Home Blog Page 1018

एम्स में उन्नाव रेप केस पीड़िता का बयान दर्ज

उन्नाव रेप मामले के मुख्य आरोपी भाजपा से निलंबित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली स्थित एम्स के जेपी एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में आया गया है जहां उन्नाव रेप केस की सुनवाई के लिए अस्थायी कोर्ट बनाया गया है। एम्स में भर्ती पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए जिला न्यायाधीश धर्मेश शर्मा वहां हैं।

मामले के मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर के अलावा मामले के सह-आरोपी शशि सिंह को भी वहां लाया गया है। विशेष अदालत में बाहरी व्यक्ति या मीडिया को उपस्थित रहने की अनुमति नहीं है और अदालत में किसी तरह की ऑडियो या वीडियो रिकार्डिंग की भी मंजूरी नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। याद रहे ६ सितंबर को हाईकोर्ट ने ”एम्स” में ही जाकर पीड़िता का बयान दर्ज करने को मंजूरी दी थी। जुलाई महीने से पीड़िता और उसका वकील यहां भर्ती हैं। इसी २८ जुलाई को उन्नाव में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए ”एम्स” में भर्ती कराया गया था। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिए थे।

पीड़िता का आरोप – उनसे हो रही पूछताछ, आरोपी से नहीं

वरिष्‍ठ भाजपा नेता और पूर्व गृह राज्‍य मंत्री स्‍वामी चिन्‍मयानंद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसआईटी को पीड़िता और उसके मित्र की तरफ से ”सबूतों से भरी” पेन-ड्राइव सौंपी गयी है और मांग की गयी है कि इसकी ईमानदार जांच की जाए।

पीड़िता और उसके मित्र का दावा है कि ”इस पेन ड्राइव में एक वीडियो है। चिन्मयानंद का असली चेहरा क्या है, जांच में यह सब उजागर करने के लिए पेन-ड्राइव काफी है।” करीब ९.५८ मिनट का यह वीडियो अब वायरल हो गया है। उधर पीड़िता के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि एसआईटी की उनसे पूछताछ का तरीका ऐसा लगता है मानो वे ही अपराधी हैं जबकि दुष्कर्म के आरोपी और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने वाले स्वामी चिन्मयानंद से एसआईटी अभी तक एक बार भी आमना-सामना नहीं कर सकी है।

गौरतलब है कि यूपी के शाहजहांपुर के एक लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने आरोप लगाया है कि स्वामी चिन्मयानंद ने कथित रूप से उसका रेप किया और एक साल तक शारीरिक शोषण किया। लड़की का आरोप है कि शाहजहांपुर पुलिस चिन्मयानंद के खिलाफ रेप केस नहीं दर्ज कर रही है। छात्रा का आरोप है कि ‘चिन्मयानंद ने उनका रेप किया और उसके बाद एक साल तक शारीरिक शोषण किया। यही नहीं शाहजहांपुर पुलिस ने रेप केस नहीं दर्ज किया। वो जब दिल्ली में थी तब दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर उसे शाहजहांपुर पुलिस को फॉरवर्ड किया था, लेकिन वह अब भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।”

पीड़‍िता का कहना है कि एसआईटी ने उनसे करीब ११ घंटे पूछताछ की। ”मैंने उन्हें रेप के बारे में बताया। उन्हें बताने के बाद भी अब तक चिन्मयानंद को नहीं गिरफ्तार किया गया है।” उसने बताया कि इससे पहले जब उसके पिता ने चिन्मयानंद के खिलाफ शारीरिक शोषण के आरोप में मुकदमे की तहरीर दी थी तब मुकदमा दर्ज करना तो दूर, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने उसके पिता को कथित धमकी देते हुए चिन्मयानंद के रसूख का हवाला दिया और बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। याद रहे चिन्मयानन्द के लोग आरोपों को झूठ और ”ब्लैकमेलिंग” की संज्ञा दे चुके हैं।

इस बीच कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने केंद्र और यूपी सरकारों पर आरोप लगाया कि अपराधियों से प्रेम और संलिप्तता भाजपा के डीएनए शमिल हो चुका है। पार्टी प्रवक्ता रागिनी नायक ने सवाल किया कि लड़की के बार-बार गुहार लगाने के बावजूद चिन्मयांनद से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई?

