Home Blog Page 1261

दिल्ली में बदमाशों के गैंग से मुठभेड़

राजधानी दिल्ली में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार देर रात तैमूर नगर में बांग्लादेशी बदमाशों के एक गैंग के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह लोग उस समय पकड़े गए जब पुलिस को उनकी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद उनसे उसका एन्काउंटर हुआ।  इस एन्काउंटर के दौरान दो बदमाश घायल हुए है। उनके पास से हथियार और लूट का सामान मिला है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इन लोगों का गैंग देश के १० सूबों में सक्रिय था। यह लोग घरों में डकैती करते हुए कैश और ज्यूलरी तो लूटते ही थे घर में अकेली महिला होने पर गैंगरेप तक करते थे। पुलिस को इन बदमाशों से पूछताछ के दौरान इसकी जानकारी मिली। इन लोगों ने स्वीकार किया है कि डकैती और रेप की कई वारदात उन्होंने की और जब कई मामलों में पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत नहीं की तो उनके ऐसी वारदातें करने के लिए हौसला बढ़ता गया।
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक बांग्लादेशी बदमाशों का यह गैंग दिल्ली में वारदात के इरादे से जुटा था। क्राइम ब्रांच को सूचना मिलने पर उसने तैमूर नगर में एसीपी पंकज सिंह के नेतृत्व में  घेराबंदी कर ली। आधी रात करीब साढ़े १२ बजे जब पुलिस ने पूरे गैंग को घेरा यो उसके सदस्यों ने  पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके बाद वहां मुठभेड़ शुरू हो गयी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिससे  दो लुटेरे घायल हो गए जबकि तीन अन्य को काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है जबकि घायलों का उपचार किया गया है।
पूछताछ से जाहिर हुआ है कि यह लोग दिल्ली-एनसीआर के अलावा राजस्थान, बेंगलुरु, कोलकाता समेत कई राज्यों में वारदात करते रहे हैँ। दुसरे राज्यों में गैंग के सदस्यों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। गैंग के लोग हत्या, डकैती और रेप जैसी १०० से ज्यादा वारदातों में संलिप्त बताये गए हैं। पकडे गए पांचों बदमाश मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले हैं।

पठानकोट में दिखे संदिग्ध आतंकी, अलर्ट जारी

अमृतसर में आतंकवादी घटना और कश्मीर में आतंकवादियों की गतिविधियों में लगातार बढ़ौतरी के  बीच पंजाब के हिमाचल के साथ लगते पठानकोट के शादीपुर इलाके में शुक्रवार देर रात सेना की वर्दी में दो संदिग्ध आतंकियों की उपस्थिति के बाद पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि शुक्रवार को देर रात ट्रैक्टर से घर लौट रहे एक किसान ने सेना की वर्दी में दो संदिग्ध लोगों को देखा जिनके पास पिट्ठू भी थे। इन लोगों के आतंकी होने का शक इसलिए किया जा रहा है क्योंकि लगभग उसी इलाके में जेके की नंबर प्लेट की एक कार को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसमें बैठे लोग कार को भागकर ले गए।
अमृतसर के निरंकारी भवन के परोसार में विस्फोट से ऐन पहले जिले में खूंखार आतंकी मूसा को देखा गया था। अब पठानकोट में ऐसे ही दो संदिग्ध दिखने के बाद सुरक्षा अग्नेसियां चौकन्नी हो गयी हैं।  जब किसान ने दो संदिग्ध लोगों के बारे में गाँव में बताया तो गांव के मुखिया ने जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी को खोजा न जा सका।
जहाँ इन संदिग्धों को देखा गया है वहां से पाकिस्तान का बार्डर करीब १२-१४ किलोमीटर ही दूर है। सुरक्षा एजेंसियां कुछ दिन से लगातार राजधानी दिल्ली और पठानकोट के इलाके में आतंकियों के होने को लेकर अलर्ट जारी कर रही हैं।

