Home Blog Page 1280

अमृतसर हादसे पर पीआईएल खारिज

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने अमृतसर ट्रेन हादसे की सीबीआई जांच या एसआईटी की मांग पर दायर जनहित याचिका (पीआईएल) को राजनीतिक हित याचिका बताते हुए सोमवार को खारिज कर दिया। कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि नवजोत कौर सिद्धू कैसे इस मामले की जिम्मेवार हैं।
गौरतलब है कि दशहरे के मौके पर अमृतसर के जोड़ा फाटक के नजदीक रावण दहन के समय ट्रेन ने लोगों को कुचल दिया था जिससे ६१ लोगों की जान चली गई थी। मामले की सीबीआई जांच के लिए कोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई थी।
सोमवार को हाईकोर्ट ने इस पीआईएल को खारिज करते हुए कहा, ‘यह जनहित याचिका कम, राजनीतिक हित वाली याचिका ज्यादा लग रही है क्योंकि कार्यक्रम में चीफ गेस्ट और सरकार इसके लिए कैसे दोषी हो सकते हैं जब लोग खुद रेलवे ट्रैक पर खड़े थे जो कि गलत था।’ अपने फैसले में कोर्ट ने कहा कि पीआईएल राजनीतिक हित वाली याचिका की तरह है लेकिन सरकार या चीफ गेस्ट कैसे जिम्मेदार हो सकते हैं जब लोग खुद ट्रैक पर खड़े हुए थे।
हाई कोर्ट ने कार्यक्रम की चीफ गेस्ट नवजोत कौर सिद्धू को भी इस मामले का जिम्मेवार मैंने से इंकार कर दिया। कोर्ट के इस इस फैसले से नवजोत को ‘क्लीन चिट’ मिल गयी है क्योंकि विरोधी अकाली दल ने उन्हें ही इस मामले का ”जिम्मेवार” बता दिया था। गौरतलब है कि रावण दहन कार्यक्रम में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू मुख्य अतिथि थीं।

अयोध्या पर सुनवाई जनवरी तक टली

सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली जस्टिस एसके कौल और केएम जोसेफ की पीठ राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई जनवरी, २०१९ टाल दी है।
अब जनवरी में इस पर सुप्रीम कोर्ट की तरफ से सुनवाई को लेकर कोइ तारीख घोषित होगी। हो सकता है नई बेंच बने या यही बेंच इसपर सुनवाई करे। पहले कहा जा रहा था इस पर दे-तू-दे सुनवाई का फैसला आ सकता सकता है लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। याद रहे सबरीमाला पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के विवादित ब्यान के बाद रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला विवाद पर जिस तरह जल्द फैसला दिया है, उसी तरह उसे राम मंदिर पर भी फैसला देना चाहिए।
इंडिया आइडिया कॉन्क्लेव में सीएम योगी ने लोगों का संबोधन करते हुए रविवार को कहा  कि जिस तरह सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला पर जल्द फैसला दिया वैसा ही राम मंदिर पर भी देना चाहिए। साफ़ लग रहा है कि भाजपा ने २०१९ का चुनाव विकास को छोड़कर राम मंदिर और धर्म के दूसरे मुद्दों पर लड़ने की पूरी तैयारी कर ली है।
याद रहे शनिवार को केरल के कन्नूर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सबरीवाला मंदिर विवाद को लेकर राज्य की लेफ्ट सरकार पर निशाना साधा था और केरल की माकपा सरकार पर ”सबरीमाला मंदिर को नष्ट करने” का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था – ”आज केरल में धार्मिक आस्था और राज्य सरकार की क्रूरता के बीच संघर्ष चल रहा है।

इंडोनेशिया में विमान क्रैश, १४० से ज्यादा की मौत

दो महीने पहले कहरी लॉयन एयर को मिला इंडोनेशिया का एक विमान इंडोनेशिया से पंगकल पिनांग जाते हुए सोमवार सुबह क्रैश हो गया है। इस विमान में १४० से ज्यादा लोगों के मरने का आशंका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह विमान उड़ान भरने के १३ मिनट बाद ही हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में १८८ लोग सवार थे। अभी तक मिली रिपोर्ट्स के मुताबिक कम से कम १४० लोगों की मौत इस हादसे में कन्फर्म हो चुकी है। विमान में सवार बाकी लोगों का क्या हुआ इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। विमान में सवार १८८ लोगों में ३ बच्चे, २ पायलट और ५ केबिन क्रू शामिल थे। विमान ने राजधानी जकार्ता से सोमवार सुबह उड़ान भरी थी लेकिन १३ मिनट के बाद ही उसक संपर्क टूट गया।
विमान क्रैश होने की खबर पता चलते ही खोजबीन और बचाव कार्य शुरू हो गया । जकार्ता से ७३७  मैक्स ८ मॉडल के इस बोइंग ने आइसलैंड सुमात्रा के लिए सुबह ६ बजे पर उड़ान भरी थी और इसे ७.२० पर लैंड होना था। लेकिन ६.३३ बजे ही यह विमान क्रैश हो गया। इंडोनेशिया की आपातकाल एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पूर्वो नुग्रोहो ने हादसे का शिकार हुए विमान की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर डालीं, जिनमें बुरी तरह टूट चुका एक स्मार्टफोन, किताबें, बैग, विमान के कुछ हिस्से दिख रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जब विमान से संपर्क टूटा उस दौरान उसकी ऊंचाई सामान्य से दो हजार मीटर कम थी। उसके मलवे और बाकी यात्रियों की खोज की जा रही है।

