नई दिल्ली: दिल्ली में NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष Akshay Lakra के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से रायसीना रोड की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और NTA के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

PC: Naveen Bansal
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष Akshay Lakra ने कहा कि जब से NTA बनी है, तब से परीक्षा प्रणाली पर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उनका कहना था कि लाखों छात्र सालों मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देती हैं।
Akshay Lakra ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि NEET का पेपर रद्द कर देना ही समाधान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई वर्षों में कई बड़े पेपर लीक हुए हैं और इससे छात्रों में भारी निराशा फैली है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan इस्तीफा दें, छात्रों को मुआवजा मिले और पूरे मामले की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से जांच कराई जाए। साथ ही NTA की जगह किसी दूसरी सरकारी एजेंसी से परीक्षा कराने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी Havran Kansana, राष्ट्रीय सचिव Ehsaan Ahmed, समेत अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं दूसरी ओर, Akhil Bhartiya Vidyarthi Parishad (ABVP) ने भी दिल्ली स्थित NTA मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है और इससे लाखों छात्रों की मेहनत पर असर पड़ा है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।
ABVP ने यह भी कहा कि परीक्षा प्रबंधन में निजी एजेंसियों पर निर्भरता चिंता का विषय है। संगठन का मानना है कि संवेदनशील परीक्षाओं की जिम्मेदारी पूरी तरह सुरक्षित और जवाबदेह व्यवस्था के तहत होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