सुपर मैरीकॉम, सोनिया के फाइनल आज

भारत की दो महिला बॉक्सर आज दिल्ली में भारत का घ्वज फहराने रिंग में उतरेंगी। सुपर मैरीकॉम का आलावा सोनिया भी फाइनल में हैं और स्वर्ण जीतने के लिए प्रतिद्वंदियों से भिड़ेंगी। आज ४८ किलो भर वर्ग में मैरीकॉम जीतीं तो रेकार्ड छठा खिताब जीतेंगी और सोनिया के लिए तो यह पहला स्वर्णिम मुक्का होगा क्योंकि ५७ किलो भार वर्ग में वे पहली बार विश्व मुकाबला खेल रही हैं।
मैरीकॉम ने आठ साल पहले १८ सिंतबर, २०१० में ब्रिजटाउन (बारबाडोस) में वर्ल्ड चैंपियनशिप में  लाइट फ्लाइवेट (४८ किलो) में रोमानिया की स्टेलुटा दुता को हराकर ५वां वर्ल्ड क्राउन जीता था। इसके बाद वे इस साल वर्ल्ड चैंपियनशिप्स में लौटी हैं। इसके बाद वे तीन बच्चों की ”ममतामयी” मां बन चुकी हैं लेकिन रिंग में उतनी ही ”टफ” हैं।
फाइनल में मैरीकॉम को यूक्रेन की हन्ना ओकोता से अपने छठे खिताब के लिए भिड़ना है। यह दूसरा मौका होगा जब २००६ के बाद मैरीकॉम अपने घरेलू दर्शकों के सामने इस मेडल के लिए रिंग में उतरेंगी। अगर जीतीं तो आयरलैंड की कैटी टेलर को पछाड़कर वर्ल्ड चैंपियनशिप्स में ६ गोल्ड जीतने वाली पहली महिला बॉक्सर बन जाएंगी। इसके अलावा उनके पास एक सिल्वर मैडल भी है जो उन्हें दुनियां में हर महिला बॉक्सर से ऊपर दिखती हैं। छह गोल्ड का रेकॉर्ड पुरुष बॉक्सिंग में क्यूबा के फेलिक्स सेवोन के नाम है जिन्होंने १९९७ में बुडापेस्ट चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर यह रेकॉर्ड बनाया था।
फाइनल की  दोनों खिलाड़ियों की उम्र में करीब १३ साल का अंतर है। यूक्रेन की बॉक्सर हन्ना २२ साल की हैं हालाँकि शानदार खेल से उन्होंने पहचान बनाई है। यूरोपियन यूथ चैंपियनशिप्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। फाइनल को लेकर मैरीकॉम ने कहा – ”मैंने उसे कुछ वक्त पहले पोलैंड में सिलेसियान महिला ओपन टूर्नमेंट के सेमीफाइनल में हराया है। मुझे भरोसा है कि हन्ना भी सेमिफाइनल की मेरी पिछली प्रतिद्वंद्वी की तरह मरे खेल के विडियो देखकर उसे समझने और तोड़ ढूंढने की रणनीति बना रही होगी और मैं भी ऐसा ही कर रही हूं।”
उधर सोनिया चहल भी फाइनल में पहुँची हैं। वे अभी २१ साल की हैं और दिलचस्प यह कि वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पहली ही बार उतरी हैं। सोनिया ने ५७ किलो वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में उत्तर  कोरिया की सोन वा जो को ५-० से हराया। सोन वा जो एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता हैं।
फाइनल में उनका मुकाबला जर्मनी की ओरनेला गेब्रियल वेहनर से है। फाइनल को लेकर सोनिया ने कहा – ”एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता को हराकर फाइनल में पहुंचने से मैं बहुत खुश हूं। मुझे खुद इस जीत का विश्वास नहीं हो रहा है। मैं फाइनल के लिए तैयार हूं।”

