हिमाचल में बर्फबारी

फोटो - वासु अहलूवालिया

हिमाचल में शुक्रवार को इस सीजन की पांचवीं बार बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। राजधानी शिमला सहित किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार सुबह से बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी का जनजीवन पर विपरीत असर पड़ा है।

ताजा बर्फबारी से प्रदेश एक बार फिर से शीत लहर की चपेट में आ गया है। वहीं, लोगों को कड़ाके की ठंड से भी गुजरना पड़ रहा है। अभी-अभी हिमाचल की रिपोर्ट के मुताबिक ताजा बर्फबारी के बार प्रदेश के लोगों की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ गई है। ऊपरी शिमला का संपर्क राजधानी से कट गया है। शिमला जिला के कुफरी, ठियोग, नारकंडा, बागी, खदरला,कोटखाई, खड़ापत्थर, जुब्बल, हाटकोटी, रोहड़ू, चिड़गांव, डोडरा कवार, चौपाल, मार्ग अभी भी बंद हैं। उधर, कुल्लू व लाहुल-स्पीति में बीती रात से ताजा बर्फबारी का दौर लगातार चल रहा है। रोहतांग दर्रे में पांच फीट और केलंग में करीब दो फुट ताजा बर्फबारी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है।

मौसम विभाग ने २६ जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है और दो दिन तक भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। ज़िला प्रशासन की ओर से  पूरे ज़िला में किया अलर्ट जारी किया है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। पर्यटकों और ट्रेक्टरों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने पर मनाही है।

हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं जिससे कोई जान माल का नुकसान न हो सके। किसी भी आपदा के लिए १०७७ नंबर पर सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।

मंडी जिला के शिकारी देवी मंदिर परिसर और कमरूनाग में भी लगभग पांच  फीट बर्फ गिरी है। सिराज के शैटाधार में भी  बर्फबारी का दौर चला हुआ है। इसके अलावा  जंजैहली में करीब एक फुट,  तांदी एक फुट तूनाग में करीब आठ इंच, बक्सर में चार इंच बर्फबारी की खबर है।