
नई दिल्ली। झारखंड में भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि झारखंड में छात्रों के साथ हो रही कथित पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे राजनीतिक चरित्र को उजागर करती है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाने की बात करते हैं, लेकिन झारखंड में, जहां कांग्रेस सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है, वहां छात्र आंदोलन पर उनकी पार्टी का रवैया अलग दिखाई देता है। उन्होंने कहा, “राहुल बाबा, छात्रों पर ऐसे अत्याचार मत कराइए।”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह की कार्रवाई हुई, उस पर कांग्रेस ने अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि यदि यही घटनाएं किसी भाजपा शासित राज्य में हुई होतीं तो विपक्ष का रवैया बिल्कुल अलग होता।
गौरतलब है कि झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन कई दिनों से जारी है। अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया की जांच, पारदर्शिता और भर्ती सुधारों की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और विधानसभा मार्च को लेकर प्रशासन ने कई स्थानों पर प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए।
इस बीच कांग्रेस पहले ही छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन जता चुकी है। राहुल गांधी ने हाल के दिनों में कहा था कि सरकारों को छात्रों की बात सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाने चाहिए।
