रिपोर्टर प्रिया तिवारी
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत आज 31 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं वाली दिल्ली की वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के बाद अब यह साफ होगा कि कितने नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल हैं और कितने नाम बाहर किए गए हैं।
करीब 97.5 लाख नाम ड्राफ्ट रोल में होने की उम्मीद
पुनरीक्षण के बाद करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल होने की उम्मीद है। वहीं करीब 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं होंगे। इन मतदाताओं को ASDDO श्रेणी में रखा गया है।
ASDDO का मतलब है—Absent, Shifted, Dead, Duplicate और Others। यानी ऐसे मतदाता जो अनुपस्थित मिले, स्थानांतरित हो चुके हैं, मृत पाए गए हैं, डुप्लीकेट हैं या अन्य कारणों से सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।
नाम छूटा तो 30 सितंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, उन्हें दावा-आपत्ति दाखिल करने का मौका मिलेगा। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी।
इस दौरान मतदाता अपने नाम को लेकर दावा पेश कर सकेंगे और जरूरी दस्तावेज या जानकारी उपलब्ध कराकर सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
नाम नहीं है तो क्या करें
अगर आपका पता बदल गया है, तो भी आप नए पते के साथ फॉर्म 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह काम ऑनलाइन भी राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल/Voter Helpline App पर या ऑफलाइन अपने क्षेत्र के बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय जाकर किया जा सकता है।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में फॉर्म 6 के साथ आपको एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और प्रस्तावित दस्तावेज़ों की कॉपी लगानी होगी। उम्र यानी भारत में जन्म होने और तिथि का प्रमाण देने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, या 10वीं/12वीं की मार्कशीट में से कोई एक।
आवासीय पते का प्रमाण देने के लिए बिजली/पानी/गैस का बिल, बैंक या पोस्ट ऑफिस की पासबुक, रेंट एग्रीमेंट, या रजिस्ट्री के कागजात में से कोई एक देना होगा।
आपके आवेदन के बाद बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ आपके दस्तावेजों की जांच और सत्यापन करेंगे। सब कुछ सही पाए जाने पर आपका नाम 4 नवंबर 2026 को जारी होने वाली फाइनल वोटर लिस्ट में जोड़ दिया जाएगा।
किसी भी सहायता के लिए आप चुनाव आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल भी कर सकते हैं।
लिस्ट में ऐसे चेक कर सकते हैं अपना नाम
चुनाव आयोग के अनुसार, 31 अगस्त को पब्लिश होने वाली ड्राफ्ट इलेक्ट्रोल रोल में वोटर नाम की स्थिति देख सकते हैं। यह लिस्ट आधिकारिक वेबसाइट ceodelhi.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, वोटर्स अपने रजिस्ट्रेशन की स्थिति जानने और अन्य सेवाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग के वोटर्स सर्विस पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप ECINET का भी उपयोग कर सकते हैं।
दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस संभव
ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही मतदाता सूची की आगे की जांच और सत्यापन का काम शुरू होगा। किसी मतदाता के दस्तावेज या विवरण में विसंगति पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी दिया जा सकता है। प्रशासन दावा-आपत्तियों और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार करेगा।
4 नवंबर को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
SIR की पूरी प्रक्रिया के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को जारी किए जाने का कार्यक्रम है। ऐसे में आज जारी होने वाली ड्राफ्ट लिस्ट दिल्ली के मतदाताओं के लिए अहम होगी। मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांच लें।




