Home Blog Page 1125

राजस्थान हादसे में १३ की मौत

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार रात एक सड़क हादसे में १३ लोगों की मौत हो गयी और १८  घायल हो गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा तब हुआ जब तेज गति  का एक ट्रक सड़क किनारे विवाह के लिए जा रही बारात के बीच जा घुसा। इससे चार बच्चों सहित १३ लोगों की मौत हो गई। हादसे में १८ लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हादसा राजमार्ग ११३ पर रामदेव मंदिर के निकट सोमवार रात हुआ। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुःख जताते हुए मरने वालों के परिजनों से संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

जानकारी के मुताबिक बांसवाड़ा से निंबाहेड़ा जा रहा ट्रक सड़क किनारे चल रही एक बारात में जा घुसा। हादसे में बरात में शामिल चार बच्चो सहित नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि २२ अन्य लोग घायल हो गये। इसके अलावा चार लोगों की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायलों को छोटी सादड़ी के सरकारी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया जबकि गंभीर रूप से घायल १५  लोगों को उदयपुर रेफर किया गया है।

मृतकों में से नौ की पहचान दौलतराम, भारत, शुभम, छोटू, दिलीप, अर्जुन, ईशु, रमेश  और करण के रूप में हुई है। ट्रक चालक को संभवत: यह दिखाई नहीं दिया कि सड़क किनारे बारात चल रही है।

महाराष्ट्र में भाजपा-सेना का २५-२३ का गठबंधन

महीनों भाजपा और प्रधानमंत्री पर निशाना साधने के बाद सोमवार को शिव सेना ने भाजपा से अगले लोक सभा चुनाव के लिए दुबारा प्यार का  बंधन बाँध लिया। भाजपा ४८ में से २५ और शिव सेना २३ सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच मुंबई में कुछ देर चली बैठक के बाद एक साझा प्रेस कांफ्रेंस में दोनों ने सीएम देवेंदर फडणवीस की उपस्थिति में इसका ऐलान किया। पिछली बार शिव सेना ने इसी गठबंधन में २२ सीटों पर चुनाव  लड़ा था। शाह ने इस मौके पर दावा किया कि गठबंधन ४५ सीटें जीतेगा। पिछली बार दोनों ४० सीटें जीते थे।

एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने इस गठबंधन पर कहा कि पिछले पांच साल में शिव सेना ने पीएम मोदी की निंदा करने में कोइ कसर नहीं छोड़ी और अब फिर दोनों गले मिल रहे हैं। ”इन पांच सालों में राज्य के लोगों का दोनों की खींचतान के कारण के कारण बहुत नुक्सान हुआ है। उन्होंने सेना से कहा कि उसे अब बताना चाहिए कि उसने मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर इतने महीनों में जो आरोप लगाए उनपर उसका क्या विचार है।

शाह ने इस मौके पर कहा कि दोनों दलों के सैद्धांतिक विचार आपसस में मेल खाते हैं लिहाजा हम स्वभाविक साथी हैं। इन मुद्दों में राम मंदिर से लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई भी शामिल है। सीएम फडणवीस की ताऱीफ करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने सहयोगी शिव सेना के साथ मिलकर प्रदेश के लोगों को बेहतर शासन दिया है। दोनों में विधानसभा चुनाव के लिए भी यह सहमति बनी है की वे बराबर बराबर सीटों पर लड़ेंगे।

पुलवामा का मास्टरमाइंड कामरान ढेर

आखिर सेना ने पुलवामा हमले के ७२ घंटे के भीतर इसके मास्टरमाइंड अब्दुल रशीद गाज़ी उर्फ़ कामरान गाज़ी को पिंगलान (पुलवामा) में मार गिराया है जो जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी था। एक और आतंकी को भी ढेर किया गया है हालाँकि उसकी अभी पहचान नहीं हुई है।

सेना ने कामरान के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है हालाँकि,  यह बताया गया है कि वो कामरान ही है जो पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड था। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जवानों का हौसला ऊंचा है और वे आतंकियों का सफाया करके ही चैन लेंगें।