अयोध्या पर कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

सबरीमाला पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के विवादित ब्यान के बाद रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला विवाद पर जिस तरह जल्द फैसला दिया है, उसी तरह उसे राम मंदिर पर भी फैसला देना चाहिए। गौरतलब है कि सोमवार (२९ अक्टूबर) को सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली जस्टिस एसके कौल और केएम जोसेफ की पीठ राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगी।
इंडिया आइडिया कॉन्क्लेव में सीएम योगी ने लोगों का संबोधन करते हुए रविवार को कहा कि जिस तरह सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला पर जल्द फैसला दिया वैसा ही राम मंदिर पर भी देना चाहिए। साफ़ लग रहा है कि भाजपा ने २०१९ का चुनाव विकास को छोड़कर राम मंदिर और धर्म के दूसरे मुद्दों पर लड़ने की पूरी तैयारी कर ली है।
याद रहे शनिवार को केरल के कन्नूर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सबरीवाला मंदिर विवाद को लेकर राज्य की लेफ्ट सरकार पर निशाना साधा था और केरल की माकपा सरकार पर ”सबरीमाला मंदिर को नष्ट करने” का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था – ”आज केरल में धार्मिक आस्था और राज्य सरकार की क्रूरता के बीच संघर्ष चल रहा है। भाजपा, आरएसएस समेत अन्य संगठनों के २,०००  से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार किये गए हैं। भगवान अयप्पा के श्रद्धालुओं का दमन करके केरल सरकार सबरीमाला मंदिर को नष्ट करना चाहती है। उन्होंने साफ़ कहा कि भाजपा इस मसले पर सबरीमाला के श्रद्धालुओं के साथ मजबूती से खड़ी है”। इस तरह शाह ने खुले रूप से सुप्रीम कोर्ट के फ़ासिले के विपरीत जाकर बात कही।
उधर योगी ने रविवार को कहा कि राम जन्मभूमि कोई राजनीतिक विषय नहीं है। ”यह धार्मिक भावनाओं की बात है। अगर सबरीमाला मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट इतनी जल्दी अपना फैसला दे सकता है तो हम भी सुप्रीम कोर्ट से अपील करते हैं कि वह राम मंदिर पर भी जल्द अपना फैसला सुनाए”।
गौरतलब है कि ३० सितंबर, २०१० को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि को तीन भागों में बांटा था, जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की गईं। इससे पहले इसी २७ सितंबर को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने १९९४   के अपने उस फैसले पर पुनर्विचार के मुद्दे को पांच जजों वाली संविधान पीठ को सौंपने से इनकार कर दिया था जिसमें कहा गया था कि ‘मस्जिद इस्लाम का अनिवार्य अंग नहीं’ है। यह मुद्दा अयोध्या भूमि विवाद की सुनवाई के दौरान उठा था। इस्माइल फारूकी ने अयोध्या में भूमि अधिग्रहण को चुनौती दी थी जिस पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा था कि नमाज पढ़ना मस्जिद का अनिवार्य हिस्सा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए अर्जी लगाई गई थी। मुस्लिम समुदाय इससे सहमत नहीं था और वह चाहता है कि इस पर दोबारा से विचार किया जाए।