अयोध्या में हलचल, मुस्लिमों में भय का माहौल

लोकसभा चुनाव २०१९ से पहले अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा फिर गर्म है और राम लला की   नगरी में तेज हलचल है। शिव सेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं जहाँ वे पार्टी
के राम मंदिर निर्माण को लेकर अभियान में हिस्सा लेंगे।
कहा जा रहा है कि मर्यादा पुरषोतम की नगरी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गयी है और किसी आशंका के चलते लोगों ने अगले कुछ दिन का राशन और ज़रूरी सामान घरों में भर कर रख लिया है। यह भी कहा गया है कि मुस्लिम समुदाय में भय का माहौल है। हालाँकि अयोध्या के डीएम ने कहा है कि वहां शांति है और भय जैसे माहौल वाली कोइ बात नहीं है।
अयोध्या में किसी तरह की हिंसा आदि न हो, इसके लिए बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शहर की सुरक्षा जिम्मेदारी एडीजीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। इसके अलावा तीन एसएसपी, १० एएसपी, २१ डीएसपी, १६० इंस्पेक्टर, ७०० कॉन्स्टेबल, ४२ पीएसी कंपनियां, ५ आरएएफ कंपनियों के अलावा एटीएस के कमांडो तैनात किये गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से इलाके ही हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
शिवसेना का आज राम मंदिर को लेकर मोदी सरकार पर दवाब बनाने के इरादे से कार्यक्रम है, जिसमें पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे कुछ देर में पहुंचने वाले हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हजारों शिवसैनिक ट्रेन और अन्य साधनों से अयोध्या पहुंचे हैं। कल तीन विशेष ट्रेन में वे यहाँ आये हैं।
उधर २५ नवंबर को विश्व हिंदू परिषद की ओर से भी धर्मसभा का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख संतों के पहुंचने की संभावना है। इन तमाम कार्यक्रमों के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
लोगों ने शुक्रवार को ही घर के सभी जरूरी सामानों का स्टॉक कर लिया है। उन्होंने राशन, फल, सब्जी और दवाओं का स्टॉक कर लिया है। हर कोई अपने-अपने घरों में सुरक्षित हो चुका है। कई लोगों को इस बात का डर है कि कहीं ६ दिसंबर,१९९२ जैसी घटना फिर से न हो जाए।
गौरतलब है कि राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद का मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और कोर्ट ने जनवरी में इसकी सुनवाई की तारीख तय की हुई है। लेकिन भाजपा सहित तमाम नेता बिना हिचक अपनी बात कहकर मंदिर माहौल को गर्माने में लगे हैं। भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने गुरुवार को कहा था कि जरूरत पड़ने पर उस दिन ”संविधान ताक पर रखकर १९९२ का इतिहास दोहराया जाएगा”। उधर वरिष्ठ शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से पूछा कि वह राम मंदिर बनाने के लिए अध्यादेश में लाने में देरी क्यों कर रही है ? राउत ने कहा कि ”बाबरी मस्जिद १७ मिनट में गिरा दी गई थी। जो जरूरी था वह राम भक्तों ने आधे घंटे में कर दिया था। सालों से धब्बा रही चीज गिरा दी गई। दस्तावेज तैयार करने और अध्यादेश लाने में कितना वक्त लगता है? राष्ट्रपति भवन से लेकर उत्तर प्रदेश तक भाजपा की सरकार है।”

सिग्नेचर ब्रिज पर दूसरा हादसा, एक मौत

दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर शनिवार को लगातार दूसरा हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गयी। शुक्रवार को ही हादसे में को बाइक सवार मेडिकल छात्रों की मौत हो गयी थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार इस पल पर लगातार दुसरा हादसा हो गया जिसमें एक युवक की मौत हो गयी जबकि उसका साथी घायल हो गया है। इस तरह यह ब्रिज लोगों के लिए काल का पल बनता जा रहा है और वहां पर सुरक्षा के इंतजाम को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पिछले २४ घंटे में इस पल पर दो हादसों में तीन लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार सुबह हुए हादसे में दो बाइक सवारों में से एक की जान चली गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक इन युवकों की बाइक सिग्नेचर ब्रिज पर फिसल गयी जिससे दोनों तेजी से ज़मीन से जा टकराये। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। दूसरे घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस बीच पता चला है कि शुक्रवार को जिन दो युवकों की हादसे में मौत हुई वे शंकरण को गिफ्ट में मिली हाई स्पीड बाइक केटीएम-२०० की रफ्तार का इम्तिहान लेने सिग्नेचर ब्रिज पर गए थे। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आ रहा है। एमबीबीएस कर चुके सत्य विजय शंकरण को उनके जन्मदिन  पर परिवार ने यह बाइक इन्हें गिफ्ट की थी क्योंकि उसे यह बहुत ज्यादा पसंद थी।