उन्होंने पीड़ित छात्रा के बयान से जुड़ा वीडियो भी संवाददाताओं को दिखाया।  रागिनी ने कहा – ”भाजपा कहती है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। लेकिन उत्तर प्रदेश में बेटियों के खिलाफ बलात्कार और उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं। उन्नाव और चिन्मयानंद मामले मोदी सरकार और योगी सरकार की संवेदनहीनता को दिखाते हैं।”

सोपोर में एलईटी आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के सोपोर में एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बुद्धवार को एलईटी के एक आतंकी को मार गिराया। सुरक्षाबलों को यह बड़ी कामयाबी तब हाथ लगी जब उन्हें आतंकी के वहां छिपे होने की जानकारी मिली जिसके बाद आपरेशन चलाकर उसे ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षाबलों ने सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह आतंकी छिपे होने की जगह को घेर लिया। इसके बाद वहां तलाशी का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, इसी दौरान छिपे आतंकी ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

अभियान को सेना की २२ राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवानों ने साझे रूप से चलाया। इलाके की घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान जब आतंकी ने उनपर गोलीबारी शुरू की तो सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे ढेर कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया है।

कश्मीर आतंकी हमले में चार घायल

उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में शनिवार को आतंकवादियों के एक मकान पर किये गए हमले में एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। इनमें एक बच्ची भी शामिल है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल ने घायल बच्ची के हर संभव इलाज का निर्देश प्रशासन को दिया है। ख़बरों के मुताबिक आतंकियों के इस हमले में परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा – ”आतंकवाद के इस बेरहम कृत्य में, आतंकवादियों ने सोपोर के डांगेरपोरा गांव में गोलीबारी की और बच्ची उस्मा जान सहित चार लोगों को घायल कर दिया।’’

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बनी है। प्रवक्ता ने कहा – ”पुलिस घटना के बाद मौके पर पहुँची और हालात का जायजा लिया। जांच जारी है।’’

इस बीच पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर पर सुबह करीब पौने आठ बजे मार्टार दागे गए और गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। आखिरी खबर मिलने तक दोनों ओर से गोलाबारी जारी थी।

चंद्रयान-२ ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा के काट रहा है सफलतापूर्वक चक्कर

शनिवार तड़के की निराशा के बावजूद अच्छी खबर यह है कि चंद्रयान-२ ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा का सफलतापूर्वक चक्कर काट रहा है। वैज्ञानिकों को अभी भारत के मून लैंडर विक्रम की स्थिति और भविष्य में उसके पुनर्जीवित होने को लेकर भले कोई जानकारी नहीं है, उनका यह साफ़ कहना है कि चंद्रयान-२ मिशन का बड़ा हिस्सा  अभी काम करने की स्थिति में है।

दरअसल अंतिम समय में संपर्क टूटने से मून लैंडर विक्रम को लेकर स्थति स्पष्ट नहीं है। वैज्ञानिकों को अभी यह जानकारी नहीं है कि यह दुर्घटनाग्रस्त हुआ है या उससे सिर्फ संपर्क टूटा है। यह पता नहीं नहीं कि उसकी क्रैश लैंडिंग हुई या सॉफ्ट लैंडिंग।

करीब ९७८ करोड़ रुपये लागत वाले चंद्रयान-२ मिशन को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने आना बाकी है। इस सम्भावना (चमत्कार) से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि यह सुरक्षित लैंड हुआ हो और सिर्फ संपर्क सिस्टम फेल हुआ हो और विक्रम लैंडर जानकारियां भेजनी शुरू कर दे।

वैसे चंद्रयान-२ ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा का सफलतापूर्वक चक्कर काट रहा है। इसमें करीब २९० किलो फ्यूल है जिससे यह कमसे कम एक साल और एक्सटेंड करके दो साल तक वहां रहकर अपना काम कर सकता है। ऑर्बिटर चंद्रमा की तस्वीरें धरती पर भेज सकता है। ऐसे में यदि संयोगवश यह लैंडर की तस्वीर भी भेज दे तो उसकी स्थिति की जानकारी भारतीय वैज्ञानिकों को मिल सकती है।

याद रहे यह भारत का चंद्रयान -१ ही था जो २००८ में ही चाँद पर पानी होने की सम्भावना के चित्र भेज कर दुनिया को बड़ी जानकारी दे चुका है। चंद्रयान-२ अंतरिक्ष यान में तीन खंड हैं -ऑर्बिटर (२३७९ किलो, आठ पेलोड), विक्रम (१४७१ किलो, चार पेलोट) और प्रज्ञान (२७ किलो, दो पेलोड)। विक्रम दो सितंबर को आर्बिटर से अलग हो गया था।
इससे पहले सुबह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के सिवन ने संपर्क टूटने की घोषणा करते हुए कहा कि चंद्रमा की सतह से २.१ किलोमीटर पहले तक लैंडर का प्रदर्शन योजना के अनुरूप था। उन्होंने कहा कि उसके बाद उसका संपर्क टूट गया।

