Home Blog Page 35

पूनम पांडे अब नहीं निभाएंगी रामलीला में मंदोदरी की भूमिका, लवकुश रामलीला कमेटी ने किया बाहर

नयी दिल्ली: विवादित एक्ट्रेस पूनम पांडे अब रामलीला में मंदोदरी की भूमिका नहीं निभाएंगी। दिल्ली की बड़ी और प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन करके ये जानकारी दी । पूनम पांडे रावण की पत्नी मंदोदरी का चरित्र निभाने वाली थी विश्व हिंदू परिषद ,भारतीय जनता पार्टी , साधु संत समाज ने रामलीला में पूनम पांडे को भूमिका दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया और लव कुश रामलीला आयोजकों से अनुरोध किया किया कि पूनम पांडे जैसी विवादास्पद अभिनेत्री को रामलीला में भूमिका देना समाज में गलत संदेश देगा।  विश्व हिंदु परिषद ने लव कुश रामलीला कमेटी के फैसले का स्वागत किया है। दिल्ली प्रांत विहिप के मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि ये फैसला समाज की सांस्कृतिक मर्यादा और धार्मिक परंपराओं की रक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

पूनम पांडे दरअसल अपनी न्यूड और सेमी न्यूड तस्वीरों के कारण 2010 से चर्चा में रही हैं मॉडलिंग से फिल्मों की दुनिया में आयी पूनम पांडे ने 2011 में बयान दिया था कि यदि भारत क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतता है तो वे पूरी तरह निर्वस्त्र हो जाएंगी। हालांकि बीसीसीआई ने उनको ये अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद अगले साल 2012 में पूनम पांडे ने कोलकाता नाइट राईडर्स के लिए न्यूड पोज दिया था । पूनम ने 2017 में अपना एक ऐप शुरू किया था जिसको प्ले स्टोर में आपत्तिजनक कंटेंट होने के कारण हटा दिया था ।इसी तरह इस्टांग्राम पर भी उन्होंने सेक्स टेप शुरू किया था वो भी इंस्टाग्राम ने हटा दिया था।

लव कुश रामलीला में  मंदोदरी की भूमिका की जानकारी पूनम पांडे स्वयं एक वीडियो के माध्यम से दी थी। जिस पर समाज , धार्मिक संस्थाओं साधु संतों और राजनीतिक दलों ने कड़ा विरोध जताया। शुरू में लव कुश रामलीला कमेटी ने पूनम पांडे को बनाए रखने के बयान दिए लेकिन कड़े विरोध के कारण उनको झुकना पड़ा। 

न्यूयॉर्क में भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र के अवसर पर अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद को लेकर नाराजगी जताते हुए भारतीय वस्तुओं पर भारी शुल्क लगा दिए थे, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव उत्पन्न हो गया था।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस बैठक को रचनात्मक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “न्यूयॉर्क में मार्को रुबियो से मुलाकात अच्छी रही। हमने द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रगति के लिए निरंतर संपर्क की अहमियत पर सहमति जताई।”

वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी X पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा, “UNGA में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। हमने व्यापार, ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, ताकि दोनों देशों के लिए समृद्धि बढ़ाई जा सके।”

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत, अमेरिका के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों देश रक्षा, व्यापार और तकनीकी क्षेत्रों में अपने संबंधों को और अधिक गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिका और भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने के लिए क्वाड जैसे मंचों के माध्यम से मिलकर कार्य करेंगे।

यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने बातचीत है, जो हालिया व्यापारिक तनाव के बाद हुई है। इससे पहले जुलाई 2025 में वॉशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी।

संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर 2025 को शुरू हुआ था और उच्चस्तरीय आम चर्चा 23 सितंबर से आरंभ हुई है। इस अवसर पर विश्व नेताओं के बीच कई द्विपक्षीय बैठकें हो रही हैं, जिनमें यह भारत-अमेरिका वार्ता भी शामिल है।

भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस पर लगे प्रतिबंध को बढ़ाया

भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र को लेकर तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान के कदम के जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी एयरलाइंस और विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया है। भारत के विमानन प्राधिकरण द्वारा सोमवार को जारी नए ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM) के अनुसार, यह प्रतिबंध अब 24 अक्टूबर, 2025 तक लागू रहेगा।

इस फैसले के साथ ही दोनों पड़ोसी देशों द्वारा एक-दूसरे के विमानों के लिए हवाई क्षेत्र की बंदी अब छठे महीने में प्रवेश कर गई है। यह कदम पाकिस्तान द्वारा कुछ दिन पहले भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को इसी तारीख तक बंद करने की घोषणा के बाद उठाया गया है।

