मोहिनी सेंगर | नई दिल्ली
घर के पास हुआ हमला
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में गुरुवार रात 22 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान वंश डेढ़ा के रूप में हुई है। वह ज्ञान वाटिका स्कूल के पास मौजूद था, तभी दो युवकों से कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया। हमले में वंश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कहासुनी के बाद बढ़ा मामला
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, वंश का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसका पीछा करते हुए स्कूल के पास पहुंचे और उस पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, वंश के शरीर पर चाकू के करीब 17 वार मिले। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में केशव कुमार नाम के 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दूसरे साथी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
परिवार ने लगाए पुराने विवाद के आरोप
हत्या की वजह को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मृतक के परिवार ने इसे पुराने पारिवारिक विवाद से जोड़ते हुए कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि वंश के ताऊ के बेटे के साले और उसके कुछ साथियों की वारदात में भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
CCTV से खुलेंगे वारदात के राज
मंडावली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में शामिल लोग वहां कैसे पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। पुलिस ने हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद करने की जानकारी दी है और तकनीकी जांच के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ रही है। फिलहाल एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और दूसरे की तलाश जारी है।




