
रिपोर्टर प्रिया तिवारी
केरल के त्रिशूर में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कैपमंगलम के पास पनमपिक्कुन्नू में एक कार सड़क निर्माण कार्य के चलते खड़ी लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार आठ लोगों की जान चली गई।
रात 11:40 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 11:40 बजे कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन सड़क पर खड़ी लॉरी में कार जा लगी। जिसकी वजह से कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
मृतक तमिलनाडु के छात्र होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी में सभी के तमिलनाडु के छात्र होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। और सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