दोनों देशों के बीच यह गतिरोध इस साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके चलते नई दिल्ली और इस्लामाबाद के संबंधों में भारी तनाव आ गया था। पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को पहली बार भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया था। इसके जवाब में भारत ने 30 अप्रैल को जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की थी। तब से, दोनों देश मासिक आधार पर NOTAM जारी कर इस प्रतिबंध को लगातार बढ़ा रहे हैं।

हालांकि, यह प्रतिबंध केवल भारत और पाकिस्तान की एयरलाइंस और विमानों (सैन्य उड़ानों सहित) पर ही लागू है। दोनों देशों का हवाई क्षेत्र अन्य देशों की एयरलाइंस के लिए खुला हुआ है और वे इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

भारत की ओर से जारी किया गया नया NOTAM 24 अक्टूबर, 2025 की सुबह 5:29 बजे तक प्रभावी रहेगा, जो पाकिस्तान द्वारा जारी किए गए NOTAM की तारीख और समय से बिल्कुल मेल खाता है।

कोलकाता में मूसलाधार बारिश, मेट्रो और रेल सेवाएं ठप; करंट लगने से 5 लोगों की मौत

कोलकाता और आसपास के इलाकों में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। लगातार हुई बारिश से कई इलाकों में घरों तक पानी घुस गया और आम गतिविधियां ठप पड़ गईं। शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न होने से यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

कोलकाता मेट्रो रेलवे की ब्लू लाइन पर महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोवर स्टेशनों के बीच पानी भर जाने से सेवाएं रोक दी गईं। प्रवक्ता के अनुसार शहीद खुदीराम से मैदान तक मेट्रो नहीं चल रही, जबकि दक्षिणेश्वर से मैदान तक सीमित सेवा जारी है।

पूर्वी रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, सीलदह दक्षिण खंड में ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनें बंद हैं। सीलदह उत्तर और मुख्य खंडों में नाममात्र सेवाएं चल रही हैं। हावड़ा और कोलकाता टर्मिनल से ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। चितपुर यार्ड में जलभराव के चलते सर्कुलर रेलवे लाइन पर परिचालन रुका हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में और भारी बारिश हो सकती है। शहर के गारिया कमदहारी में 332 मिमी, जोधपुर पार्क में 285 मिमी और कालीघाट में 280 मिमी बारिश दर्ज की गई।

कोलकाता नगर निगम के अनुसार, टॉप्सिया में 275 मिमी, बल्लीगंज में 264 मिमी और थानटानिया में 195 मिमी बारिश दर्ज हुई। जलभराव से दफ्तर जाने वालों को भारी दिक्कत हुई और कई स्कूलों ने छुट्टी की घोषणा कर दी। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार तक पुरबा और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुरा में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की आशंका है, जिससे बारिश का दौर लंबा खिंच सकता है।

कुट्टू के आटे से बनी चीजें खाने से दिल्ली में सैकड़ों लोग हुए बीमार

राजधानी दिल्ली में नवरात्रि पर व्रत रखने वाले लोगों के लिए कुट्टू का आटा इस बार मुसीबत बन गया। उत्तरपश्चिम दिल्ली के कई इलाकों जहांगीरपुरी, महेंद्र पार्क, समयपुर, भलस्वा डेरी, लाल बाग और स्वरूप नगर में लगभग 150 से 200 लोग सोमवार तड़के अचानक बीमार हो गए। सभी मरीजों को उल्टीदस्त और बेचैनी की शिकायत के बाद नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

उत्तरपश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि सुबह करीब छह बजकर 10 मिनट पर जहांगीरपुरी थाने को सूचना मिली कि बड़ी संख्या में लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद अस्वस्थ हो रहे हैं। देखते ही देखते यह खबर फैल गई और स्थानीय लोग उस दुकानदार के पास इकट्ठा हो गए जिससे उन्होंने आटा खरीदा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।

सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही खाद्य विभाग को सतर्क कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से इलाके के लोगों और दुकानदारों को आगाह किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह मामला गंभीर है, लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने तक संबंधित दुकानदारों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

बीजेआरएम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशेष यादव ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अचानक 150-200 लोग पहुंचे। सभी को उल्टीदस्त की शिकायत थी लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं थी। उन्होंने कहा, “सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार और दवाइयां देकर घर भेज दिया गया। यह स्पष्ट रूप से फूड पॉइजनिंग का मामला प्रतीत होता है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने आटे के नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जाएगा कि कहीं आटा एक्सपायरी तो नहीं था या इसमें मिलावट तो नहीं थी। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारी तय होगी।

