Kedarnath में सुरक्षा में बड़ी चूक? टेंट से बरामद हुईं बंदूकें और धारदार हथियार

केदारनाथ सुरक्षा अलर्ट: चेकिंग अभियान में हुआ बड़ा खुलासा, रायबरेली का युवक केदारनाथ में हथियारों के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने बताया मानसिक अस्वस्थ…

केदारनाथ यात्रा के बीच सुरक्षा कड़ी: चेकिंग अभियान में हुआ बड़ा खुलासा; रायबरेली का युवक केदारनाथ में हथियारों के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने बताया मानसिक अस्वस्थ…
केदारनाथ यात्रा के बीच सुरक्षा कड़ी: चेकिंग अभियान में हुआ बड़ा खुलासा; रायबरेली का युवक केदारनाथ में हथियारों के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने बताया मानसिक अस्वस्थ…

तहलका डेस्क।

केदारनाथ, 7 मई 2026। बाबा केदार के दर्शन के लिए इन दिनों लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसी बीच धाम में एक संदिग्ध युवक के पास से बंदूकें और धारदार हथियार मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद धाम क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने अपने बयान में उसे खिलौना बंदूक बताया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दिन केदारनाथ धाम में युवक के पास से बंदूक जैसी वस्तु और धारदार हथियार मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने मामले को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि यह कार्रवाई सघन चेकिंग अभियान के दौरान हुई। केदारनाथ के सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि 6 मई की शाम सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम ने टेंटों का निरीक्षण किया, जहां एक संदिग्ध युवक के पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में युवक रायबरेली, उत्तर प्रदेश का निवासी पाया गया। पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।पुलिस ने स्पष्ट किया कि बरामद बंदूकें वास्तविक नहीं बल्कि खिलौना थीं। मामले में पूछताछ जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं बिना वैध पहचान पत्र के युवक को ठहराने वाले टेंट संचालक के खिलाफ भी नियम उल्लंघन के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। यदि धाम में हर स्तर पर सघन जांच और चेकिंग की व्यवस्था लागू है, तो फिर युवक बंदूक जैसी वस्तुएं लेकर घोड़ा पड़ाव तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।