मुठभेड़ अभी जारी है और इसमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल और दो जवान घायल हुए हैं। सेना को आशंका है कि अभी एक और आतंकी छिपा हो सकता है। इससे पहले इस मुठभेड़ में सुबह एक मेजर सहित चार जवान शहीद हो गए थे। शहीद होने वालों में मेजर वीएस ढौंडियाल, हवलदार श्योराम, सिपाही अजय कुमार और सिपाही हरि सिंह शामिल हैं।

कामरान गाजी की गिनती खूंखार पाकिस्तानी आतंकियों में की जाती थी। गाजी जैश के सरगना मसूद अजहर का करीबी था। मसूद के दो भतीजों को सुरक्षा बलों ने पहले ही मार  गिराया था। मसूद अजहर कामरान के सबसे भरोसेमंद आतंकी कमांडर गिना जाता था। घाटी में आतंकियों की भर्ती करने और उन्हें ट्रेनिंग की जिम्मेदारी मसूद ने कामरान को ही दे रखी थी। माना जाता है कि पुलवामा आतंकी हमले के पीछे मास्टरमाइंड कामरान गाजी ही था। उसे आईईडी विशेषज्ञ भी माना जाता था।

पुलवामा के पिंगलान में अर्ध रात्रि से चल रही मुठभेड़ में भारतीय सेना के एक मेजर सहित चार जवान शहीद हो गए। जहाँ यह मुठभेड़ हुई वो जगह पुलवामा आतंकी हमले की जगह से करीब ९ किलोमीटर दूर है।

सोमवार की इस मुठभेड़ में शहीद होने वाले सैनिक ५० आरआर के थे। शहीद होने वालों में मेजर वीएस ढौंडियाल, हवलदार श्योराम, सिपाही अजय कुमार और सिपाही हरि सिंह शामिल हैं। मुठभेड़ में एक नागरिक की भी मौत हो गई है।

पुलवामा के पिंगलान इलाके में आतंकियों के मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था।  इस दौरान सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। घटनास्थल पर पथरबाज भी सक्रिय दिखे जो सेना के खिलाफ नारे लगा रहे थे।

कुलभूषण जाधव पर सुनवाई शुरू

भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव के मामले पर इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीजे) में सोमवार (आज) सुनवाई शुरू हो गयी है। हेग में इस मुकदमे की सुनवाई में भारत और पाकिस्तान अपनी दलीलें पेश करेंगे। इस समय भारत के वकील हरीश साल्वे अपना तर्क पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा पकिस्तान ने विएना संधि का उल्लंघन किया है। 

गौरतलब है कि पूर्व भारतीय नेवी अफसर जाधव को पाकिस्तान ने मौत की सजा सुनाई है। भारत इसका जबरदस्त विरोध करता रहा है। यह सुनवाई चार दिन चलेगी। भारत के वकील हरीश साल्वे, जो शुरू से इस केस को लड़ रहे हैं, इस समय  अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं। उधर पाकिस्तानी वकील खावर कुरैशी कल (मंगलवार) दलीलें पेश करेंगे। इन दलीलों पर २० फरवरी को भारत का जवाब होगा जबकि इस्लामाबाद २१  फरवरी को अपनी आखिरी दलीलें पेश करेगा।

सम्भावना है कि जाधव मामले पर फैसला इसी साल आ सकता है। पाक सैनिकों ने कुलभूषण जाधव को मार्च २०१६ में बलूचिस्तान से ”पकड़कर” (भारत का आरोप उन्हें किडनैप किया गया) उनपर अफगानिस्तान में जासूसी के आरोप लगाया था। पाक मिलिट्री कोर्ट  ने १० अप्रैल, २०१७ को ही उन्हें सजा-ए-मौत सुना दी थी। इस फैसले पर रोक के लिए भारत ने आईसीजे का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद कोर्ट ने २०१७ में जाधव को सजा पर रोक लगा दी थी। वैसे पाकिस्तान कह चूका है कि वह जाधव की मौत की सजा को नहीं बदलेगा।