भारत फाइनल में भिड़ेगा पाक से

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के फाइनल में एक बार फिर पुराने प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यह फाइनल रात को खेला जाएगा। सेमीफाइनल में भारत ने जापान को ३-२ से हरा दिया है। पूल मैचों में भारत ने पाकिस्तान को भी ४-३ से हरा दिया था। पाकिस्तान मलेशिया को ३-२ से हरा कर फाइनल में पहुंचा है।
सेमीफाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता जापान सामने थी लेकिन भारत ने शुरू से ही आक्रमक खेल दिखाया। भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह ने तीन मिनट में  ही पेनल्टी कार्नर हासिल किया, लेकिन टीम इस पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील नहीं कर पाई। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों का स्कोर शुन्य रहा। बाद में १९वें मिनट में भारत के गुरजंट सिंह ने गोल कर अपनी टीम को १-० के साथ बढ़त दिला दी। इसके बदले में तीन मिनट बाद ही जापान ने पेनल्टी कार्नर हासिल कर गोल उतार दिया और स्कोर १-१ से बराबर कर दिया।
मुकाबले के तीसरे क्वार्टर में भारत ने चौथा पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिसको चिंगलेन साना ने ४४ वें मिनट में डिफ्लेक्ट के साथ गोल दागकर टीम को २-१ की अहम् बढ़त दिला दी। मैच के आखिरी क्वार्टर में दो गोल हुए। एक भारत की तरफ से एक जापान की तरफ से। इस तरह भारत ने ३-२ के अंतर से फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत की जापान पर यह लगातार दूसरी जीत रही।

मैं रोज करता हूँ शिव की पूजा : थरूर

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने रविवार शाम तव्वत कर कहा कि रोज शिव की पूजा करते हैं और भाजपा उनके बिच्छू वाले ब्यान को गलत तरीके से पेश कर राजनीति कर रही है। थरूर ने दावा किया था कि आरएसएस के एक नेता ने एक पत्रकार से कहा कि ”मोदी शिवलिंग पर चिपके बिच्छू की तरह हैं, जिसे न तो हटाया जा सकता है, और न ही चप्पल से मारा जा सकता है”। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इसे शिव और हिन्दू धर्म का अपमान बताया था।
थरूर ने बेंगलुरु में एक पत्रकार के हवाले से आरएसएस के एक नेता के बयान का जिक्र किया था। इसके बाद कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि थरूर की टिप्पणी शर्मनाक है। उन्होंने राहुल गांधी से इसपर जवाब देने को कहा था। उधर भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा ”थरूर ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं”।
हालांकि टीवी चैनलों पर अपने ब्यान की आलोचना के बाद थरूर ने सफाई दे है की वे शिव भक्त हैं और रोज शिव की पूजा करते हैं। थरूर ने आरोप लगाया कि भाजपा उनके ब्यान को अपने हिसाब से पेश कर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उनका ब्यान नहीं बल्कि आरएसएस के नेता की कही बात है जिसे एक पत्रकार के हवाले से उन्होंने कहा है की कैसे मोदी को भाजपा के भीतर एक ”बोझ” की तरह देखा जा रहा है।
थरूर ने यह भी कहा की उनका यह ब्यान भाजपा राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रही है। ट्वीट करके थरूर ने कहा कि उनकी जेब में हमेशा शिव की तस्वीर रहती है। वे शिव की पूजा करते हैं और उनका अपमान करने की सोच भी नहीं सकते।

कश्मीर में सब इन्स्पेक्टर की हत्या

सब इंस्पेक्टर इम्तियाज अहमद मीर

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने रविवार को एक पुलिस सब इन्स्पेक्टर की हत्या कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक शेरगढ़ पुलिस स्टेशन के तहत सीआईडी में तैनात सब इंस्पेक्टर इम्तियाज अहमद मीर को आतंकियों ने तब गोली मारी जब वे छुट्टी पर गांव जा रहे थे।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि मेरे अपनी कार से गांव जा रहे थे कि पुलवामा से ५ किलोमीटर पहले आतंकियों ने वाहीबाग इलाके में उन पर गोलियों की बौछार कर दी। बाद में उनका शव पास में मिला।  उनके शरीर पर गोलियों के इतने निशाँ थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल था।

पुलिस ने शव बरामद करने के बाद उसकी सिखांत की कोशिश की लेकिन इसमें कई घंटे लग गए।   गोलियों से छलनी उनके शव की पहचान २ से ३ घंटे बाद स्थानीय पुलिस ने की। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और उसके बाद उनके पार्थिव शरीर को जिला पुलिस लाइन्स लाया गया।

पुलिस लाइन्स में सरकारी सम्मान के बाद उनके पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने आतंकियों को पकड़ने की तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

स्पीकर ने विक्रमसिंघे को ”बहाल” किया

श्रीलंका में आखिर राजनैतिक संकट जैसी स्थिति बन गयी है। पहले श्रीलंका के राष्‍ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना ने प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को बर्खास्‍त कर पूर्व राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे को पीएम पद की शपथ दिला दी थी। इसके बाद सिरिसेना ने शनिवार को संसद को निलंबित कर दिया था।  अब रविवार को एक और घटनाक्रम में संसद के स्पीकर ने पद से ”बर्खास्त” रानिल विक्रमसिंघे को ”बहाल” करते हुए उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री के रूप में मान्यता प्रदान कर दी।

