बंगाल के मदरसे में ED की बड़ी कार्रवाई, ₹40 लाख नकद और 180 ग्राम सोने के सिक्के जब्त

कोलकाता/नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और आतंक वित्तपोषण नेटवर्क की जांच के तहत पश्चिम बंगाल के एक मदरसे समेत 5 राज्यों में कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल के हरोरा अल-जामियातुल इस्लामिया दारुल उलूम मदरसे से ₹40 लाख नकद और करीब 180 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए गए।

ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि एक संगठित नेटवर्क अवैध रूप से बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की भारत में घुसपैठ, उनके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में बसाने का काम कर रहा था।

छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में कुल 13 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली गई। ईडी का दावा है कि जांच में कुछ ट्रस्टों और संस्थाओं के माध्यम से विदेश से प्राप्त धन के कथित दुरुपयोग और उसे विभिन्न बैंक खातों व नकद लेन-देन के जरिए संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने के संकेत मिले हैं।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि मदरसे से बरामद नकदी और सोने के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज या स्पष्टीकरण नहीं दिया जा सका, जिसके बाद उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जब्त कर लिया गया। एजेंसी अब जब्त दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर धन के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल इस मामले में जांच जारी है। ईडी का कहना है कि जांच का उद्देश्य कथित वित्तीय नेटवर्क, विदेशी फंडिंग और अवैध घुसपैठ से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करना है। एजेंसी ने अभी तक इस कार्रवाई के संबंध में किसी गिरफ्तारी की घोषणा नहीं की है।