उधर भारत साफ़ कर चुका है कि कुलभूषण जाधव जासूस नहीं हैं। बल्कि पाक सैनिकों ने उन्हें अफगानिस्तान बॉर्डर से किडनैप किया था। भारत ने कोर्ट से अपील की है कि पाकिस्तान को जाधव की सजा रद्द करने का आदेश दिया जाए। 

मेजर चित्रेश का अंतिम संस्कार

जम्मू के राजौरी नौशेरा में शहीद हुए मेजर चित्रेश बिष्ट का सोमवार को उनके पैतृक नगर देहरादून में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर हज़ारों लोग उमड़ पड़े जिन्होंने शहीद अमर रहे और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।

चित्रेश जम्मू-कश्मीर के राजौरी के नौशेरा सेक्टर में आईईडी डिफ्यूज करते हुए ब्लास्ट होने से शहीद हो गए थे। उनकी अगले महीने ७ तारीख को ही शादी तय थी। उनके निधन की कबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। वे कुछ दिन की छुटियों के बाद ३ फरवरी को ही ड्यूटी पर लौटे थे।

सोमवार को उन्हें अंतिम विदाई देने सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने ”सेना जिंदाबाद”, ”शहीद बिष्ट मर रहे”, ”भारत माता की जय” और ”पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। शहीद को अंतिम विदाई देने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी उपस्थित रहे।

बिष्ट की पार्थिव देह रविवार को मिलिट्री हॉस्पिटल में पहुंचा था। सोमवार सुबह उनका शव अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास देहरादून के नेहरू कॉलोनी में लाया गया। बिष्ट ने पुलवामा फिदायीन हमले के दो दिन बाद शनिवार को नौशेरा सेक्टर में आतंकियों की बिछाई गई एक आईईडी को निष्क्रिय कर दिया था। दूसरी आईईडी को डिफ्यूज करते वक्त ब्लास्ट हो गया।

वे अपनी शादी के लिए २८ फरवरी को छुट्टी पर आने वाले थे। उनके पिता एसएस बिष्ट सेवनिबृत पुलिस इंस्पेक्टर हैं। उन्होंने कहा – ”वह शादी के लिए घर आने वाला था। हमें उसका पार्थिव शरीर मिला है। वह देश के लिए कुर्बान हो गया।”

पाक उच्चायुक्त इस्लामाबाद तलब

भारत के अपने इस्लामाबाद स्थित उच्चायुक्त को पुलवामा हमले के दृष्टिगत बातचीत के लिए दिल्ली बुलाने के बाद सोमवार को पाकिस्तान ने भी अपने दिल्ली स्थित उच्चायुक्त को इस्लामाबाद बुलाया लिया है।

जानकारी के मुताबिक इस्लामाबाद ने नई दिल्ली स्थित अपने उच्चायुक्त सोहेल महमूद को चर्चा के लिए बुलाया है। भारत के इस्लामाबाद में उच्चायुक्त अजय बिसारिया पहले से ही भारत में हैं। उन्हें हमले के दिन ही भारत ने दिल्ली बुला लिया था। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट में कहा – ”हमने अपने उच्चायुक्त को चर्चा के लिए भारत से वापस बुलाया है। वह नई दिल्ली से आज सुबह पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए हैं।”

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमले में ४० जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद भारत के सभी राजनीतिक दल एकजुटता के साथ सरकार के साथ खड़े हो गए हैं और किसी भी कार्रवाई  है।

भारत के विदेश सचिव ने शुक्रवार को पाकिस्तान के उच्चायुक्त को भी तलब कर इस हमले को लेकर गहरा विरोध दर्ज कराया था। भारत अंतराष्ट्रीय जगत को भी पाकिस्तान के खिलाफ ब्यान जारी करने के मामले में सफल रहा है।