घटना के बाद प्रभावित इलाकों में अफरातफरी का माहौल है। लोग कुट्टू का आटा खरीदने से बच रहे हैं और दुकानदार भी ग्राहकों को भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके यहां का सामान सुरक्षित है। वहीं कई परिवारों ने एहतियातन पहले से खरीदा आटा फेंक दिया है। गौरतलब है कि नवरात्रि के दौरान उपवास रखने वाले लोग बड़े पैमाने पर कुट्टू का आटा, साबूदाना और सिंघाड़ा जैसे अनाज का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यह घटना केवल स्वास्थ्य के लिहाज से बल्कि धार्मिक आस्थाओं के बीच भी चिंता का विषय बन गई है।

लैंड फॉर जॉब स्कैम में लालू परिवार पर कसा कानूनी शिकंजा

रेलवे में नौकरी के बदले जमीन लेने (लैंड फॉर जॉब) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू स्पेशल कोर्ट ने मामले में एक बड़ा आदेश देते हुए 13 अक्टूबर से रोजाना आधार पर सुनवाई करने का फैसला किया है।

कोर्ट के इस आदेश के बाद अब लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव, और बेटियां मीसा भारती व हेमा यादव के खिलाफ चल रहे इस हाई-प्रोफाइल केस की सुनवाई में तेजी आएगी। 20 सितंबर को दिए अपने आदेश में कोर्ट ने यह भी साफ किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) यह सुनिश्चित करे कि आरोपियों को केस से जुड़े सभी दस्तावेजों की साफ और पढ़ने लायक कॉपी मुहैया कराई जाए।

यह मामला साल 2004 से 2009 के बीच का है, जब केंद्र की यूपीए सरकार में लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने रेल मंत्री रहते हुए बिना कोई विज्ञापन जारी किए, कई लोगों को ग्रुप ‘डी’ में नौकरी देने के बदले रिश्वत के तौर पर अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर जमीनें और संपत्तियां ली थीं। यह भर्तियां मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित भारतीय रेलवे के पश्चिम मध्य क्षेत्र में की गई थीं।

इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी दोनों कर रही हैं। ईडी ने पहले ही मामले में चार्जशीट और एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब कोर्ट द्वारा रोजाना सुनवाई का आदेश दिए जाने के बाद यह स्पष्ट है कि लालू परिवार के खिलाफ चल रहा यह मामला निर्णायक दौर की ओर तेजी से बढ़ेगा।

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का जल्द होगा ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 30 सितंबर के बाद पटना का दौरा कर सकते हैं। उनके साथ सभी चुनाव आयुक्त भी मौजूद रहेंगे और राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को एसआईआर (स्पेशल रिवीजन) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। इसके तुरंत बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त बिहार पहुंचेंगे और इसी दौरान विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किए जाने की संभावना है।

चुनाव आयोग की योजना है कि इस बार मतदान दुर्गापूजा और दीपावली के बीच कराया जाए। यानी 2 अक्टूबर से 29 अक्टूबर के बीच वोटिंग हो सकती है। आयोग दो से तीन चरणों में चुनाव कराने पर विचार कर रहा है। इधर, चुनावी सरगर्मी भी बढ़ने लगी है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं और स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक बैठकों की रफ्तार भी तेज हो गई है।

जीएसटी कटौती की दरें आज से लागू

The Union Minister for Finance and Corporate Affairs, Smt. Nirmala Sitharaman virtually addressing at the launch of the UN Principles for Responsible Digital Payments at Global Fintech Fest 2021, in New Delhi on September 28, 2021.

नवरात्र की शुरुआत के साथ ही उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। सरकार द्वारा घोषित जीएसटी दरों में कटौती सोमवार 22 सितंबर से लागू हो गई है। अब रोजमर्रा की चीजों से लेकर गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक सामान तक पहले से सस्ते मिलेंगे।

सरकार ने जीएसटी सुधार के तहत अब चार की जगह केवल दो स्लैब रखे हैं। 5% और 18% का नया ढांचा लागू हो गया है। इसके साथ ही 40% का एक नया टैक्स ब्रैकेट भी तय किया गया है, जो केवल अल्ट्रा लग्जरी वस्तुओं पर लागू होगा। खाद्यान्न, दवाइयां और रोजमर्रा की वस्तुएं पहले की तरह 5% की निचली दर पर ही रहेंगी। दूध से बने पेय पदार्थ, बिस्कुट, मक्खन, अनाज, सूखे मेवे, फलों का रस, घी, आइसक्रीम, जैम, केचप, नमकीन, पनीर, पेस्ट्री, सॉसेज और नारियल पानी जैसी चीजें अब पहले से कम दामों पर मिलेंगी। इससे आम आदमी की रसोई पर पड़ने वाला बोझ घटेगा।

