
नई दिल्ली। इस वर्ष 15 अगस्त को मनाए जाने वाले भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष उत्सव प्रमुख आकर्षण होगा। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार का समारोह ‘युवा शक्ति – विकसित भारत 2047’ थीम पर आधारित होगा और इसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से करेंगे।
रक्षा सचिव ने बताया कि पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री के लाल किले पर पहुंचने के बाद ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। वर्ष 2026 में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इसे समारोह का विशेष हिस्सा बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष समारोह में युवा शक्ति की उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। विज्ञान, खेल, नवाचार और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को समारोह में आमंत्रित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पदक जीतने वाले विद्यार्थियों सहित कई युवा प्रतिभाओं को लाल किले की प्राचीर पर विशेष अतिथि के रूप में स्थान दिया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 8 अगस्त से 15 अगस्त तक देशभर के 343 प्रमुख स्थानों पर सेना, नौसेना, वायुसेना, तटरक्षक बल, एनसीसी तथा विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष प्रस्तुतियां देंगे।
समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर ‘वंदे मातरम् – 150 वर्ष’ का बैनर प्रदर्शित करेगा और उपस्थित लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में 27,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