भाजपा सांसद कीर्ति आज़ाद कांग्रेस में शामिल

भारतीय जनता पार्टी से निलंबित चल रहे सांसद कीर्ति आजाद सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वे बिहार के दरभंगा से सांसद हैं। उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस का पटका पहनकर पार्टी में शामिल किया। कीर्ति ने कुछ साल पहले दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर झंडा बुलंद किया था और उस समय इससे जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के खिलाफ भी आरोप लगाए थे जिसके बाद भाजपा ने उन्हें निलंबित कर दिया था।

आजाद की लंबे समय से भाजपा से तनातनी चल रही थी। इसके चलते पार्टी ने उन्हें निलंबित कर रखा था। बिहार के दरभंगा से सांसद कीर्ति (कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद) का कांग्रेस में शामिल होना शुक्रवार को तय था लेकिन पुलवामा हमले के बाद अध्यक्ष राहुल गांधी के किसी राजनीतिक कार्यक्रम को तीन दिन तक रोकने के आदेश के चलते कीर्ति आज कांग्रेस में शामिल हुए। कीर्ति दिल्ली से भी एक बार लोक सभा चुनाव चुनाव जीत चुके हैं। वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत कांग्रेस नेता भागवत झा आजाद के पुत्र हैं।

क्रिकेटर से राजनीतिक बने आजाद शुक्रवार को राहुल गांधी से मिले थे। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। इसमें कीर्ति ने कहा था – ”राहुल गांधीजी से भेंट हुई। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे सैनिकों के सम्मान में मेरा कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम अब १८ फरवरी को होगा। देश में तीन दिन का शोक है। कोई व्यक्ति या पार्टी देश से बढ़कर नहीं हो सकती और सैनिकों की शहादत पूजनीय है उनके सम्मान में यह निर्णय किया गया।”
आजाद २०१४ में बिहार की दरभंगा लोक सभा सीट से भाजपा टिकट पर जीते थे। भाजपा के उनकी नाराजगी जब ज्यादा हो गयी और उनके पार्टी नेतृत्व के खिलाफ कुछ ब्यान आये तो उन्हें भाजपा ने निलंबित कर दिया हालाँकि इसके  खिलाफ कोइ कार्रवाई नहीं की थी।

गौरतलब है कि आजाद ने दिल्ली जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा के बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से मोर्चा खोल दिया था। उसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। बिहार के पूर्णिया में जन्मे आजाद प्रदेश के पूर्व सीएम भागवत झा आजाद के बेटे हैं। कीर्ति आजाद का पूरा नाम कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद हैं, राजनीति में कदम रखने से पहले आजाद १९८० से लेकर १९८६ तक भारतीय टीम के सदस्य रहे और ७ टेस्ट और २५ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

केरल में २ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या

 केरल में दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गयी है। यूडीएफ ने इसका आरोप सीपीएम पर लगाया है।

घटना केरल के कासरगोड की है। हत्या का शिकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम क्र‍िपेश और सारत लाल बताये गए हैं। घटना रव‍िवार रात की है। रिपोर्ट्स में बताय गया है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया क‍ि दोनों एक बाइक पर जा रहे थे जब यह घटना हुई। जीप में भरकर कुछ लोग आए और दोनों पर हमला कर द‍िया। दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। कांग्रेस का आरोप है क‍ि इस हमले के पीछे सीपीएम का हाथ है।

युनाईटेड डेमोक्रेट‍िक फ्रंट (यूडीएफ) ने कासरगोड ज‍िले में सोमवार (आज) बंद का आह्वान क‍िया है। इस १२ घंटे की हड़ताल का आह्वान युवा कांग्रेस ने क‍िया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके इस घटना को शॉक‍िंग बताया और हमले में जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प‍र‍िजनों को सांत्वना दी है। उन्होंने ल‍िखा – ”जब तक कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले में न्याय नहीं म‍िल जाता, वे चैन से नहीं बैठेंगे।”

अभी तक केरल में सीपीएम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बीच हमलों के एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाते रहे हैं। हालाँकि आज की घटना के बाद कांग्रेस और सीपीएम के बीच भी तनाव बन रहा है।

