सरकार का समर्थन किया।
इसका मतलब यह हुआ कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को पसन्द करने वाले 52 फ़ीसदी लोगों में इन दो मुद्दों, जो हिंदुत्व से जुड़े मुद्दे हैं, पर इतने कम लोगों का ही समर्थन है। ऐसे में हिंदुत्व को अगले चुनाव में बड़ा एजेंडा बनाने की सोच रही भाजपा की चिन्ता बढ़ेगी। एक और दिलचस्प बात सर्वे में सामने आयी वह यह है कि भाजपा का हार्डकोर वोटर उतना ही है, जितना राहुल गाँधी को पसन्द करने वाला वोटर। इसके मायने यह हुए कि भाजपा के पास स्मार्टन के रूप में मतदाता का ऐसा बड़ा वर्ग है, जो स्थायी रूप से भाजपा के साथ नहीं है। यदि यह मतदाता भाजपा से फिसलता है,तो ज़ाहिर है कांग्रेस या विपक्ष के किसी अन्य दल के साथ जाएगा। यही वह वर्ग है, जिसने पिछले दो का समर्थन किया था। यदि वह सत्ता परिवर्तन का मन बनाता है, तो भाजपा कमज़ोर होगी। ज़ाहिर है विपक्ष मेहनत करता है, तो इस वर्ग का वोट अपनी तरफ़ खींच सकता है। मूड ऑफ द नेशन के नाम से अलग से आये इंडिया टुडे-सी वोटर के जनवरी के सर्वे में बताया गया है कि आज चुनाव हों, तो भाजपा 284 और कांग्रेस 191 सीटें जीत सकती है। इसमें महँगाई और बेरोज़गारी को मोदी सरकार की सबसे बड़ी विफलता बताया गया है। सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूपीए बिहार में 47 फ़ीसदी तक वोट हासिल कर सकता है। अगस्त 2022 में यह आँकड़ा यूपीए के लिए सिर्फ़ 5 फ़ीसदी था।
फरवरी में आये इस सर्वे के मुताबिक, यूपीए को कर्नाटक में 43 फ़ीसदी और महाराष्ट्र में 48 फ़ीसदी वोट हासिल करने का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक, आज चुनाव होने पर कांग्रेस-यूपीए को कर्नाटक में सीधे 15 सीटों (कुल 17 सीटें) का फ़ायदा हो सकता है, जहाँ कुल लोकसभा सीटें 28 हैं। साल 2019 में उसे वहाँ दो ही सीटें मिली थीं।
महाराष्ट्र में यूपीए गठबंधन को 28 सीटों का फ़ायदा हो सकता है। सर्वे के कांग्रेस गठबंधन को 34 सीटें मिल सकती हैं, जो साल 2019 में सिर्फ़ 6 थीं। बिहार में यूपीए गठबंधन को 25 सीटें दिखायी गयी हैं, जो सन् 2019 में महज़ एक थी। इस लिहाज़ से देखें, तो कर्नाटक में इस साल होने वाले विधानसभा के चुनाव कांग्रेस की लाटरी निकाल सकते हैं। राहुल गाँधी की दिसंबर में जब भारत जोड़ो यात्रा वहाँ से निकली थी, तो बड़ी संख्या में लोग उसमें जुटे थे। सर्वे के मुताबिक, चार साल कर्नाटक के वोटर का मिज़ाज पूरी तरह बदला दिख रहा है।
भाजपा के लिए सर्वे में यह राहत ज़रूर है कि अन्य दलों के वोट शेयर में पिछले 1.5 साल से गिरावट देखी जा रही है। डेढ़ साल के बीच हुए तीन सर्वे में अन्य दलों का आँकड़ा 43 फ़ीसदी से गिरकर 39 फ़ीसदी पहुँच गया है, जबकि भाजपा का वोट शेयर 2 फ़ीसदी बढक़र 37 से 39 पहुँच गया है। हालाँकि कांग्रेस अब फिर भाजपा की सिर दर्द बढ़ाती दिख रही है, जिसके वोट शेयर में तीन सर्वे के बीच दो फ़ीसदी का इज़ाफ़ा हुआ है। जनवरी 2022 में कांग्रेस का वोट शेयर 20 फ़ीसदी था; जो अगस्त, 2022 में 21 और जनवरी, 2023 में 22 फ़ीसदी पहुँच गया है।
याद रहे भाजपा को सन् 2009 के लोकसभा चुनाव में 18.8 फ़ीसदी, सन् 2014 में 31.34 फ़ीसदी, जबकि सन् 2019 में 37.76 फ़ीसदी वोट हासिल हुए थे। उधर कांग्रेस को सन् 2009 में 28.55 फ़ीसदी, सन् 2014 में 19.52 फ़ीसदी और सन् 2019 में 19.70 फ़ीसदी वोट मिले थे। राजनीति के जानकारों का कहना है कि यदि यह मत फ़ीसदी इसी तरह घटा, तो 2024 तक भाजपा के लिए मुश्किल स्थिति भी आ सकती है।
अडानी पर हिंडनवर्ग के आरोप
अडानी ग्रुप ने शेयरों को क़ीमत मैनिपुलेट कर बढ़ाया।
धनशोधन और अकाउंटिंग फ्रॉड किया और आठ साल में 5 सीएफओ बदले।
ग्रुप की 7 कम्पनियों के शेयर की क़ीमत 85 फ़ीसदी तक ज़्यादा अर्थात् स्काई रॉकेट वैल्यूएशन।
अडानी ग्रुप पर 2.20 लाख करोड़ का क़र्ज़, जो उसकी कम्पनियों की हैसियत से कहीं ज़्यादा है।
मॉरीशस और दूसरे देशों की जिन कम्पनियों में पैसा भेजा गया, उन्होंने अडानी के शेयर ख़रीदे।
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
“जो अहंकार में डूबे रहते हैं, उनको लगता है कि मोदी को गाली देकर और ग़लत आरोप लगाकर ही आगे बढ़ पाएँगे। मोदी पर देश का ये भरोसा अख़बार की सुख़ियों और टीवी पर चमकते चेहरों से नहीं हुआ है। जीवन खपा दिया है, पल-पल खपा दिया है मैंने देश के लिए। मोदी देश के एक-एक परिवार के लिए जी रहा है। वे (राहुल) झूठ से मेरे प्रति देश के 140 करोड़ लोगों के इस कवच को भेद नहीं सकते हैं।’’
राहुल गांधी, कांग्रेस नेता
“मैं संतुष्ट नहीं हूँ। प्रधानमंत्री के बयान से सच्चाई का पता चलता है। अगर (अदानी) मित्र नहीं हैं, तो (प्रधानमंत्री) कहते कि ठीक है। इन्क्वायरी करवा देता हूँ। लेकिन इन्क्वायरी की बात तक नहीं हुई। इससे क्लियर है कि प्रधानमंत्री उनकी (अडानी की) रक्षा कर रहे हैं। उन्हें प्रमोट कर रहे हैं।’’