इसरो के टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क केंद्र के स्क्रीन पर देखा गया कि विक्रम अपने निर्धारित पथ से थोड़ा हट गया और उसके बाद संपर्क टूट गया। लैंडर बड़े ही आराम से नीचे उतर रहा था, और इसरो के अधिकारी नियमित अंतराल पर खुशी जाहिर कर रहे थे। लैंडर ने सफलतापूर्वक अपना रफ ब्रेक्रिंग चरण को पूरा किया और यह अच्छी गति से सतह की ओर बढ़ रहा था।  वैज्ञानिक के अनुसार, लैंडर का नियंत्रण उस समय समाप्त हो गया होगा, जब नीचे उतरते समय उसके थ्रस्टर्स को बंद किया गया होगा और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया होगा, जिसके कारण संपर्क टूट गया।
इसरो ने कहा – ”यह मिशन कंट्रोल सेंटर है। विक्रम लैंडर योजना अनुरूप उतर रहा था और गंतव्य से २.१ किलोमीटर पहले तक उसका प्रदर्शन सामान्य था। उसके बाद लैंडर का संपर्क जमीन पर स्थित केंद्र से टूट गया। डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।”

खुद पीएम मोदी ने इस मौके पर रतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नियंत्रण कक्ष से राष्ट्र को संबोधित किया।  मोदी ने वैज्ञानिकों से कहा – ”आप वो लोग हैं जो मां भारती के लिए, उसकी जय के लिए जीते हैं। आप वो लोग हैं जो मां भारती के लिए काम कर रहे हैं।” पीएम को कार तक छोड़ने जाते हुए इसरो प्रमुख रो पड़े और पीएम ने उन्हें ढ़ाढस बधाया।

चिदंबरम को झटका, अग्रिम जमानत याचिका ख़ारिज

आईएनएस मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम को सर्वोच्च न्यायालय में गुरूवार को बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)  मामले में चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।  दूसरी ओर, उच्चतम न्यायालय ने चिदंबरम को सीबीआई की दर्ज आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत के गैर जमानती वारंट, हिरासत संबंधी आदेशों के खिलाफ दायर अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी।

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि अग्रिम जमानत को किसी को उसके अधिकार के तौर पर नहीं दिया जा सकता। ये केस-टू-केस निर्भर करता है। सर्वोच्च अदालत ने यह भी कहा कि हमने ईडी की केस डायरी को देखा है और हम उनके इस दावे से सहमत हैं कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

सर्वोच्च अदालत ने कहा कि हम ईडी की उस बात से सहमत हैं कि मनी ट्रेल को उजागर करना जरूरी है। अदालत ने कहा कि ईडी ने सीलबंद लिफाफे में कुछ दस्तावेज दिए थे, परंतु हमने उन्हें नहीं देखा।

दूसरी ओर, उच्चतम न्यायालय ने चिदंबरम को सीबीआई की दर्ज आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत के गैर जमानती वारंट, हिरासत संबंधी आदेशों के खिलाफ दायर अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति आर भानुमति और न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना की पीठ ने चिदंबरम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के यह कहने के बाद याचिका वापस लेने की अनुमति दी कि ”हमने याचिका बिना शर्त वापस लेने का निर्णय किया है।”

इसके बाद चिदंबरम ने सीबीआई की दर्ज आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत के गैर जमानती वारंट, हिरासत संबंधी आदेशों के खिलाफ अपनी याचिका वापस ले ली।

गौरतलब है कि चिदंबरम की १५ दिन की सीबीआई हिरासत गुरुवार को ही खत्म हो रही है। ऐसे में प्रवर्तन निदेशालय आज ही उन्हें गिरफ्तार कर सकती है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

शीर्ष अदालत ने चिदंबरम की वह अर्जी भी खारिज कर दी जिसमे यह अनुरोध किया गया था कि तीन तारीखों पर उनसे की गयी पूछताछ की लिपि पेश करने का प्रवर्तन निदेशालय को निर्देश दिया जाये। न्यायालय ने कहा कि उसे मुकदमे की सुनवाई शुरू होने से पहले ही केस डायरी का अवलोकन करने का अधिकार है, परंतु उसने प्रवर्तन निदेशालय के सीलबंद लिफाफे में पेश दस्तावेजों का अवलोकन करने से गुरेज किया है क्योंकि इससे दूसरे अभियुक्तों मामला प्रभावित हो सकता था।

बटाला पटाखा फैक्टरी में आग, १६ की मौत

पंजाब में एक बड़े हादसे में कम से कम १६ लोगों की मौत हो गयी है। यह हादसा सूबे के गुरदासपुर जिले में बटाला की एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका से हुआ। अभी तक १६ लोगों के शव घटनास्थल से मिले हैं।