पाकिस्तान के खैबर पख़्तूनख़्वा में विस्फोट, २९ की मौत

पाकिस्तान में चीनी दूतावास के पास हमले की ख़बरों के बीच पड़ोसी मुल्ख से एक और बुरी खबर है। वहां खैबर पख़्तूनख़्वा सूबे में कलाया क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक मदरसे के पास बम विस्फोट में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है। पाकिस्तानी टीवी चैनलों के मुताबिक इस विस्फोट में दर्जनों लोग घायल हुए हैं जिनमें बहुतों की हालत गंभीर है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मरने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है। अभी तक की रिपोर्ट के मुताबिक इन विस्फोट में २९ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। तीन दर्जन के करींब लोग घायल हैं जिनमें बहुत से लोग गंभीर घयल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां पहले से विस्फोटक रखे गए थे जिनके फटने से २९ लोगों की मौत हो गयी।
पाक मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले से ही अशांत खैबर पख़्तूनख़्वा सूबे के औरकज़ई जिले के कलाया क्षेत्र में विस्फोट हुआ है। जुमे की बजह से भीड़ थी जहाँ यह बम विस्फोट किये गए। यह विस्फोट एक मदरसे के पास हुए। उस समय वहां लोगों की भारी भीड़ थी।
घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती किया गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है की अभी यह पता नहीं चला कि विस्फोट किसने किया। किसी ने अभी तक इसकी जिम्मेवारी नहीं ली है।

राहुल की फटकार के बाद जोशी की माफी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की डांट के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने जाति आधारित अपने विवादित ब्यान पर माफी मांग ली है। इस ब्यान के बाद जोशी की चारों और निंदा हुई थी और राहुल गांधी को जब इस ब्यान की खबर लगी तो उन्होंने अपनी और से इस पर माफी मांगते हुए जोशी को भी फटकार लगाई और उनसे भी क्षमा मांगने को कहा।
गौरतलब है जोशी ने पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती के नाम लेकर जातिगत और धर्म आधारित टिप्पणी की थी जिसका हर किसी ने विरोध किया था। राहुल गांधी ने जोशी को इस ब्यान के लिए फटकार लगाई और उनसे कहा कि वे माफी मांगें। राहुल ने खुद अपने ट्वीट में जोशी के शब्दों के लिए माफी माँगी थी।
याद रहे गुजरात चुनाव के दौरान ऐसी ही आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए राहुल गांधी ने मणिशंकर अय्यर को तगड़ी फटकार लगाई थी। अय्यर ने पीएम मोदी के लिए ”नीच” शब्द का इस्तेमाल किया था जिसके बाद राहुल ने इसपर गुस्सा जताया था और कांग्रेस ने अय्यर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
अब जोशी ने ट्ववीट कर कहा – ”मेरे कथन से अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं इसके लिए खेद प्रकट करता हूँ। कांग्रेस के सिद्धांतो और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेरे कथन से समाज के किसी वर्ग को ठेस पहुंची हो तो मैं उसके लिए खेद प्रकट करता हूं।”
इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था – ”सीपी जोशीजी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है। पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दुख पहुँचे। कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा।  उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए।” इस फटकार के बाद जोशी ने सफाई दी और कहा कि भाजपा ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया। मैं इसकी निंदा करता हूं।

कश्मीर में ६ आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ६ आतंकियों को मार गिराया। तहलका की जानकारी के मुताबिक यह आतंकी अनंतनाग के बिजबेहड़ा इलाके में ढेर किये गए।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गयी जिसमें सुरक्षा बलों ने ६ आतंकवादियों को मार गिराया। सुरक्षा बालों को जानकारी मिली थी कि आतंकवादी जंगल के इलाके में छिपे हुए थे। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया। मुठभेड़ शुरू हो गयी और दोनों तरफ से चली गोलीबारी में ६ आतंवादियों को ढेर कर दिया गया। जंगल के इलाके में अभी भी सर्च अभियान चल रहा है।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि अनंतनाग में ६ आतंकवादी मारे गए हैं और उनके पास से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गये हैं। ऐसी आशंका है कि अभी इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे हो सकते हैं, जिसे देखते हुए इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बिजबेहड़ा के सेकिपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने के इनपुट्स मिलने के बाद सुरक्षाबलों के साथ यह मुठभेड़ शुरू हुई।
गौरतलब है कि कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के चार आतंकवादी मारे गए थे और सेना का एक जवान शहीद हो गया था। पिछले कुछ दिनों में आतंकियों की शामत आई हुई है और सुरक्षा बल उनपर भारी पड़ रहे हैं।