इस तरह श्रीलंका में विचित्र स्थिति पैदा हो गयी है। स्पीकर के फैसले के बाद विक्रमसिंघे ने अपने प्रधानमंत्री होने का दबा किया जबकि महिंदा राजपक्षे अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। इस तरह श्रीलंका में राजनैतिक संकट की स्थिति बन गयी है।

राष्ट्रपति की तरफ से ”बर्खास्त” किये जाने के बाद विक्रमसिंघे ने इसे असंवैधानिक बताया था और कहा था कि वे ही पीएम हैं। अब देश में पीएम पद के लिए घमासान मचा हुआ है। राष्‍ट्रपति ने मौजूदा प्रधानमंत्री को बर्खास्‍त करते हुए महिंदा राजपक्षे को पीएम घोषित कर दिया। इसके बाद वहां राजनैतिक बवाल मच गया।

संसद १६ नवम्बर तक ”बर्खास्‍त” होने से राजपक्षे को अपने पक्ष में बहुमत जुटाने का समय मिल गया लेकिन आज संसद की स्पीकर ने विक्रमसिंघे को ”बहाल” कर दिया। विक्रमसिंघे ने संसद की आपात बैठक बुलाने की बात भी कही थी ताकि वह अपना बहुमत सिद्ध कर सकें। माना जाता है कि राजपक्षे चीन समर्थक विचार रखते हैं जबकि विक्रमसिंघे भारत के साथ बेहतर सम्बन्ध के पक्षधर रहे हैं।

खुराना का अंतिम संस्कार

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना (83) का रविवार शाम निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। शनिवार की रात ११ बजे कीर्ति नगर स्थित आवास पर उनका निधन हो गया था। इस मौके पर उनके परिजन और भाजपा के कई नेता उपस्थित थे। उनके पुत्र हरीश खुराना ने उनकी पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।

इससे पहले उनका पार्थिव शरीर १२ बजे से भाजपा के दिल्ली कार्यालय, १४ पंडित पंत मार्ग पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां पार्टी के कई दिग्गज नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।

मदनलाल खुराना को श्रद्धांजलि देने के लिए आडवाणी समेत कई दिग्गज नेता पहुंचे। खुराना १९९३ से १९९६ तक दिल्ली के मुख्यमंत्री और २००४ में राजस्थान के राज्यपाल रहे। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता और उनके पुत्र हरीश खुराना ने बताया कि उम्र संबंधी बीमारियों के कारण वह २०११ से अस्वस्थ चल रहे थे। खुराना के बेटे हरीश ने बताया कि, ‘उन्होंने यहां कीर्ति नगर स्थित आवास में रात करीब ११ बजे अंतिम सांस ली।’

खुराना लंबे समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें २०११ में ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद से उनकी सेहत खराब चल रही थी। दिल्ली सरकार ने खुराना के निधन पर दो दिन के शोक की घोषणा की है। हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने भी खुराना के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मदन लाल खुराना का जन्म पाकिस्तान के फैसला बाद शहर में १९३६ को हुआ था। वह चार बार विधायक रहे और १९९३ से १९९६ तक दिल्ली के सीएम रहे थे। इसके अलावा वह राजस्थान के राज्यपाल भी रह चुके थे।खुराना बीजेपी के कद्दावर नेता थे और दिल्ली की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। उन्होंने २००३ में विधानसभा चुनाव में हार के बाद दिल्ली भाजपा प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था।

सामाजिक कार्यकर्ता सुधा भारद्वाज गिरफ्तार

भीमा कोरेगांव हिंसा और एल्गार परिषद सम्मेलन मामले में वकील और सामाजिक कार्यकर्ता सुधा भारद्वाज को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें  पुणे सेशन कोर्ट ने ६ नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में शुक्रवार को पुणे की एक अदालत ने तीन सामाजिक कार्यकर्ता सुधा भारद्वाज, वर्नोन गोनजाल्विस और अरुण फरेरा की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद बाद पुणे पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। सुधा पर नक्सलियों से संबंध रखने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक पुणे पुलिस ने तीनों को कवि पी वरवर राव और गौतम नवलखा के साथ ३१ दिसंबर को हुए यलगार काउंसिल कॉन्फ्रेंस से कथित संबंध के मामले में २८ अगस्त को गिरफ्तार किया था। इस कॉन्फ्रेंस के बाद ही भीमा-कोरेगांव हिंसा भड़की थी। पुलिस ने आरोप लगाया है कि इस सम्मेलन के कुछ समर्थकों के माओवादी से संबंध हैं।
जिला और सेशन जज केडी वडाणे ने भारद्वाज, गोनजाल्विस और फरेरा की जमानत याचिका खारिज कर दी जिसके बाद २९ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने इन गिरफ्तारियों पर रोक लगा दी। अगली सुनवाई तक हिरासत में लिए गए सभी मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को अपने ही घर में नजरबंद रखने के लिए कहा था।