
— रिपोर्ट: प्रिया तिवारी, तहलका
जेन-जी (Gen-Z) का अंदाज ही कुछ अलग है। ये पीढ़ी त्योहारों को भी अपने स्टाइल में सेलिब्रेट करना जानती है। अब चाहे फैशन हो, दोस्ती हो या फिर गरबा खेलने का अंदाज… हर चीज में कुछ नया और हटके देखने को मिल रहा है।
समाज की सोच से थोड़ा अलग हटकर अपने अंदाज में जिंदगी जीने वाले जैन जी का यही अनोखा अंदाज अब गरबा नाइट में भी नजर आ रहा है। इस बार गरबा खेलने के लिए पार्टनर न होने का बहाना नहीं चलेगा, क्योंकि सोशल मीडिया पर ‘रेंट गरबा पार्टनर’ का एक नया ट्रेंड चर्चा में है।
यानी अगर आप हर साल सिर्फ इसलिए गरबा नहीं खेल पाते कि आपके पास कोई पार्टनर नहीं है, तो अब आपके लिए भी एक नया जुगाड़ सामने आ गया है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि वायरल पोस्ट में किए गए ऑफर और उनकी वास्तविक उपलब्धता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गरबा पार्टनर चाहिए? सिल्वर से प्लैटिनम तक पैकेज तैयार!
नवरात्रि करीब है और गरबा नाइट को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। कोई अपने दोस्तों के साथ प्लान बना रहा है, तो कोई पहले से ही गरबा पार्टनर तय कर चुका है। लेकिन जिनके पास अभी तक पार्टनर नहीं है, उनके लिए इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही एक पोस्ट खासा ध्यान खींच रही है।
इस पोस्ट में ‘रेंट गरबा पार्टनर’ के नाम से तीन तरह के पैकेज बताए गए हैं। सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम। इनकी कीमत ₹1,000 से ₹2,000 के बीच बताई जा रही है।
अब सवाल ये है कि इन पैकेज में आखिर क्या-क्या मिल रहा है?
सिल्वर पैकेज – ₹1,000
बजट में गरबा पार्टनर चाहिए तो सिल्वर पैकेज का ऑफर दिया गया है।
- 2 घंटे तक गरबा खेलने का साथ
- मैचिंग कपड़ों को लेकर सलाह
- शुरुआती डांस स्टेप्स सीखने में मदद
- साथ में एक शानदार सेल्फी का दावा
यानी कम बजट में गरबा, डांस और सेल्फी का कॉम्बो!
गोल्ड पैकेज – ₹1,500
गोल्ड पैकेज में मस्ती के साथ सोशल मीडिया कंटेंट का भी ध्यान रखा गया है।
- 4 घंटे तक गरबा पार्टनर का साथ
- वीडियो और रील्स शूट करने की सुविधा
- दोस्तों के बीच शेयर करने के लिए मजेदार और क्यूट बैकस्टोरी बनाने का ऑफर
मतलब गरबा भी होगा और इंस्टाग्राम के लिए कंटेंट भी तैयार!
प्लैटिनम पैकेज – ₹2,000
अब बात करते हैं सबसे चर्चित प्लैटिनम पैकेज की। इसमें गरबा नाइट को और खास बनाने वाले कई ऑफर बताए गए हैं।
- पूरे दिन या रात साथ रहने का दावा
- प्रो लेवल के डांस मूव्स
- भीड़ में दुपट्टा और झुमका संभालने में मदद
- इवेंट के बाद सुरक्षित घर तक छोड़ने का प्रॉमिस
यानी गरबा पार्टनर के साथ डांस से लेकर सेफ्टी तक, हर चीज का पैकेज तैयार।
Gen-Z का फेस्टिव सीजन… अब गरबा भी गिग इकॉनमी के अंदाज में!
जेन-जी के लिए त्योहार सिर्फ पूजा-पाठ या परंपराओं तक सीमित नहीं हैं। वे इन्हें मस्ती, फैशन, दोस्ती और सोशल मीडिया के साथ जोड़कर नए अंदाज में सेलिब्रेट करना पसंद करते हैं।
गरबा पार्टनर रेंट पर लेने का यह वायरल आइडिया भी इसी बदलती सोच की एक झलक पेश करता है। पंडाल में अकेले जाने की झिझक हो, डांस सीखने की इच्छा हो या इंस्टाग्राम के लिए शानदार रील बनाने का क्रेज… इस तरह के ऑफर युवाओं के लिए एक दिलचस्प चर्चा का विषय बन गए हैं।
हालांकि, वायरल पोस्ट में बताए गए पैकेज और सुविधाओं की वास्तविकता की पुष्टि नहीं हुई है।
तो इस नवरात्रि अगर आपके पास गरबा पार्टनर नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं… कम से कम सोशल मीडिया पर तो इसका जुगाड़ निकल ही आया है!
अब सवाल ये है कि क्या आप गरबा पार्टनर रेंट पर लेंगे या फिर सिंगल ही डांडिया घुमाएंगे?