यही नहीं, शैम्पू, साबुन, हेयर ऑयल, शेविंग क्रीम, टैल्कम पाउडर और फेस क्रीम जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी सस्ती हो गई हैं। वहीं एसी, वॉशिंग मशीन, टीवी और डिशवॉशर जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान अब किफायती दामों पर उपलब्ध होंगे। सरकार ने कई आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी दर घटाकर केवल 5% कर दी है। इसके साथ ही दवा कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने उत्पादों के एमआरपी में संशोधन करें ताकि उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिले।

सेवाओं की बात करें तो सैलून, नाई, जिम, फिटनेस सेंटर और योग सेवाओं पर भी अब कम जीएसटी लगेगा। इससे इनका उपयोग करने वाले लोगों की जेब पर भार कम होगा। वित्त मंत्री का कहना है कि नए जीएसटी सुधारों से टैक्स बोझ में बड़ी राहत मिलेगी और अनुमान है कि देश की जनता को सालाना लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी।

जम्मू के किश्तवाड़ में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर की गोलीबारी

जम्मू के किश्तवाड़ जिले के केशवान इलाके में रविवार दोपहर सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान उस समय मुठभेड़ में बदल गया जब आतंकियों ने जवानों पर अचानक गोलीबारी कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद आतंकी मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी बंद होने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। सेना और पुलिस के आला अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं। मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त बल भेजे गए हैं और ड्रोन की मदद से आतंकियों की तलाश जारी है।

सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अपराह्न करीब एक बजे खुफिया सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने सुरक्षित स्थान से जवाबी फायरिंग की। इस घटना में किसी जवान के हताहत होने की खबर नहीं है।

एसएसपी किश्तवाड़ नरेश सिंह ने बताया कि आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी, हालांकि इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। माना जा रहा है कि किश्तवाड़ के नागसेनी के केशवान और छातरु इलाकों में आतंकी छिपे हुए हैं, जो पहले भी सुरक्षाबलों पर हमले कर चुके हैं। इस बीच, ऊधमपुर के सियोजधार जंगल में भी तलाशी अभियान जारी है। शनिवार को यहां हुई मुठभेड़ में एक सैनिक बलिदान हुआ था।

वहीं, हंदवाड़ा में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में सुरक्षाबलों ने एक ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इसमें तुर्की निर्मित 9 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, दो चाइनीज 7.62 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, 14 राउंड, आठ चाइनीज हैंड ग्रेनेड, एक एके मैगजीन और 40 राउंड शामिल हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई

भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 के मुकाबले में दुबई क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक अर्धशतक लगाया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

अभिषेक शर्मा ने 39 गेंद पर 5 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 74 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 24 गेंद पर अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में किसी भी भारतीय का लगाया यह सबसे तेज अर्धशतक है। पूर्व में यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था। 2012 में युवराज सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद में 29 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। अभिषेक को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अभिषेक शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों पहले विकेट के लिए 9.5 ओवर में 105 रन जोड़कर भारत का पाकिस्तान के खिलाफ चल रहा ऑपरेशन व्हाइट बॉल सफलतापूर्वक पूरा किया। गिल 28 गेंद पर 47 रन बनाकर आउट हुए। भारत को 172 रन का लक्ष्य पाकिस्तान ने दिया था। भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीता। तिलक वर्मा 30 और हार्दिक पांड्या 7 रन बनाकर नाबाद रहे। सैमसन 13 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी को मजबूर पाकिस्तान ने 5 विकेट पर 171 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने 2.3 ओवरों में 21 रन जुटाए। फखर 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। साहिबजादा फरहान ने सईम अयूब के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन जुटाए। सईम ने 17 गेंदों में 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। हुसैन तलत चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने 11 गेंदों में 10 रन बनाए, जबकि साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 58 रन जोड़े। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 5 चौके शामिल रहे।

पाकिस्तानी टीम ने 115 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था। यहां से मोहम्मद नवाज ने कप्तान सलमान आगा के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को चुनौतीपूर्ण स्थिति तक पहुंचा दिया। पारी के 18वें ओवर में पाकिस्तान ने 17 रन जुटाए। 18.3 ओवर में मोहम्मद नवाज रन आउट हुए। नवाज ने टीम के खाते में 21 रन जोड़े, जबकि सलमान आगा ने 17 रन की पारी खेली।