मेजर सहित ३ जवान शहीद, २ आतंकी कमांडर ढेर

पुलवामा में ४० सीआरपीएफ जवानों के आतंकी हमले में शहीद होने की घटना के बाद पुलवामा में ही रविवार की आधी रात जैश के आतंकसिंह  के साथ मुठभेड़ जारी है जिसमें सेना के एक मेजर सहित चार जवान शहीद हो गए हैं। मुठभेड़ में २ जैश 
 
कमांडर ढेर हो गए हैं। तहलका की जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बालों ने पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड गाज़ी रशीद और कामरान को भी घेरा था हालाँकि यह पक्का नहीं है की मारे गए कमांडर कौन है। 
 
इस घटना में एक नागरिक की भी मौत हो गयी है। तहलका की जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों ने जिन आतंकियों को घेरा है उनमें एक पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड गाज़ी रशीद और कामरान भी हो सकते हैं। 
 
सेना पूरे इलाके में आतंकियों की खोज कर रही है और खबर है कि इनमें से एक आतंकी गाजी रशीद भी हो सकता है जो पुलवामा के आतंकी हमले में मुख्य साजिशकर्ता का हैंडलर था। शहीद होने वाले जवानों में मेजर डीएस डोंडियाल, हेड कांस्टेबल सेवा राम, सिपाही अजय कुमार और हरी सिंह शामिल हैं। 
 
तहलका की जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ पुलवामा जिले के पिंगलान इलाके में चल रही है। आधी रात से जारी इस मुठभेड़ में २-३ आतंकी शामिल हैं जिनकी तलाश सुरक्षा बल कर रहे हैं। शहीद हुए चार जवानों में एक मेजर भी शामिल है।
 
यह एनकाउंटर आधी रात से दक्षिणी कश्मीर के पिंगलान इलाके में चल रहा है। एनकाउंटर में शहीद हुए जवान ५५  राष्ट्रीय राइफ्ल्स के हैं। सोमवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच इस मुठभेड़ में एक मेजर सहित चार जवान शहीद हो गए जबकि एक जवान घायल हुआ है। एक नागरिक की भी मौत की खबर है।
 
पिंगलान इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना के साथ पुलिस सर्च ऑपरेशन कर रही है। खबर यह भी है कि पुलवामा की बड़ी घटना का मास्टरमाइंड गाज़ी भी इसी  हो सकता है और सुरक्षा बल किसी भी सूरत में उसे छोड़ना नहीं चाहते हैं।
 
इस बीच देहरादून में मेजर चित्रेश बिष्ट के अंतिम  तैयारी  रही है जिसमें सीएम, पूर्व सीएम सहित अनेक लोग उपस्थित हैं और शहीद को अंतिम विदा के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी हैं।

अर्पित पैलेस का मालिक गिरफ्तार

दिल्ली के करोल बाग के उस होटल के मालिक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया जिसमें आग की घटना में १७ लोगों की जान चली गयी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आग लगने के मामले में होटल अर्पित पैलेस के मालिक राकेश गोयल गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे तब गिरफ्तार किया जब उसे उसके विदेश (क़तर) से आने की जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक अपराध शाखा ने शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गोयल को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गोयल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिसके चलते आव्रजन अधिकारियों को सावधान किया गया। दिल्ली उतरते ही   गोयल को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।  गोयल को आज ही कोर्ट के समक्ष पेश करके उनकी रिमांड मांगेगी ताकि आगे की जांच पड़ताल की जा सके।

गौरतलब है कि करोल बाग के होटल अर्पित पैलेस में आग के बाद से होटल का मालिक फरार बताया जा रहा था। दिल्ली सरकार ने शहर में ५७ होटलों के अग्नि सुरक्षा लाइसेंस रद्द कर दिया है। दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना था कि ८०  होटलों का निरीक्षण किया गया और विभिन्न सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करने के चलते यह निर्णय किया गया। करोल बाग के एक होटल में आग लगने के एक सप्ताह के भीतर यह कदम उठाया गया है।