सिग्नेचर ब्रिज पर हादसा, २ युवकों की मौत

जिस दिन से ऊंचाई पर बने इस पल का उदघाटन हुआ है रोज देखने को मिल रहा था कि वहां अनियंत्रित युवा जान जोखिम में डाल कर सेल्फीज ले रहे हैं। और शुक्रवार को हादसा हो ही गया जिसका खतरा दिखा रहा था। दो युवा अपनी बाइक समेत पल से नीचे जा गिरे और जान से हाथ धो बैठे। हालाँकि उनकी मौत की वजह तेज गति बताई गयी है।
रिपोर्ट्स कम मुताबिक सिग्नेचर पुल पर शुक्रवार सुबह यह दोनों अपनी बाइक पर तेज रफ़्तार से जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई और नीचे जा गिरी जिससे दौनों की मौके पर ही मौत हो गयी। इस पुल का उद्घाटन हुए अभी एक महीना भी नहीं हुआ कि यह हादसा हो  गया। गौरतलब यह भी है कि उदघाटन वाले दिन मुख्यमंत्री के समर्थकों और भाजपा सांसद मनोज तिवारी के समर्थकों के बीच झड़प हो गयी थी।
पता चला है कि पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हादसा बताया है। पहले ऐसी भी खबर आई थी कि युवक बाइक पर स्टंट कर रहे थे जिससे हादसा हुआ। युवकों की अभी पहचान नहीं हुई है क्योंकि उनकी जेब से ऐसा कोइ दस्तावेज पुलिस को नहीं मिला है जिससे उनकी पहचानहो सके।
दोनों युवक केटीएम ड्यूक बाइक पर सवार थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तिमारपुर पुलिस स्टेशन की पीसीआर वैन को सुबह आठ बजे इस हादसे की सूचना मिली। हादसा सिग्नेचर ब्रिच के लेफ्ट टर्न लूप पर हुआ। बाइकसावर काफी तेज रफ्तार में थे, जिसका कारण बाइक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों बाइकर्स ब्रिज से नीचे गिर गए।
दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। दोनों काफी ऊंचाई से नीचे गिरे। हादसे का शिकार बाइक सत्य विजय शंकरण के नाम पर पंजीकृत बताई गयी है।

कराची में चीनी दूतावास के पास आतंकी हमला

पाकिस्तान में कराची में चीनी दूतावास के पास आतंकवादी हमला हुआ है। पकिस्तान के टीवी चैनल जिओ टीवी की रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला दूतावास के बाहर हुआ और वहां धमाके और गोलियों की आवाज सुनी गयी है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक तीन आतंकवादियों और दो पुलिस वालों की मौत की खबर है।
टीवी चैनल के मुताबिक कराची साउथ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जावेद आलम ने हमले की पुष्टि की है। उनकजी मुताबिक जैसे ही गोलियों से हमला हुआ वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत जवाबी हमला किया। यह इलाका ”रेड जोन” में आता है, जहां पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है।
टीवी रिपोर्ट के मुताबिक उसके संवाददाता को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला करीब 9.30 पर हुआ जब कुछ हथियारबंद लोग (सम्भवता आतंकवादी) हेंड ग्रेनेड और गोलियों के साथ दूतावास के पास हमला करने लगे। यह आतंकी दूतावास में घुसने की कोशिश कर रहे थे। लोगों ने पुष्टि की कि  दूतावास के नजदीक धमाका भी हुआ है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट में बताया गया है कि एसएसपी पीर मोहम्मद शाह की अगुवाई में पुलिस की टीम दूतावास में दाखिल हो चुकी है। एंबुलेंस में कुछ घायलों को ले जाते हुए देखा गया। पाक अधिकारियों ने भी दूतावास के पास फायरिंग होने की पुष्टि की है। पुलिस और पाक रेंजर्स ने पूरे इलाके को घेर लिया है। दूतावास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा बल और मजबूत कर दिया गया है।