
स्नेहलता चौरसिया | नई दिल्ली
8 IPS अफसरों समेत 18 ACP के तबादले और नई तैनाती
दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। राजधानी में 8 आईपीएस अफसरों समेत कुल 18 एसीपी के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि बाहर से आए 2023 और 2024 बैच के आठ आईपीएस अधिकारियों को अलग-अलग सब-डिविजन की जिम्मेदारी दी गई है।
नई तैनाती के बाद कई अहम इलाकों में पुलिस की कमान अब नए अधिकारियों के हाथ में होगी। अधिकारियों को ऐसे इलाकों की जिम्मेदारी दी गई है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए अहम माना जाता है।
किस अधिकारी को कहां की जिम्मेदारी?
एसीपी गौरव कुमार त्रिपाठी को नंद नगरी, सिद्धार्थ सिंह को लाजपत नगर, तेनजिन यांगिकी को कल्याणपुरी और श्रीकेश कुमार राय को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह गौरव सिंह को बवाना, हरनीत सिंह सूडान को डाबड़ी, कीर्ति यादव को सीआर पार्क और विनोद कुमार मीणा को जहांगीरपुरी सब-डिविजन भेजा गया है।
कई ACP की भी बदली जिम्मेदारी
फेरबदल में कई मौजूदा एसीपी की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। एसीपी डाबड़ी संजीव कुमार को सेंट्रल जिला पीजी सेल भेजा गया है। लाजपत नगर के एसीपी सकारिया मिहिर को साउथ ईस्ट जिले में ऑपरेशंस की जिम्मेदारी मिली है।
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के एसीपी रवि शंकर को नई दिल्ली जिला पीजी सेल और सीआर पार्क की एसीपी अपूर्वा वर्मा को साउथ जिला पीजी सेल भेजा गया है।
ट्रैफिक, PCR और एयरपोर्ट सब-डिविजन में नई जिम्मेदारियां
इसके अलावा बवाना के एसीपी जोगिंदर सिंह को ट्रैफिक, नंद नगरी के एसीपी विजय कुमार को पीसीआर और कल्याणपुरी के एसीपी पवन कुमार को विवेक विहार सब-डिविजन की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, हौज खास के एसीपी ऋतुराज को पालम एयरपोर्ट और पालम एयरपोर्ट के एसीपी प्रदीप कुमार मीणा को हौज खास सब-डिविजन भेजा गया है।