धमाके में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिससे मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बटाला में पटाखा फैक्ट्रियों की दो इमारतों में धमाके की वजह से आग लग गई। इन दोनों इमारतों में अभी भी ४० से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है।
धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आस पास के लोग भी आवाज सुनकर दहशत में आ गए। उनमें से कई को लगा कि कोइ आतंकी वारदात तो नहीं हो गयी। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके के बाद स्थानीय प्रशासन के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के जवान बड़ी तादाद में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आग लगने की खबर सुनते ही घटनास्थल पर दमकल की कई गाड़ियां वहां पहुंच गए।

घटनास्थल पर जानकारी के मुताबिक धुंआ तेज होने की वजह से लोगों को बाहर इमारतों से निकालने में मुश्किल हो रही है। आस पास के लोग भी इस धमाके से प्रभावित हुए हैं।

सेना ने पूछा – चाय कैसी है, पाक आतंकी बोला – बहुत अच्छी है

भारतीय सेना ने पिछले दिनों लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को पकड़ा है। बुधवार को इन आतंकियों का कन्फेशन वीडियो सेना ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके जारी किया। इसमें दोनों खुद के पाकिस्तानी नागरिक होने की बात कबूल रहे हैं।

 वीडियो में एक को चाय पीते हुए दिखाया गया है। सेना का एक व्यक्ति इस आतंकी से पूछता है – ”चाय कैसी लगी”। आतंकी जवाब देता है – ”चाय बहुत अच्छी लगी। सेना ने इन दोनों आतंकियों को २२ अगस्त को पकड़ा था। चिनार कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एडीजी मुनीर खान ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आतंकियों को २२ अगस्त की देर रात बारामूला से गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पकड़े गए आतंकी का वीडियो भी जारी किया गया।

इन आतंकियों की पहचान खलील अहमद और मोजाम खोखर के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि घाटी में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिश की जा रही है। पाकिस्तान कश्मीर में अशांति फैलाना चाहता है। पाक की सेना आतंकियों की मदद कर रही है। लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने कहा कि कई आतंकी घुसपैठ की कोशिश में हैं।

उन्होंने कहा – ”पूछताछ में लश्कर के आतंकियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार आतंकी कश्मीर में अशांति फैलाने और हमले करने की योजना बना रहे हैं।”

शैलजा हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त

हरियाणा  में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में बुधवार को कुमारी शैलजा को हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वहीं कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता और राज्य चुनाव समिति का अध्यक्ष  नियुक्त किया है।

मानसून का तीसरा कहर

मुंबई, नवीमुंबई, ठाणे और पालघर इलाके में सोमवार रात से जारी मूसलाधार बरसात के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम महकमे ने मुंबई, ठाणे, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और पालघर इलाक़े में एहतियातन आरेंज अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश के चलते मुंबई और उपनगर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। हमेशा की तरह किंग सर्कल , सायन,धारावी, दादर ,भारत माता ,सांताक्रुज ,पवई, ठाणे, तुरभे ,पनवेल, नालासोपारा, और पालघर जलमग्न हो गए हैं। ठाणे और नवी मुंबई में भी वैडनसडे सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

स्कूल-कॉलेज बंद

बीएमसी ने भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों में बुधवार को छुट्टी की घोषणा कर दी है। निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन स्कूलों में बच्चे पहुंच चुके हैं, मैनेजमेंट उनकी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उनके घर पहुंचाएं।

लाईफ लाईन लोकल रेल प्रभावित, फ्लाइट्स भी लेट
वेस्टर्न, सेन्ट्रल और हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेनें चार-पांच घंटे लेट चल रही हैं। पटरियों पर पानी भर जाने की वजह से कयी ट्रेनें कैंसल भी की गई हैं। यात्री फंसे हुए हैं। जलजमाव के कारण बीईएसटी के बसों को डायवर्ट किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार फ्लाइट्स 15-20 मिनट देरी से उड़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों को समंदर से दूर रहने की सलाह दी है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।

भारी बारिश की वजह से मुंबई और आसपास के इलाकों का जनजीवन अस्त-व्यस्त तो हुआ ही है लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर गणेश उत्सव मंडल पर पड़ा है। आज गणेशजी के आगमन का तीसरा दिन है। कल डेढ़ दिन की गणपति के विसर्जन के दौरान लोग भीगते रहे लेकिन आज भारी बारिश की वजह से सड़को मैं पानी भर गया है और गणेश पंडाल भी पानी में डूबे से नजर आ रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन ने सभी गणेश मंडलों को सतर्क रहने की अपील की है कि वह गणेश भक्तों की सुरक्षा का पूरा ध्यान दें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होंँ। बृहन्मुम्बई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति ने भी सभी गणेश मंडलों से अपील की है कि एहतियातन तौर पर भारी बारिश को देखते हुए मंडल की लाइट-बिजली बंद रखें।