स्मृति ईरानी की भाजपा में महत्वपूर्ण पद पर वापसी, नितिन नबीन की टीम में बनीं राष्ट्रीय महासचिव

भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी की लंबे समय बाद भाजपा में महत्वपूर्ण पद पर वापसी हुई है। 2026 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद स्मृति भाजपा की महत्वपूर्ण निर्णय प्रक्रिया से बाहर थीं। अब नितिन नबीन की टीम में उन्हें भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। यह पहली बार है जब किसी पार्टी अध्यक्ष के बाद सबसे महत्वपूर्ण पद माने जाने वाले महासचिव के पद पर स्मृति ईरानी को शामिल किया गया है।

2014 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल करते हुए शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, बाद में मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उन्हें अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण माने जाने वाले कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।

स्मृति ईरानी भाजपा के स्टार चुनाव प्रचारकों में शामिल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी संगठन में उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। अब उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पार्टी ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इसके जरिए अगले साल होने वाले पंजाब और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।

स्मृति ईरानी मूल रूप से पंजाब की रहने वाली हैं और उन्हें उत्तर प्रदेश के कोटे से राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।